Breaking News

रायपुर@17 साल से ज्यादा उम्र के युवा भर सकेंगे फॉर्म-6

Share


छत्तीसगढ़ में छूटे मतदाताओं के नाम जोड़ने विशेष अभियान शुरू


रायपुर,09 अक्टूबर 2026। छत्तीसगढ़ में मतदाता सूची में नाम जुड़वाने के लिए एक महीने का विशेष अभियान शुरू किया गया है। इसके तहत जिन लोगों का नाम अब तक मतदाता सूची में नहीं जुड़ पाया है, उनका सत्यापन कर नाम जोड़ने की प्रक्रिया पूरी की जाएगी। पहली बार वोट देने वाले युवाओं पर खास ध्यान दिया जाएगा। 17 साल से अधिक उम्र के युवा भी फॉर्म-6 भरकर आवेदन कर सकते हैं। मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी यशवंत कुमार ने प्रेस वार्ता में अभियान की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि भारत निर्वाचन आयोग के निर्देश पर यह अभियान चलाया जा रहा है। इसका मुख्य उद्देश्य सभी पात्र नागरिकों का नाम मतदाता सूची में जोड़ना है। उन्होंने 18 साल की उम्र पूरी कर चुके सभी पात्र नागरिकों से मतदाता सूची में अपना नाम दर्ज कराने की अपील की।
हर सप्ताह मतदान केंद्रों और शिक्षण संस्थानों में लगेंगे शिविर : मतदाता पंजीकरण के लिए हर सप्ताह बुधवार और गुरुवार को मतदान केंद्रों पर विशेष शिविर लगाए जाएंगे। वहीं, शुक्रवार और शनिवार को स्कूल-कॉलेजों में पंजीकरण अभियान चलाया जाएगा। इसके तहत आईटीआई,हाई स्कूल, हायर सेकेंडरी स्कूल और उच्च शिक्षण संस्थानों में शिविर लगाए जाएंगे। इन संस्थानों में बने इलेक्टोरल लिटरेसी क्लब के जरिए युवाओं को मतदाता पंजीकरण के बारे में जानकारी दी जाएगी और उन्हें जागरूक किया जाएगा। अभियान के दौरान मतदाता सूची से अलग-अलग कारणों से हटाए गए नामों का भी दोबारा सत्यापन किया जाएगा। बूथ लेवल अधिकारियों को फॉर्म-6 भरवाने और अपने क्षेत्र में मतदाताओं का सत्यापन कर रिपोर्ट तैयार करने के निर्देश दिए गए हैं। निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी मतदाता सूची की जानकारी राजनीतिक दलों के बूथ लेवल एजेंटों के साथ भी साझा करेंगे,ताकि पात्र मतदाताओं के नाम जोड़ने की प्रक्रिया में मदद मिल सके। मतदाता सूची में नाम जुड़वाने के लिए नागरिक ECINET मोबाइल ऐप और आधिकारिक वेबसाइट voters.eci.gov.in के जरिए ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। जो लोग ऑनलाइन आवेदन नहीं कर सकते,वे अपने क्षेत्र के मतदान केंद्र के बूथ लेवल अधिकारी को फॉर्म-6 देकर आवेदन कर सकते हैं।


Share

Check Also

रायपुर@साइबर अपराधों से सुरक्षा के लिए जनभागीदारी जरूरी,साइबर जागरूकता को जनआंदोलन बनाना होगा : सीएम साय

Share मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय साइबर जागृति अभियान एवं ट्रैफिक हैकाथॉन-2026 के अभिनंदन समारोह में हुए …

Leave a Reply