Breaking News

अम्बिकापुर@करमा देखने निकले थे,रास्ते में मौत ने घेरा,तीन युवकों की मौत

Share


सडक हादसों में दो सगे भाइयों समेत तीन की मौत अज्ञात वाहन की टक्कर से दो ने मौके पर तोड़ा दम


-संवाददाता-
अम्बिकापुर,16 अक्टूबर 2026 (घटती-घटना)। सरगुजा और सूरजपुर जिले में गुरुवार रात हुए सडक हादसों में दो सगे भाइयों समेत तीन युवकों की मौत हो गई। सूरजपुर जिले के तारा चौकी क्षेत्र में अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार दो भाइयों की मौके पर ही मौत हो गई। दोनों उदयपुर के डांडगांव में दसईं करमा देखने जा रहे थे। वहीं,उदयपुर थाना क्षेत्र में करमा देखने पैदल जा रहे एक युवक को बाइक सवार ने टक्कर मार दी। गंभीर रूप से घायल युवक ने मेडिकल कॉलेज अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। पुलिस के अनुसार, सूरजपुर जिले के तारा चौकी क्षेत्र के ग्राम घटबर्रा निवासी सजन राम (24) और मुन्ना राम (21) पिता हरिलाल गुरुवार रात बाइक से डांडगांव में दसईं करमा देखने जा रहे थे। रात करीब 8 बजे एनएच-130 पर साल्ही और जनार्दनपुर के बीच जंगल में अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में दोनों भाइयों की मौके पर ही मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए प्रेमनगर अस्पताल भिजवाया। शुक्रवार दोपहर करीब 3 बजे पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिए गए। हादसे में दोनों युवकों ने हेलमेट नहीं पहना था। उनके सिर में गंभीर चोटें आई थीं।
सडक पर घायल पड़ा था छोटा भाई
दूसरा हादसा गुरुवार रात करीब 11 बजे उदयपुर थाना क्षेत्र के ग्राम डांडगांव मुख्य मार्ग पर प्रिंस होटल के पास हुआ। ग्राम दावा निवासी प्रदीप अगरिया (18) अपने दोस्तों आदित्य और दिव्यांशु के साथ पैदल दसईं करमा देखने जा रहा था। इसी दौरान बाइक सवार ने उसे टक्कर मार दी। हादसे में प्रदीप के सिर और शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोटें आईं। इसी दौरान पीछे से बाइक पर अपने साले बलेंदर और दोस्त गोलू के साथ करमा देखने जा रहे प्रदीप के बड़े भाई सतीश की नजर सडक पर लगी भीड़ पर पड़ी। वह बाइक रोककर पास पहुंचा तो उसका छोटा भाई घायल अवस्था में पड़ा था।
मेडिकल कॉलेज अस्पताल में मौत
डायल-112 की टीम की मदद से सतीश घायल प्रदीप को उदयपुर अस्पताल ले गया। प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उसे अंबिकापुर मेडिकल कॉलेज अस्पताल रेफर कर दिया। यहां देर रात इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। हादसे से परिजनों में शोक है।


Share

Check Also

सूरजपुर@सुव्यवस्थित और गरिमामय होगा सूरजपुर का दशहरा उत्सव,तैयारियों को लेकर सेवा समिति की बैठक

Share कलेक्टर रेना जमील की उपस्थिति में रूट निर्धारण,यातायात नियंत्रण और सुरक्षा व्यवस्था पर मंथन …

Leave a Reply