-संवाददाता-
अम्बिकापुर,10 अक्टूबर 2026 (घटती-घटना)। मानसिक स्वास्थ्य भी शारीरिक स्वास्थ्य जितना ही महत्वपूर्ण है। तनाव, चिंता, अवसाद और नींद की समस्या को नजरअंदाज करने के बजाय समय पर विशेषज्ञ चिकित्सक से परामर्श लेना चाहिए। यह संदेश शनिवार को विश्व मानसिक स्वास्थ्य दिवस पर मेडिकल कॉलेज अस्पताल में आयोजित जागरूकता कार्यक्रम में दिया गया। सेवा संकल्प अभियान 2026 के तहत राजमाता देवेंद्र कुमारी सिंहदेव शासकीय चिकित्सा महाविद्यालय संबद्ध चिकित्सालय के मानसिक स्वास्थ्य विभाग ने पंजीयन हॉल में जागरूकता एवं परामर्श ओपीडी का आयोजन किया। इस दौरान लोगों को मानसिक समस्याओं के लक्षण, बचाव और उपचार की जानकारी दी गई। वी केयर नर्सिंग कॉलेज की छात्राओं ने नुक्कड़ नाटक के माध्यम से मानसिक स्वास्थ्य के प्रति जागरूक किया। लोगों को नियमित दिनचर्या अपनाने,पर्याप्त नींद लेने, योग और व्यायाम करने तथा अपनी समस्याएं परिवार व विश्वसनीय लोगों से साझा करने की सलाह दी गई। साथ ही मानसिक समस्याओं से जूझ रहे लोगों के प्रति संवेदनशील व्यवहार अपनाने और उन्हें सामाजिक सहयोग देने की अपील की गई। कार्यक्रम महाविद्यालय के अधिष्ठाता डॉ. अविनाश मेश्राम,अस्पताल अधीक्षक डॉ. आरसी आर्या और सिविल सर्जन डॉ. जेके रेलवानी के निर्देशन एवं उपस्थिति में आयोजित हुआ।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur