Breaking News

अम्बिकापुर@ सेवा किटी के अभिरुचि केंद्र का शुभारंभ,महिलाओं को हुनर से आत्मनिर्भर बनाने की पहल

Share


महापौर मंजुषा भगत ने की सराहना,अन्न की बर्बादी रोकने का मुद्दा एमआईसी की बैठक में रखने का दिया आश्वासन
-संवाददाता-
अम्बिकापुर,13 अक्टूबर 2026 (घटती-घटना)।
महिलाओं और बालिकाओं को हुनरमंद बनाने,उनकी प्रतिभा निखारने और उन्हें आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढ़ाने के उद्देश्य से सेवा किटी समूह ने अभिरुचि केंद्र की शुरुआत की है। शुभारंभ अवसर पर महापौर श्रीमती मंजुषा भगत ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि यह केंद्र महिलाओं को कुछ नया सीखने,अपनी प्रतिभा विकसित करने और अपने हुनर को आजीविका से जोड़ने का अवसर देगा। वहीं, एमआईसी सदस्य श्रीमती श्वेता गुप्ता ने कहा कि मोबाइल के बढ़ते दौर में महिलाओं और बच्चों को रचनात्मक गतिविधियों से जोड़ना जरूरी है,ताकि वे नए कौशल सीखकर आत्मनिर्भर बन सकें। शिवाजी चौक, गुदरी बाजार के पास श्रीमती सुधा वर्मा के निवास पर आयोजित शुभारंभ कार्यक्रम में महापौर मंजुषा भगत,एमआईसी सदस्य श्वेता गुप्ता, सुधा वर्मा तथा सेवा किटी की वरिष्ठ सदस्य संतोष पांडे, जया तिवारी और कुंजबाला जायसवाल उपस्थित रहीं। कार्यक्रम में सेवा किटी की संस्थापिका वंदना दत्ता ने अतिथियों का स्वागत करते हुए केंद्र की स्थापना के उद्देश्य और संगठन की सामाजिक गतिविधियों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि वर्ष 2019 से शहर की 60 सेवा भावी महिलाओं के सहयोग से सेवा किटी लगातार जनहित के कार्य कर रही है। अभिरुचि केंद्र इसी प्रयास का विस्तार है,जहां महिलाओं और बालिकाओं को विभिन्न विधाओं में प्रशिक्षण देकर उनकी रुचि और प्रतिभा को आगे बढ़ाने का अवसर उपलब्ध कराया जाएगा।
अन्न की बर्बादी रोकने की पहल भी उठाई : कार्यक्रम में भोजन की बर्बादी रोकने का मुद्दा भी प्रमुखता से उठाया गया। वंदना दत्ता ने बताया कि सेवा किटी ने वर्ष 2022 में शहर के होटलों में अन्न की बर्बादी रोकने के प्रति जागरूकता फैलाने के लिए बोर्ड उपलब्ध कराए थे। उन्होंने इस संबंध में नगर निगम को दिए गए आवेदन की प्रति भी महापौर को सौंपी और निगम स्तर पर इस दिशा में प्रभावी प्रयास करने का अनुरोध किया। इस पर महापौर मंजुषा भगत ने आश्वासन दिया कि अन्न की बर्बादी रोकने के प्रयासों से जुड़े प्रस्ताव को एमआईसी की बैठक में रखा जाएगा। कार्यक्रम में संदेश दिया गया कि भोजन की बर्बादी रोकना भूख की समस्या कम करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।
हुनर को आजीविका से जोड़ने पर जोर : महापौर ने कहा कि सेवा किटी महिलाओं को सीखने,अपनी प्रतिभा निखारने और अपने हुनर को दूसरों तक पहुंचाने का मंच दे रही है। ऐसी पहल समाज में सकारात्मक बदलाव लाने के साथ अन्य लोगों को भी प्रेरित करती है। उन्होंने प्रशिक्षण प्राप्त करने वाली महिलाओं और युवतियों के बनाए उत्पादों को खरीदने तथा उनके लिए ऑर्डर देने की अपील की,ताकि उनके कौशल को रोजगार और आय का साधन बनाया जा सके। उन्होंने कहा कि महिलाओं के उत्पादों को प्रोत्साहन देना केवल खरीदारी तक सीमित नहीं है,बल्कि इससे उनके आत्मविश्वास और आर्थिक आत्मनिर्भरता को भी मजबूती मिलती है। एमआईसी सदस्य श्वेता गुप्ता ने कहा कि अभिरुचि केंद्र के माध्यम से महिलाओं और बच्चों को कई तरह की उपयोगी चीजें सीखने का अवसर मिलेगा। उन्होंने उम्मीद जताई कि प्रशिक्षण से प्रतिभागियों को अपनी क्षमताएं पहचानने,नए कौशल विकसित करने और भविष्य में आत्मनिर्भर बनने में मदद मिलेगी।
काउंसलिंग से लेकर रंगोली और हस्तशिल्प तक का प्रशिक्षण : अभिरुचि केंद्र में विभिन्न क्षेत्रों के अनुभवी प्रशिक्षकों और विशेषज्ञों के माध्यम से प्रशिक्षण एवं परामर्श की व्यवस्था की गई है। कार्यक्रम में मनोवैज्ञानिक परामर्श के लिए डॉ. तृप्ति विश्वास,पारिवारिक परामर्श के लिए जानकी सिंह, करियर गाइडेंस के लिए अनामिका चक्रवर्ती वर्मा,सेल्फ मेकअप के लिए अनुभा डबराल,रंगोली के लिए चेतना मुंजे, नृत्य के लिए आभा वर्मा, हस्तशिल्प के लिए नेहा वर्मा और सिलाई के लिए आशा सोनी के योगदान की जानकारी दी गई। इसके अलावा गायन, गोदना आर्ट और केक निर्माण जैसी विधाओं में भी प्रशिक्षण उपलब्ध कराने की योजना है।
केंद्र का उद्देश्य महिलाओं और बालिकाओं को उनकी रुचि के अनुरूप सीखने का अवसर देना है,ताकि वे अपने हुनर को आगे बढ़ा सकें। कार्यक्रम में प्रियंका चौबे और सरस्वती सोनी सहित सेवा किटी की अन्य सदस्याएं मौजूद रहीं। सोनी सिन्हा,मधु चौधरी,संजीता स्वर्णकार,सत्या दुबे, मिलन शर्मा,ज्योति द्विवेदी,सुधा तिवारी,दीपमाला सिंह,सुनीता दास,अंजना परिहार, च्यती अग्रवाल,श्रद्धा खेरपाण्डे,संगीता सोनी,स्मिता तिवारी,नमिता चावला और नेहा वर्मा सहित लगभग 15 प्रशिक्षार्थियों ने भी सहभागिता की।
22 अक्टूबर से पांच दिवसीय सेल्फ मेकअप कोर्स :
सेवा किटी की ओर से आगामी प्रशिक्षण कार्यक्रम के तहत 22 अक्टूबर से पांच दिवसीय सेल्फ मेकअप कोर्स शुरू किया जाएगा। प्रशिक्षण पूरा करने वाले प्रतिभागियों को प्रमाणपत्र भी प्रदान किए जाएंगे। अभिरुचि केंद्र के माध्यम से सेवा किटी का प्रयास महिलाओं और बालिकाओं को रचनात्मक गतिविधियों से जोड़ने के साथ उनके हुनर को आत्मनिर्भरता का आधार बनाना है।


Share

Check Also

अंबिकापुर@ग्लैमर के साथ समाजसेवा की झलक,अंबिकापुर में उर्वशी रौतेला वअक्षरा सिंह का दिखेगा जलवा

Share 15 को बॉलीवुड अभिनेत्री उर्वशी रौतेला,16 को भोजपुरी स्टार अक्षरा सिंह करेंगी शिरकत,सरगवां पैलेस …

Leave a Reply