2 कृषि अधिकारियों को रिश्वत लेते रंगे हाथों किया गिरफ्तार
कांकेर,14 अक्टूबर 2026। जिले के आमाबेड़ा क्षेत्र में एंटी करप्शन ब्यूरो ने दो ग्रामीण कृषि विस्तार अधिकारियों को 20 हजार रुपये रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। आरोप है कि दोनों अधिकारियों ने फसल बीमा के तहत राशि निकलवाने के बदले किसान से कुल बीमा राशि का 75 प्रतिशत हिस्सा रिश्वत के रूप में मांगा था। शिकायत के सत्यापन के बाद एसीबी ने आज कार्रवाई की। बता दें कि गिरफ्तार अधिकारियों की पहचान सुन्दर लाल बच्छड़ और प्रवीण उर्फ रिंकू चंद्राकर के रूप में हुई है। दोनों आमाबेड़ा क्षेत्र में ग्रामीण कृषि विस्तार अधिकारी के पद पर कार्यरत हैं।
90 हजार रुपये के बीमा के बदले मांगी थी रकम : मामला आमाबेड़ा तहसील के आलनार गांव के निवासी सगाऊ राम कोमरा की शिकायत से जुड़ा है। शिकायत के मुताबिक, उनकी फसल खराब हो गई थी और इसके लिए फसल बीमा की राशि दिलाने के नाम पर दोनों अधिकारियों ने कुल बीमा राशि का 75 प्रतिशत हिस्सा मांगा था। बीमा राशि 90 हजार रुपये बताई गई है। इस हिसाब से मांगी गई रकम 67,500 रुपये होती है। किसान रिश्वत देने के बजाय दोनों अधिकारियों को रंगे हाथों पकड़वाना चाहता था। इसी मकसद से उसने एसीबी जगदलपुर में शिकायत दर्ज कराई। एसीबी ने शिकायत का सत्यापन कराया। शिकायत सही पाए जाने के बाद टीम ने आज दोनों आरोपियों को ट्रैप की योजना बनाई। कार्रवाई के दौरान सुन्दर लाल बच्छड़ और प्रवीण उर्फ रिंकू चंद्राकर को किसान से रिश्वत की पहली किश्त के रूप में 20 हजार रुपये लेते हुए पकड़ लिया गया।
पीसी एक्ट के तहत कार्रवाई
दोनों अधिकारियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। एसीबी उनके खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम, 1988 की धारा 7 और 12 के तहत कार्रवाई कर रही है। यह कानून 2018 में संशोधित किया गया था। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur