Breaking News

रायपुर@राजीव भवन के पास प्रदर्शन पर कांग्रेस की आपत्ति…

Share


प्रभारी महामंत्री ने पुलिस-कमिश्नर को लिखा पत्र बोले…1 किलोमीटर दूर हो प्रदर्शन,बैरिकेडिंग भी न करें

रायपुर,11 अक्टूबर 2026। रायपुर में कांग्रेस ने राजीव भवन के पास प्रदर्शन की अनुमति दिए जाने पर आपत्ति जताई है। प्रदेश कांग्रेस प्रभारी महामंत्री मलकीत सिंह गैदू ने पुलिस कमिश्नर को पत्र लिखकर मांग की है कि कांग्रेस मुख्यालय के पास किसी भी राजनीतिक दल को प्रदर्शन की जगह न दी जाए। उन्होंने बैरिकेडिंग भी भवन से दूर लगाने की मांग की है। गैदू ने पत्र में 10 अक्टूबर को भाजपा महिला मोर्चा के प्रदर्शन का जिक्र करते हुए कहा कि,प्रदर्शनकारियों ने कांग्रेस मुख्यालय का घेराव करने की कोशिश की थी। इस दौरान राजीव भवन की चारदीवारी के पास बैरिकेडिंग की गई थी। कांग्रेस ने इसे लेकर आपत्ति जताई है।
22 जुलाई के प्रदर्शन का भी दिया हवाला : पत्र में गैदू ने 22 जुलाई 2026 को भाजपा और भारतीय जनता युवा मोर्चा के प्रदर्शन का भी जिक्र किया है। उन्होंने आरोप लगाया कि उस दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं ने राजीव भवन पर पथराव किया था और अभद्र भाषा का इस्तेमाल किया था। इसके बाद कांग्रेस ने मुख्यालय के पास प्रदर्शन और चारदीवारी के नजदीक बैरिकेडिंग किए जाने पर आपत्ति जताई थी। गैदू के मुताबिक, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष से चर्चा के दौरान पुलिस प्रशासन ने कांग्रेस भवन से एक किलोमीटर दूर प्रदर्शन रोकने का आश्वासन दिया था। उन्होंने आरोप लगाया कि 10 अक्टूबर को फिर मुख्यालय के पास बैरिकेडिंग कर वही स्थिति दोहराई गई।
कांग्रेस कार्यकर्ताओं को प्रतिक्रिया नहीं देने के निर्देश : गैदू ने पत्र में कहा कि प्रदेश महिला कांग्रेस के कार्यकर्ताओं को निर्देश दिए गए थे कि वे प्रदर्शनकारियों की नारेबाजी और बयानबाजी पर प्रतिक्रिया न दें, ताकि 22 जुलाई जैसी स्थिति दोबारा न बने। उन्होंने पुलिस कमिश्नर से मांग की है कि भविष्य में भाजपा या किसी अन्य राजनीतिक दल को राजीव भवन के पास प्रदर्शन की जगह न दी जाए। बैरिकेडिंग भी कार्यालय से दूर लगाई जाए,ताकि प्रदर्शनकारियों की नारेबाजी और बयानबाजी कांग्रेस कार्यकर्ताओं तक न पहुंचे। गैदू ने पत्र में चेतावनी दी है कि ऐसी स्थिति दोबारा बनने पर किसी अप्रिय घटना की जिम्मेदारी कांग्रेस की नहीं होगी।


Share

Check Also

सूरजपुर/सावारावा @धान कम मिला तो जांच हुई,एफआईआर का आदेश हुआ फिर शॉर्टेज शून्य कैसे ?

Share सावारावा में 10 करोड़ से अधिक के धान का हिसाब उलझा,धान कम मिला,जांच हुई,कलेक्टर …

Leave a Reply