Breaking News

नई दिल्ली@प्रधानमंत्री ने लद्दाख में 3,350 करोड़ रुपये की पांच विकास परियोजनाओं का किया उद्घाटन

Share


हमारा ध्यान लद्दाख की नई पीढ़ी पर,केंद्र के लिए यहां का विकास प्राथमिकता : पीएम मोदी


नई दिल्ली,15 अक्टूबर 2026। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवार को कहा कि सरकार का ध्यान लद्दाख की नई पीढ़ी पर है, ताकि युवाओं को अच्छी शिक्षा मिले और उन्हें दूसरे शहरों पर निर्भर न रहना पड़े। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार के लिए लद्दाख का विकास प्राथमिकता है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने गुरुवार को लद्दाख में करीब 3,350 करोड़ रुपये की पांच विकास परियोजनाओं का वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से उद्घाटन किया। इनमें लेह एयरपोर्ट का नया पैसेंजर टर्मिनल,298 किलोमीटर लंबी निम्मू-पदुम-दरचा सड़क,9 मेगावाट का हानू हाइड्रोइलेक्टि्रक प्रोजेक्ट,बिजली ट्रांसमिशन लाइन,देश का पहला पेट्रोग्लिफ संरक्षण पार्क और 40 गांवों में बनाए गए जलाशय शामिल हैं। इन प्रोजेक्ट्स से लद्दाख में हवाई और सड़क कनेक्टिविटी बेहतर होगी।
मोदी ने कहा…विदेशी मेहमानों को लद्दाख की बनी चीजें देता हूं….
पीएम मोदी ने कहा…लद्दाख में खेलों की भी बहुत संभावनाएं हैं। यहां के युवाओं ने आइस हॉकी,पर्वतारोहण में नई पहचान बनाई है। यहां की खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने का प्रयास कर रहे हैं, ताकि युवा राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उपलब्धियां हासिल करें।
पीएम बोले…सरकारी सेवाओं तक पहुंच आसान हो…
पीएम मोदी ने कहा…सरकारी सेवाओं तक पहुंच आसान हो,स्थानीय उद्यमी देश-दुनिया से जुड़ सके,इसके लिए लगातार काम हो रहा है। हमारा ध्यान लद्दाख की नई पीढ़ी पर है। युवाओं को अच्छी शिक्षा मिले, उन्हें दूसरे शहरों पर निर्भर न रहना पड़े,यहां सेंटर ऑफ एक्सीलेंस बन रहा है।
मोदी ने कहा…पहली की सरकार ने लद्दाख के विकास पर ध्यान नहीं दिया
पीएम ने कहा…प्रोजेक्ट हिम सरोवर के तहत बने 40 तालाब भी लद्दाख के लोगों को समर्पित किए गए हैं। हमेशा से ये कहा जाता है कि लद्दाख में प्रकृति के कारण जीवन मुश्किल है। दुर्भाग्य से ऐसी परिस्थितियों के बावजूद पहले की सरकारों ने लद्दाख के विकास को प्राथमिकता नहीं दी। आज केंद्र के लिए यहां का विकास प्राथमिकता है। केंद्रशासित प्रदेश बनने के बाद यहां और भी ध्यान दिया गया है। आज यहां 4 हजार किमी सड़कों का नेटवर्क था। पहले यहां 19 बड़े पुल थे, आज इनकी संख्या 75 है। हैलिपेड 4 से बढ़कर 40 हो गए हैं। आज यहां के 99 फीसदी घरों तक नल से जल पहुंच चुका है। लद्दाख के अस्पतालों में बेड्स की संख्या भी दोगुनी हो चुकी है।
प्रधानमंत्री बोले…निम्मू-पदम-दारचा सड़क बनने से सफर 3 घंटे में होगा
पीएम ने कहा कि आज जिन अन्य परियोजनाओं का उद्घाटन किया गया है,उनमें निम्मू-पदम-दारचा सड़क भी है। इस पर 2500 करोड़ खर्च हुए हैं। जिस सफर में करीब 12 घंटे लगते थे, अब 3 घंटे लगेंगे।
पीएम ने कहा…लेह एयरपोर्ट पर उड़ानें 3 गुना तक बढ़ सकती हैं
प्रधानमंत्री ने जांस्कर में बर्फबारी के बावजूद लोगों के तिरंगा लहराने के उत्साह की तारीफ की। उन्होंने विभिन्न परियोजनाओं को पूरा करने वाले श्रमिकों और इंजीनियरों को भी बधाई दी। मोदी ने बताया कि लेह के कुशोक बकुला रिनपोछे एयरपोर्ट टर्मिनल का उद्घाटन किया गया है।
मोदी बोले…लद्दाख की प्रगति और विकास में एक और अध्याय जुड़ा
पीएम मोदी ने कहा- आज लद्दाख की प्रगति और विकास में एक और अध्याय जुड़ रहा है। मुझे खुशी है कि टेक्नोलॉजी के माध्यम से इसका हिस्सा बन रहा हूं। आज जिन परियोजनाओं से कई लोगों को सुविधा होगी।
40 गांवों में बने 40 जलाशय, किसानों को मिलेगा फायदा
प्रोजेक्ट अमृत हिम सरोवर के तहत लद्दाख के 40 गांवों में 40 जलाशय बनाए गए हैं। इनका उद्देश्य पानी जमा करके जरूरत के समय इस्तेमाल करना है। लद्दाख में बर्फ पिघलने से कुछ समय पर्याप्त पानी मिलता है,लेकिन खेती के लिए जरूरी बुवाई के दौरान इसकी कमी हो जाती है। जलाशयों में पानी जमा होने से किसानों को सिंचाई में मदद मिलेगी और उनकी आजीविका को सहारा मिलेगा। प्रधानमंत्री के मुताबिक, ये परियोजनाएं क्षेत्र के विकास और लोगों के जीवन स्तर को बेहतर बनाने में भी मदद करेंगी।
सिंधु घाट पर बनेगा देश का पहला पेट्रोग्लिफ संरक्षण पार्क
लेह के सिंधु घाट पर देश का पहला पेट्रोग्लिफ संरक्षण पार्क बनाया जाएगा। इसका उद्देश्य लद्दाख में मौजूद हजारों साल पुरानी शैलकलाओं और पत्थरों पर उकेरी गई आकृतियों को सुरक्षित रखना है। इन आकृतियों में इंसानों, वन्यजीवों और प्रतीकों के चित्र शामिल हैं, जो प्राचीन मानव जीवन और इतिहास की जानकारी देते हैं। पार्क से इन धरोहरों को नुकसान से बचाने, लोगों को जागरूक करने और जिम्मेदार पर्यटन को बढ़ावा देने में मदद मिलेगी।


Share

Check Also

नई दिल्ली@केंद्र ने पेट्रोल के निर्यात पर विंडफॉल टैक्स बढ़ाया,डीजल पर घटाया..

Share नई दिल्ली,16 अक्टूबर 2026। केंद्र सरकार ने शुक्रवार से शुरू होने वाले पखवाड़े के …

Leave a Reply