Breaking News

अम्बिकापुर@कलेक्टर का तीन विकासखंडों में दौरा,स्कूलों से गौधाम तक व्यवस्थाओं का लिया जायजा

Share


रजपुरी कला के छात्रावास में छात्राओं की प्रतिभा देखी,11 वीं-12 वीं के विद्यार्थियों को जेईई-नीट कोचिंग से जोड़ने के निर्देश

-संवाददाता-
अम्बिकापुर,14 अक्टूबर 2026 (घटती-घटना)। सरगुजा कलेक्टर अजीत वसंत ने बुधवार को जिला पंचायत सीईओ रोमा श्रीवास्तव के साथ अंबिकापुर,लखनपुर और उदयपुर विकासखंड का दौरा कर शिक्षा,स्वास्थ्य,पोषण,उद्यानिकी,मत्स्य पालन और निर्माण कार्यों की स्थिति का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों को व्यवस्थाओं में सुधार करने, निर्माण कार्य समय सीमा में पूरा कराने और शासकीय योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाने के निर्देश दिए। कलेक्टर के दौरे में शिक्षा व्यवस्था और विद्यार्थियों के भविष्य पर विशेष जोर रहा।
कस्तूरबा गांधी बालिका आवासीय विद्यालय रजपुरी कला में छात्राओं से संवाद के दौरान उन्होंने उनकी रचनात्मक प्रतिभा की सराहना की। विद्यालय में छात्राओं द्वारा तैयार मधुबनी आर्ट की साड़ी, टेबल क्लॉथ,मिट्टी,धान और अनाज से बने आभूषण,लिप्पन आर्ट,मंडला आर्ट तथा वेस्ट मटेरियल से तैयार कलाकृतियों का अवलोकन किया। उन्होंने छात्राओं को उनकी रुचि के अनुरूप आगे बढ़ाने और कला के क्षेत्र में करियर बनाने के लिए मार्गदर्शन उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। विद्यालय की कक्षाओं और छात्रावास में रहन-सहन,खानपान तथा मूलभूत सुविधाओं की जानकारी लेते हुए कलेक्टर ने छात्राओं से उनकी समस्याओं और जरूरतों के बारे में भी पूछा। उन्होंने अधिकारियों को 11वीं और 12वीं के विद्यार्थियों को जेईई एवं नीट की कोचिंग से जोड़ने की व्यवस्था करने के निर्देश दिए। साथ ही छात्रावास परिसर में बैडमिंटन कोर्ट सहित खेल सुविधाएं विकसित करने और मध्यान्ह भोजन की गुणवत्ता पर नियमित निगरानी रखने को कहा।
दिव्यांग बच्चों को समय पर मिलें प्रमाण पत्र और उपकरण : लखनपुर में दिव्यांग बच्चों के लिए आयोजित विकासखंड स्तरीय आकलन शिविर का निरीक्षण करते हुए कलेक्टर ने सभी बच्चों का आकलन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पात्र बच्चों को निर्धारित समय पर दिव्यांगता प्रमाण पत्र और आवश्यक सहायक उपकरण उपलब्ध कराए जाएं, ताकि उन्हें योजनाओं का लाभ लेने में अनावश्यक परेशानी न हो।
नर्सरी में उत्पादन बढ़ाने और सुरक्षा के निर्देश : अंबिकापुर स्थित शासकीय उद्यान रोपणी के निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने पौध उत्पादन और उद्यानिकी गतिविधियों की जानकारी ली। उन्होंने वेजिटेबल सीडलिंग यूनिट में पौध उत्पादन,ग्राफ्टेड टमाटर,बैंगन और मिर्च की खेती, फलदार पौधों के कलमीकरण तथा वर्मी कंपोस्ट खाद उत्पादन इकाई का अवलोकन किया। फलदार वृक्षों के बीच खाली जमीन का उपयोग हल्दी बीज उत्पादन के लिए करने की गतिविधियों की भी जानकारी ली। नर्सरी को पशुओं और असामाजिक तत्वों से होने वाले नुकसान को रोकने के लिए उन्होंने आरईएस विभाग से वॉल फेंसिंग का प्राक्कलन तैयार कराने के निर्देश दिए। साथ ही परिसर की साफ-सफाई बनाए रखने,पौध उत्पादन बढ़ाने और उद्यानिकी फसलों का अधिक से अधिक उत्पादन करने को कहा। अधिकारियों ने ट्रैक्टर और अन्य आवश्यक उपकरणों की मांग भी रखी।
दरिमा स्थित शासकीय मत्स्य बीज प्रक्षेत्र में कलेक्टर ने मछली बीज उत्पादन इकाई का निरीक्षण कर लक्ष्य, उपलब्धि और विभागीय योजनाओं के क्रियान्वयन की जानकारी ली। उन्होंने किसानों को समय सीमा के भीतर मत्स्य बीज उपलब्ध कराने के निर्देश दिए, ताकि मत्स्य पालन से जुड़े किसानों को समय पर सामग्री मिल सके।
स्कूल में उपस्थिति और शिक्षा की गुणवत्ता पर जोर
कलेक्टर ने हाई स्कूल दावा पहुंचकर शैक्षणिक व्यवस्था का निरीक्षण किया। उन्होंने विद्यालय परिसर की स्वच्छता,पेयजल, शौचालय,बिजली और मध्यान्ह भोजन सहित अन्य मूलभूत सुविधाओं की स्थिति देखी। विद्यार्थियों से बातचीत कर उन्हें मेहनत के साथ पढ़ाई करने के लिए प्रेरित किया। शिक्षकों को नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करने और पढ़ाई की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए।
गौधाम में सीसी रोड और बोरवेल बनाने के निर्देश
उदयपुर जनपद की दावा ग्राम पंचायत में शासन की गौधाम योजना के तहत स्वीकृत स्थल का निरीक्षण करते हुए कलेक्टर ने व्यवस्थाओं को व्यवस्थित और सुचारू रूप से संचालित करने को कहा। उन्होंने गौधाम में सीसी रोड निर्माण और बोरवेल की व्यवस्था करने के निर्देश दिए। पशु चिकित्सा विभाग को पशुओं का नियमित स्वास्थ्य परीक्षण,टीकाकरण और कृत्रिम गर्भाधान सुनिश्चित करने के लिए कहा। उदयपुर में निर्माणाधीन हायर सेकेंडरी स्कूल का निरीक्षण कर कलेक्टर ने गुणवत्ता के साथ निर्धारित समय सीमा में काम पूरा करने के निर्देश दिए। वहीं, नवनिर्मित सहकारी बैंक भवन को जल्द शुरू कराने और बैंक को नए भवन में स्थानांतरित करने को कहा। उन्होंने अपशिष्ट संग्रहण केंद्र में कचरे के संग्रहण एवं प्रबंधन की व्यवस्था और महतारी सदन में उपलब्ध सुविधाओं का भी जायजा लिया। दौरे के दौरान एसडीएम उदयपुर रामराज सिंह, संबंधित जनपद पंचायतों के मुख्य कार्यपालन अधिकारी और विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।


Share

Check Also

बैकुंठपुर @ जेएनयू में छात्राओं से कथित यौन दुर्व्यवहार के मामले पर भाजपा महिला मोर्चा का प्रदर्शन

Share शिवपुर चरचा में रैली निकालकर जताया विरोध,महिलाओं के सम्मान सुरक्षा और निष्पक्ष जांच की …

Leave a Reply