Breaking News

अम्बिकापुर@ दुर्लभ एब्डोमिनल प्रेग्नेंसी का जटिल ऑपरेशन चकित्सकों ने महिला की बचाई जान

Share


-संवाददाता-
अम्बिकापुर,14 अक्टूबर 2026 (घटती-घटना)।
राजमाता देवेंद्र कुमारी सिंहदेव शासकीय चिकित्सा महाविद्यालय अंबिकापुर में चिकित्सकों की टीम ने दुर्लभ और जटिल एब्डोमिनल प्रेग्नेंसी का सफल ऑपरेशन किया है। 29 वर्षीय महिला पेट दर्द और अनियमित मासिक धर्म की शिकायत के साथ 9 अक्टूबर को अस्पताल में भर्ती हुई थी। सोनोग्राफी में बच्चेदानी के बाहर गर्भ होने का पता चला। इसके बाद महिला को ऑपरेशन के लिए लिया गया, जहां जांच के दौरान बच्चेदानी और मूत्राशय के बीच सेकेंडरी एब्डोमिनल प्रेग्नेंसी की दुर्लभ स्थिति सामने आई। प्रसूति एवं स्त्री रोग विभाग, एनेस्थीसिया विभाग और सर्जरी विभाग की संयुक्त टीम ने जटिल ऑपरेशन किया। ऑपरेशन के बाद महिला की स्थिति स्वस्थ बताई गई है। चिकित्सकों के अनुसार, इस तरह की गर्भावस्था अत्यंत दुर्लभ होती है और लगभग 10 हजार से 25 हजार गर्भावस्थाओं में एक मामला सामने आता है।
तीन विभागों की टीम ने संभाली जिम्मेदारी
ऑपरेशन में प्रसूति एवं स्त्री रोग विभाग की डॉ. अविनाशी कुजूर, डॉ. सोमिला खेस्स, डॉ. विजया सिंह और डॉ. सृष्टि शामिल रहीं। एनेस्थीसिया विभाग से डॉ. रूपक शर्मा, डॉ. अभिजीत और डॉ. संदीप तथा सर्जरी विभाग से डॉ. आनंद ने सहयोग दिया। इस जटिल ऑपरेशन की सफलता पर महाविद्यालय के अधिष्ठाता डॉ. अविनाश मेश्राम और चिकित्सा अधीक्षक डॉ. आरसी आर्या ने पूरी टीम को बधाई दी। उन्होंने कहा कि यह सफलता चिकित्सकों के आपसी समन्वय, विशेषज्ञता और समर्पित सेवाभाव का उत्कृष्ट उदाहरण है।


Share

Check Also

बैकुंठपुर @ जेएनयू में छात्राओं से कथित यौन दुर्व्यवहार के मामले पर भाजपा महिला मोर्चा का प्रदर्शन

Share शिवपुर चरचा में रैली निकालकर जताया विरोध,महिलाओं के सम्मान सुरक्षा और निष्पक्ष जांच की …

Leave a Reply