-संवाददाता-
अम्बिकापुर,15 अक्टूबर 2026 (घटती-घटना)। राजीव गांधी शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय,अंबिकापुर में विद्यार्थियों के शैक्षणिक और व्यावहारिक विकास के साथ आगामी सेमेस्टर परीक्षाओं की तैयारियां भी जारी हैं। एक ओर महाविद्यालय के विद्यार्थियों ने लखनपुर विकासखंड की कुन्नी ग्राम पंचायत का भ्रमण कर स्थानीय शासन और सामुदायिक विकास की प्रक्रियाओं को करीब से समझा, वहीं दूसरी ओर दिसंबर 2026 की सेमेस्टर परीक्षाओं का कार्यक्रम भी निर्धारित कर दिया गया है। परीक्षाएं 17 नवंबर से शुरू होकर 23 दिसंबर तक आयोजित की जाएंगी।
कुन्नी पंचायत पहुंचकर ग्रामीण विकास को करीब से जाना : महाविद्यालय के सोशल इनोवेशन एंड कम्युनिटी एंगेजमेंट सेल एवं मुहिम फाउंडेशन द्वारा जनपद पंचायत लखनपुर के सहयोग से यूथ लीडरशिप एंड कम्युनिटी एक्शन सर्टिफिकेट कोर्स के विद्यार्थियों के लिए एक दिवसीय एक्सपोजर विजिट आयोजित की गई। इसके तहत विद्यार्थियों ने कुन्नी ग्राम पंचायत का भ्रमण कर ग्रामीण जीवन,पंचायत की कार्यप्रणाली और सामुदायिक विकास से जुड़ी गतिविधियों की जानकारी प्राप्त की। भ्रमण के दौरान विद्यार्थियों ने पंचायत प्रतिनिधियों, स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं और विभिन्न सेवाओं से जुड़े अग्रिम पंक्ति के कार्यकर्ताओं से संवाद किया। इस दौरान उन्हें ग्रामीण आजीविका,सामाजिक कल्याण,बुनियादी सुविधाओं और स्थानीय समस्याओं के समाधान में पंचायत तथा समुदाय की भूमिका को समझने का अवसर मिला। इस पहल का उद्देश्य कक्षा में प्राप्त सैद्धांतिक ज्ञान को वास्तविक परिस्थितियों से जोड़ना और युवाओं में नेतृत्व क्षमता, सामाजिक संवेदनशीलता तथा नागरिक जिम्मेदारी विकसित करना था। महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. अनिल कुमार सिन्हा ने कहा कि शिक्षा केवल पुस्तकीय ज्ञान तक सीमित नहीं होनी चाहिए,बल्कि विद्यार्थियों को समाज और समुदाय की वास्तविक परिस्थितियों से जोड़ना भी जरूरी है।
जनपद पंचायत लखनपुर की मुख्य कार्यपालन अधिकारी खुशबू शास्त्री ने कहा कि युवाओं का गांव पहुंचकर स्थानीय शासन और ग्रामीण विकास की प्रक्रियाओं को समझना सकारात्मक पहल है। पंचायत,समुदाय और विभिन्न संस्थाओं की सहभागिता गांव के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। ऐसे अनुभव युवाओं को स्थानीय समस्याओं को समझने और उनके समाधान में योगदान देने के लिए प्रेरित करते हैं। सोशल इनोवेशन एंड कम्युनिटी एंगेजमेंट सेल के समन्वयक डॉ. दीपक सिंह ने कहा कि ग्राम पंचायत और सामुदायिक संस्थाओं के कामकाज को प्रत्यक्ष रूप से देखने से विद्यार्थियों की समझ व्यापक होती है। इससे उन्हें जिम्मेदार नागरिक और संवेदनशील नेतृत्वकर्ता बनने में मदद मिलती है। वहीं,मुहिम फाउंडेशन के संस्थापक एवं कार्यकारी निदेशक ऋषिकेश ने कहा कि समुदाय से सीधे जुड़ने से युवाओं में करुणा, नेतृत्व क्षमता और नागरिक जिम्मेदारी की भावना विकसित होती है।
महाविद्यालय में मुहिम फाउंडेशन के सहयोग से संचालित सर्टिफिकेट कोर्स के अंतर्गत विद्यार्थियों को युवा नेतृत्व, 21वीं सदी के कौशल,सामुदायिक सहभागिता, सामाजिक नवाचार और शोध जैसे विषयों पर सीखने का अवसर दिया जा रहा है। इसका उद्देश्य युवाओं को समुदाय से जोड़कर समावेशी और सहभागी समाज के निर्माण के लिए तैयार करना है।
17 नवंबर से शुरू
होंगी सेमेस्टर परीक्षाएं
इधर,महाविद्यालय में दिसंबर 2026 की सेमेस्टर परीक्षाओं का आयोजन 17 नवंबर से 23 दिसंबर तक किया जाएगा। परीक्षा में शामिल होने के लिए विद्यार्थियों के परीक्षा फॉर्म भरने की प्रक्रिया जारी है। फॉर्म भरने की अंतिम तिथि 20 अक्टूबर 2026 निर्धारित की गई है। महाविद्यालय प्रबंधन के अनुसार, परीक्षाओं से पहले आंतरिक मूल्यांकन की प्रक्रिया पूरी हो चुकी है। प्राचार्य प्रो. अनिल कुमार सिन्हा ने बताया कि विद्यार्थियों के हितों को ध्यान में रखते हुए परीक्षाएं समय पर आयोजित कराने का प्रयास किया जा रहा है, ताकि परीक्षा समाप्त होने के बाद विद्यार्थियों को एक सप्ताह का सेमेस्टर अवकाश मिल सके। इसके साथ ही अगले सेमेस्टर की कक्षाएं 1 जनवरी 2027 से शुरू करने की योजना है। महाविद्यालय प्रबंधन ने विद्यार्थियों से अपील की है कि वे निर्धारित अंतिम तिथि 20 अक्टूबर तक परीक्षा फॉर्म भरने की प्रक्रिया पूरी कर लें, जिससे परीक्षा में शामिल होने के दौरान किसी प्रकार की परेशानी न हो।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur