पीएम श्री विद्यालय चनवारीडांड में जागरूकता कार्यक्रम, विद्यार्थियों ने जाना जैव विविधता और पर्यावरण संरक्षण का महत्व
सेवा संकल्प अभियान के तहत चैनपुर और फॉसिल्स पार्क में रोपे गए 55 पौधे, हरियाली बढ़ाने का लिया संकल्प
-संवाददाता-
एमसीबी,12 अक्टूबर 2026 (घटती-घटना)। वन्यप्राणी संरक्षण सप्ताह 2026 के अंतर्गत वन एवं जलवायु परिवर्तन विभाग, वनमंडल मनेन्द्रगढ़ द्वारा पीएम श्री विद्यालय चनवारीडांड में वन्यजीव संरक्षण एवं पर्यावरण जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान विद्यार्थियों को वन्यप्राणियों के संरक्षण, उनके प्राकृतिक आवासों की सुरक्षा और जैव विविधता के महत्व की जानकारी दी गई। साथ ही सेवा संकल्प अभियान के तहत मनेन्द्रगढ़ वन परिक्षेत्र के चैनपुर एवं फॉसिल्स पार्क में कुल 55 पौधों का रोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया।
वन्यजीवों की सुरक्षा से ही बना रहेगा पर्यावरण संतुलन
कार्यक्रम में वन विभाग के अधिकारियों ने विद्यार्थियों को बताया कि वन्य प्राणी प्रकृति और पारिस्थितिकी तंत्र का महत्वपूर्ण हिस्सा हैं। पर्यावरण संतुलन बनाए रखने के लिए वन्यजीवों एवं उनके प्राकृतिक आवासों का संरक्षण आवश्यक है। अवैध शिकार, वनों की कटाई और मानव-वन्यजीव संघर्ष जैव विविधता के लिए गंभीर चुनौतियां हैं। विद्यार्थियों को वन्यजीवों के प्रति संवेदनशील व्यवहार अपनाने और उनके संरक्षण में सक्रिय भागीदारी निभाने के लिए प्रेरित किया गया। अधिकारियों ने बताया कि वन्यप्राणी दिखाई देने पर उन्हें परेशान नहीं करना चाहिए। किसी वन्यजीव के घायल होने अथवा संकट में होने की स्थिति में तत्काल वन विभाग को सूचना देनी चाहिए। विद्यार्थियों से वन्यजीव संरक्षण का संदेश अपने परिवार और आसपास के लोगों तक पहुंचाने की अपील भी की गई।
सेवा संकल्प अभियान में 55 पौधों का रोपण
सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत पर्यावरण संरक्षण एवं हरित आवरण बढ़ाने के उद्देश्य से मनेन्द्रगढ़ वन परिक्षेत्र में पौधारोपण किया गया। इसके तहत एकलव्य वनवासी कल्याण आश्रम, चैनपुर में 45 तथा फॉसिल्स पार्क, मनेन्द्रगढ़ में 10 पौधे लगाए गए। दोनों स्थानों पर कुल 55 पौधों का रोपण किया गया। इस दौरान वृक्षारोपण के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण एवं प्राकृतिक संसाधनों को सुरक्षित रखने का संदेश दिया गया।
वन विभाग के अधिकारी-कर्मचारी रहे उपस्थित
कार्यक्रम में परिक्षेत्र अधिकारी मनेन्द्रगढ़ विश्वनाथ, परिक्षेत्र सहायक अशोक यादव एवं राम गोपाल सिंह सहित वन रक्षक इंद्र कुमार बंजारे, अशोक कुर्रे, मनोज सेन, देवगन सिंह एवं अनीता सिंह उपस्थित रहे।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur