
कंवर समाज कल्याण समिति सूरजपुर की पहल,300 से अधिक मरीजों का निःशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण कर वितरित की गई दवाएं…
करौटी बी पंचायत भवन में श्रद्धांजलि सभा,विशाल रक्तदान शिविर एवं वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित
सूरजपुर 15 अक्टूबर 2026 (घटती-घटना)। वीर शहीद सीताराम कंवर की 168वीं शहादत दिवस पर कंवर समाज कल्याण समिति सूरजपुर द्वारा 11 अक्टूबर 2026 को ग्राम करौटी बी के पंचायत भवन में श्रद्धांजलि सभा, रक्तदान शिविर, निःशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण एवं वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया, कार्यक्रम में समाज के लोगों ने वीर शहीद सीताराम कंवर के छायाचित्र पर दीप प्रज्ज्वलित कर पुष्पांजलि अर्पित की और उनके आदर्शों पर चलने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के दौरान सामाजिक एकता, सेवा भावना और जरूरतमंदों की सहायता का संदेश दिया गया, अतिथियों ने समाज के लोगों से शहीद के आदर्शों को अपने जीवन में अपनाने तथा सामाजिक नियमावली का पालन करने की अपील की,वहीं,समाज के मुखियाओं ने वृक्षारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया, आयोजन में रक्तदान और स्वास्थ्य सेवा को विशेष महत्व दिया गया।
20 यूनिट रक्तदान,आठ वर्षोंसे जारी सेवा अभियान
कंवर समाज कल्याण समिति की ओर से प्रतिवर्ष की भांति इस वर्ष भी रक्तदान शिविर आयोजित किया गया, जिसमें समाज के लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए कुल 20 यूनिट रक्तदान किया,समिति के अनुसार,पिछले आठ वर्षों से लगातार जरूरतमंद मरीजों की सहायता के लिए रक्तदान किया जा रहा है,इस अवधि में समाज की ओर से जिला अस्पताल सूरजपुर के ब्लड बैंक को 300 यूनिट से अधिक रक्त उपलब्ध कराया जा चुका है,रक्तदान को जरूरतमंद मरीजों की सहायता का महत्वपूर्ण माध्यम बताते हुए समाज के लोगों ने इस सेवा परंपरा को आगे भी जारी रखने की प्रतिबद्धता दिखाई, रक्तदान करने वाले सभी दानदाताओं के योगदान की सराहना की गई।
300 से अधिक मरीजों का निःशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण
कार्यक्रम के अंतर्गत स्वास्थ्य विभाग की टीम ने 300 से अधिक मरीजों का निःशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण किया और उन्हें आवश्यकतानुसार दवाओं का वितरण किया, इस पहल से ग्रामीण क्षेत्र के लोगों को स्वास्थ्य जांच और उपचार संबंधी सलाह प्राप्त करने का अवसर मिला, स्वास्थ्य शिविर में डॉ. राजेश पैकरा, डॉ. यशोदा मिर्धा, डॉ. ऋषि पांडेय और डॉ. उज्ज्वल पाण्डेय सहित स्वास्थ्य विभाग के सदस्यों ने सेवाएं दीं, फार्मासिस्ट विनोद सिंह, स्टाफ नर्स गीतांजलि पैकरा, लैब टेक्नीशियन इंद्रभान सिंह तथा जय सिंह, कुलदीप सिंह, अशोक कुमार सिंह और विमला राजवाड़े सहित अन्य स्वास्थ्यकर्मियों ने भी सहयोग किया, समाज की ओर से स्वास्थ्य विभाग की टीम और रक्तदान करने वाले सभी रक्तदाताओं को प्रशस्ति प्रमाण पत्र प्रदान कर उनके योगदान के प्रति आभार व्यक्त किया गया।
शहीद के आदर्शों पर चलने का आह्वान
श्रद्धांजलि सभा में उपस्थित अतिथियों ने वीर शहीद सीताराम कंवर के छायाचित्र पर दीप प्रज्ज्वलित कर पुष्प अर्पित किए, वक्ताओं ने शहीद के आदर्शों को याद करते हुए समाज के लोगों से एकता, अनुशासन और सामाजिक जिम्मेदारियों के प्रति सजग रहने का आह्वान किया, कार्यक्रम में वृक्षारोपण के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया गया, समाज के मुखियाओं ने पौधे लगाकर प्रकृति के संरक्षण और आने वाली पीढि़यों के लिए बेहतर पर्यावरण तैयार करने की आवश्यकता पर जोर दिया, आयोजन में श्रद्धांजलि, रक्तदान, स्वास्थ्य परीक्षण और पौधरोपण जैसी गतिविधियों के माध्यम से सामाजिक सहभागिता और जनसेवा की भावना को आगे बढ़ाने का प्रयास किया गया।
समाज के पदाधिकारियों की रही उपस्थिति- कार्यक्रम की अध्यक्षता कंवर समाज सूरजपुर के जिलाध्यक्ष डॉ. राजेश पैकरा ने की, इस अवसर पर सरपंच रन्मानिया पैकरा, कार्यकारी अध्यक्ष रामवृक्ष पैकरा, समाज के प्रवक्ता मोतीलाल पैकरा, कोषाध्यक्ष महेश पैकरा, युवा प्रभाग के प्रदेश अध्यक्ष सत्यप्रकाश पैकरा, छात्र युवा प्रदेश अध्यक्ष अशोक पैकरा, सचिव रावेन्द्र पैकरा, हरिकेश्वर पैकरा, विजय पैकरा, शिवकुमार पैकरा, अशोक कुमार पैकरा, जिला संरक्षक रामसाय पैकरा, संरक्षक जय प्रकाश पैकरा और देवेंद्र पैकरा सहित समाज के अनेक पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे, कार्यक्रम में समाज के लोगों ने शहीद के प्रति श्रद्धा व्यक्त करते हुए जनसेवा के कार्यों को निरंतर आगे बढ़ाने की भावना जाहिर की।
जनसेवा के जरिए शहादत दिवस को बनाया सार्थक- वीर शहीद सीताराम कंवर की 168वीं शहादत दिवस पर आयोजित कार्यक्रम में श्रद्धांजलि के साथ रक्तदान, निःशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण, दवा वितरण और वृक्षारोपण जैसी गतिविधियां की गईं, पिछले आठ वर्षों में 300 यूनिट से अधिक रक्तदान का योगदान समाज की ओर से जरूरतमंद मरीजों की सहायता के लिए जारी प्रयासों को दर्शाता है, शहीद को श्रद्धांजलि अर्पित करने के साथ समाज ने सेवा, सहयोग और सामाजिक जिम्मेदारी का संदेश दिया, आयोजन के माध्यम से जरूरतमंदों की सहायता और सामाजिक सहभागिता की परंपरा को आगे बढ़ाने का प्रयास किया गया।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur