Breaking News

बैकुंठपुर@ सड़क और वन अधिकार के मुद्दे पर गोंडवाना गणतंत्र पार्टी का आंदोलन, 27 अक्टूबर से निकलेगी 100 किमी पदयात्रा

Share


28 अक्टूबर को बैकुंठपुर कलेक्ट्रेट घेराव की घोषणा, सोनहत क्षेत्र की जर्जर सड़कों और वनभूमि से जुड़े मामले को लेकर कलेक्टर को सौंपा सूचना पत्र
बैकुंठपुर 14 अक्टूबर 2026 (घटती-घटना)।
कोरिया जिले में सड़क निर्माण और वनभूमि से जुड़े मुद्दों को लेकर गोंडवाना गणतंत्र पार्टी ने आंदोलन का ऐलान किया है, पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष इंजीनियर संजय सिंह कमरों की ओर से कलेक्टर कोरिया को सौंपे गए सूचना पत्र के अनुसार, पार्टी 27 अक्टूबर 2026 से सोनहत ब्लॉक में 100 किलोमीटर की पदयात्रा एवं सांकेतिक शव यात्रा निकालेगी, इसके बाद 28 अक्टूबर को बैकुंठपुर स्थित कलेक्ट्रेट का घेराव कर आमसभा आयोजित की जाएगी और ज्ञापन सौंपा जाएगा।
सोनहत क्षेत्र की सड़कों की बदहाली का मुद्दा
सूचना पत्र में सोनहत ब्लॉक के रामगढ़ से आनंदपुर-गयोनी मार्ग तथा रामगढ़ से सेमरिया मार्ग की सड़कों की स्थिति पर सवाल उठाए गए हैं, पार्टी ने आरोप लगाया है कि ग्राम पंचायत रामगढ़, आनंदपुर, धनपुर, नटवाही, चुलादर, सलगवांकुड़, कटथी तथा सेमरिया मार्ग से जुड़े ग्राम पंचायतों और आश्रित गांवों में आजादी के बाद से अब तक सड़कों का अपेक्षित निर्माण नहीं कराया गया है, पत्र में ग्राम पंचायतों के अंतर्गत आने वाले गांवों का उल्लेख करते हुए सड़क समस्या के तत्काल निराकरण की मांग की गई है। पार्टी का कहना है कि ग्रामीण क्षेत्रों में आवागमन की सुविधा सुनिश्चित करने के लिए संबंधित मार्गों पर निर्माण कार्य कराया जाना चाहिए।
वनभूमि और क्षतिपूरक वनीकरण पर भी आपत्ति
गोंडवाना गणतंत्र पार्टी ने अपने सूचना पत्र में परसा ओपन कास्ट कोल माइंस के एवज में कोरिया वनमंडल के वन परिक्षेत्र पोड़ी-बचरा में स्वीकृत क्षतिपूरक वनीकरण से जुड़े कार्यों पर भी आपत्ति जताई है, पत्र के अनुसार, पार्टी का आरोप है कि इस कार्य में ग्रामसभा की अनुमति के बिना आदिवासियों की जमीन का उपयोग किया जा रहा है, पार्टी ने इसे संविधान के प्रावधानों के विपरीत बताते हुए संबंधित कार्य को तत्काल निरस्त करने की मांग की है, पत्र में यह भी कहा गया है कि संबंधित जमीन क्षेत्र के आदिवासियों के निस्तार के लिए उपयोग में आती है और इस मामले में सरकार तथा वन विभाग को हस्तक्षेप करना चाहिए।
27 अक्टूबर से पदयात्रा, अगले दिन कलेक्ट्रेट घेराव
पार्टी के सूचना पत्र के मुताबिक, 27 अक्टूबर 2026 को सोनहत ब्लॉक के त्रिवेणी गढ़घाट से 100 किलोमीटर की पदयात्रा एवं सांकेतिक शव यात्रा प्रारंभ की जाएगी, यात्रा उसी दिन देर रात सोनहत पहुंचेगी, इसके बाद 28 अक्टूबर को सोनहत से कूच कर बैकुंठपुर कलेक्ट्रेट पहुंचकर घेराव और आमसभा की जाएगीय। आंदोलन के दौरान ज्ञापन सौंपने की भी घोषणा की गई है, सूचना पत्र पर पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष इंजीनियर संजय सिंह कमरों के हस्ताक्षर हैं, इसकी प्रतिलिपि पुलिस अधीक्षक कोरिया को भी भेजे जाने का उल्लेख है।
प्रशासन के सामने उठेंगे ग्रामीण सुविधाओं व अधिकारों के सवाल
गोंडवाना गणतंत्र पार्टी ने इस आंदोलन के जरिए ग्रामीण सड़कों की स्थिति और आदिवासी समुदाय की जमीन से जुड़े मुद्दों को प्रशासन के सामने रखने की तैयारी की है, अब देखना होगा कि संबंधित विभाग इन मांगों पर क्या कदम उठाते हैं और प्रस्तावित आंदोलन के पहले सड़क निर्माण तथा वनभूमि से जुड़े आरोपों की जांच को लेकर कोई पहल होती है या नहीं।


Share

Check Also

बैकुंठपुर @ जेएनयू में छात्राओं से कथित यौन दुर्व्यवहार के मामले पर भाजपा महिला मोर्चा का प्रदर्शन

Share शिवपुर चरचा में रैली निकालकर जताया विरोध,महिलाओं के सम्मान सुरक्षा और निष्पक्ष जांच की …

Leave a Reply