Breaking News

सूरजपुर@ एचपीवी टीकाकरण में सूरजपुर ने रचा कीर्तिमान

Share


9,111 के लक्ष्य के विरुद्ध 9,130 बालिकाओं को लगा टीका, 100.21 प्रतिशत उपलब्धि के साथ पांच विकासखंड लक्ष्य से आगे
सीएमएचओ डॉ. प्रशांत कुमार सिंह ने स्वास्थ्यकर्मियों के प्रयासों की सराहना की,31 दिसंबर 2026 तक जारी रहेगा अभियान
-संवाददाता-
सूरजपुर,12 अक्टूबर 2026 (घटती-घटना)।
किशोरियों को गर्भाशय ग्रीवा के कैंसर से बचाव की दिशा में सूरजपुर जिले ने उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल की है, जिले में संचालित मानव पैपिलोमा विषाणु (एचपीवी) टीकाकरण अभियान के तहत निर्धारित लक्ष्य को पार करते हुए 100.21 प्रतिशत उपलब्धि दर्ज की गई है, राज्य स्तर से जिले को 14 वर्ष की आयु पूरी कर चुकी और 15 वर्ष की आयु पूरी नहीं करने वाली पात्र बालिकाओं के टीकाकरण के लिए 9,111 का लक्ष्य दिया गया था, इसके विरुद्ध अब तक 9,130 बालिकाओं को टीका लगाया जा चुका है, इस तरह जिले ने निर्धारित लक्ष्य से 19 अधिक बालिकाओं का टीकाकरण किया है, यू-विन पोर्टल की उपलब्ध रिपोर्ट के अनुसार, जिले के सभी विकासखंडों में स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों,कर्मचारियों, टीकाकरण दलों और मैदानी स्वास्थ्यकर्मियों के समन्वित प्रयासों से यह उपलब्धि हासिल हुई है। स्वास्थ्य विभाग का प्रयास है कि कोई भी पात्र बालिका टीकाकरण से वंचित न रहे।
पांच विकासखंडों ने लक्ष्य को किया पार
विकासखंडवार आंकड़ों के अनुसार, भैयाथान में 1,465 के लक्ष्य के विरुद्ध 1,469 बालिकाओं को टीका लगाया गया, जो 100.27 प्रतिशत उपलब्धि है, ओड़गी में 1,173 के लक्ष्य के विरुद्ध 1,175 बालिकाओं का टीकाकरण कर 100.17 प्रतिशत उपलब्धि हासिल की गई, रामानुजनगर में 1,422 के लक्ष्य के मुकाबले 1,430 बालिकाओं को टीका लगाया गया,जिससे उपलब्धि 100.56 प्रतिशत रही। सूरजपुर विकासखंड में 2,518 के लक्ष्य के विरुद्ध 2,523 बालिकाओं का टीकाकरण कर 100.20 प्रतिशत तथा प्रतापपुर में 1,736 के लक्ष्य के विरुद्ध 1,743 बालिकाओं का टीकाकरण कर 100.40 प्रतिशत उपलब्धि दर्ज की गई, वहीं, प्रेमनगर विकासखंड में 797 के लक्ष्य के विरुद्ध 790 बालिकाओं का टीकाकरण हुआ है,जो 99.12 प्रतिशत है, इस प्रकार जिले के छह में से पांच विकासखंडों ने निर्धारित लक्ष्य को पार कर लिया है, जबकि प्रेमनगर लक्ष्य के करीब है।
गर्भाशय ग्रीवा के कैंसर से बचाव में अहम है टीक
गर्भाशय ग्रीवा का कैंसर महिलाओं में होने वाली गंभीर बीमारियों में शामिल है,एचपीवी के कुछ उच्च जोखिम वाले प्रकारों का लगातार संक्रमण इस कैंसर का प्रमुख कारण है,एचपीवी टीका शरीर की प्रतिरक्षा प्रणाली को वायरस के प्रमुख प्रकारों के विरुद्ध सुरक्षा विकसित करने में मदद करता है और भविष्य में संबंधित संक्रमणों तथा उनसे होने वाले कैंसर के जोखिम को कम करता है,अभियान में प्रयुक्त चतुष्संयोजी गार्डासिल टीका एचपीवी के प्रकार 6, 11, 16 और 18 से सुरक्षा प्रदान करता है, इनमें 16 और 18 प्रमुख कैंसरकारी प्रकार हैं। निर्धारित आयु में टीकाकरण भविष्य में एचपीवी संक्रमण से बचाव की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है, हालांकि,टीका सभी प्रकार के एचपीवी से सुरक्षा नहीं देता, इसलिए आगे चलकर निर्धारित दिशा-निर्देशों के अनुसार कैंसर जांच का महत्व भी बना रहता है।
टीकाकरण के बाद गंभीर प्रतिकूल घटना की सूचना नहीं
जिला स्तर पर उपलब्ध जानकारी के अनुसार, अभियान के तहत अब तक टीका लगवा चुकीं 9,130 बालिकाएं स्वस्थ हैं और किसी गंभीर प्रतिकूल घटना की सूचना नहीं मिली है, टीकाकरण सत्रों में प्रशिक्षित स्वास्थ्यकर्मियों द्वारा निर्धारित सुरक्षा प्रोटोकॉल का पालन किया जा रहा है,टीकाकरण के बाद स्वास्थ्य की निगरानी और आवश्यकता पड़ने पर चिकित्सकीय प्रबंधन की व्यवस्था भी सुनिश्चित की गई है, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. प्रशांत कुमार सिंह ने जिले की इस उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए अभियान में लगे अधिकारियों,कर्मचारियों, टीकाकरण दलों और मैदानी स्वास्थ्यकर्मियों के प्रयासों की सराहना की।
31 दिसंबर तक जारी रहेगा अभियान
डॉ. सिंह ने अभिभावकों से अपील की कि वे अपनी पात्र बालिकाओं को निर्धारित आयु में एचपीवी का टीका अवश्य लगवाएं, उन्होंने कहा कि भ्रांतियों या अनावश्यक भय के कारण बालिकाओं को इस सुरक्षा से वंचित न रखें, टीकाकरण से संबंधित सही जानकारी के लिए निकटतम शासकीय स्वास्थ्य संस्था से संपर्क करें, भारत सरकार द्वारा अभियान की अवधि 31 दिसंबर 2026 तक विस्तारित किए जाने के क्रम में सूरजपुर जिले में भी पात्र बालिकाओं का टीकाकरण जारी रहेगा, पात्र बालिकाओं को शासकीय स्वास्थ्य संस्थानों में निःशुल्क टीका लगाया जा रहा है, अभिभावक नजदीकी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, जिला अस्पताल अथवा निर्धारित शासकीय स्वास्थ्य संस्था से संपर्क कर सकते हैं, स्वास्थ्य विभाग ने अपील की है कि जिन पात्र बालिकाओं का टीकाकरण अभी तक नहीं हुआ है, उनके अभिभावक अभियान का लाभ उठाकर समय रहते टीकाकरण सुनिश्चित करें।


Share

Check Also

अम्बिकापुर@ देवी भक्ति गीत ‘महामाया माई-अंबिका के दुवारी’ से निधि श्री विश्वकर्मा ने बिखेरी सुरों की भक्ति,सरगुजा का बढ़ाया मान

Share गायिका निधि श्री की आवाज में सजा मां महामाया का भक्ति गीत,संगीत संयोजन से …

Leave a Reply