सरगुजा पुलिस ने रक्षित केंद्र में कराया नष्टीकरण,बेचने और लगाने वालों को भी कार्रवाई की चेतावनी
-संवाददाता-
अम्बिकापुर,09 अक्टूबर 2026 (घटती-घटना)। बुलेट सहित अन्य दोपहिया वाहनों में पटाखे जैसी तेज और कर्कश आवाज निकालने वाले मॉडिफाइड साइलेंसरों के खिलाफ सरगुजा पुलिस ने कार्रवाई तेज कर दी है। पुलिस ने पूर्व में जब्त किए गए करीब 800 अवैध मॉडिफाइड साइलेंसरों को रक्षित केंद्र अंबिकापुर में रोड रोलर चलवाकर नष्ट कर दिया। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि वाहनों में निर्धारित मानकों के विपरीत साइलेंसर लगाने या उनमें बदलाव करने वालों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। पुलिस के अनुसार, बुलेट और अन्य दोपहिया वाहनों में मॉडिफाइड साइलेंसर लगाकर तेज आवाज निकालने की शिकायतें लगातार मिल रही थीं। इसे गंभीरता से लेते हुए डीआईजी एवं एसएसपी सरगुजा राजेश अग्रवाल के निर्देशन में यातायात पुलिस और जिले के विभिन्न थाना-चौकियों की टीमों ने पिछले कुछ महीनों से अभियान चलाया। इस दौरान ऐसे साइलेंसर लगे वाहनों पर कार्रवाई कर साइलेंसर निकलवाए गए और उन्हें जब्त किया गया। इसी क्रम में जब्त किए गए लगभग 800 साइलेंसरों का विधिवत नष्टीकरण कराया गया।
दुकानदारों और मैकेनिकों को भी चेतावनी : पुलिस ने शहर के ऑटो पार्ट्स संचालकों, मैकेनिकों और गैरेज संचालकों को चेतावनी दी है कि वे वाहनों में अवैध मॉडिफाइड साइलेंसर बेचने या लगाने से दूर रहें। यदि किसी दुकान या गैरेज में इस तरह की गतिविधि पाई जाती है,तो संबंधित संचालक के खिलाफ भी वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। पुलिस के मुताबिक, वाहन निर्माता कंपनी की ओर से लगाए गए मूल साइलेंसर में नियमों के विपरीत बदलाव करना मोटर वाहन कानून का उल्लंघन हो सकता है। ऐसे मामलों में वाहन चालकों के खिलाफ चालानी कार्रवाई के साथ प्रकरण न्यायालय में भी प्रस्तुत किया जा सकता है।
नियमों के अनुरूप रखें साइलेंसर : सरगुजा पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे यातायात नियमों का पालन करें और अपने वाहनों में निर्धारित मानकों के अनुरूप साइलेंसर ही रखें। तेज और कर्कश आवाज निकालने के लिए साइलेंसर में बदलाव न करें। पुलिस ने संकेत दिया है कि आने वाले दिनों में भी मॉडिफाइड साइलेंसर लगे वाहनों की जांच कर कार्रवाई की जाएगी।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur