अमन कुमार बने एसपी (एसआईए),अजय को एसपी (एसआईबी) की जिम्मेदारी,अंशिका जैन जगदलपुर सीएसपी बनीं
रायपुर,09 अक्टूबर 2026। छत्तीसगढ़ सरकार ने शुक्रवार को 18 आईपीएस और राज्य पुलिस सेवा के अधिकारियों के तबादले का आदेश जारी किया है। गृह (पुलिस) विभाग की ओर से जारी आदेश में 2021 से 2024 बैच तक के अधिकारियों को नई जिम्मेदारी सौंपी गई है। इनमें कई अधिकारियों को अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (एएसपी), नगर पुलिस अधीक्षक (सीएसपी) और सहायक पुलिस महानिरीक्षक के पद पर पदस्थ किया गया है। सभी तबादले तत्काल प्रभाव से लागू होंगे।
पुलिस मुख्यालय में इन
अधिकारियों की पोस्टिंग
बीजापुर में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ऑप्स) रहे अमन कुमार रमन कुमार को पुलिस मुख्यालय, नवा रायपुर में पुलिस अधीक्षक बनाया गया है। नारायणपुर में पदस्थ अजय कुमार को पुलिस अधीक्षक की जिम्मेदारी दी गई है। आकाश श्रीमाल को सहायक पुलिस महानिरीक्षक (अ.अ.वि.), जबकि अक्षय प्रगोद सबद्रा को सहायक पुलिस महानिरीक्षक (योजना/प्रबंध) बनाया गया है। एसटीएफ बघेरा, दुर्ग में पदस्थ आकाश कुमार शुक्ला को सहायक पुलिस महानिरीक्षक की जिम्मेदारी सौंपी गई है। बीजापुर में पदस्थ रविन्द्र कुमार मीणा को पुलिस अधीक्षक (चिटफंड एवं महिला विरुद्ध अपराध) बनाया गया है। वहीं,सुकमा में पदस्थ रोहित कुमार शाह को 15वीं वाहिनी छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल,बीजापुर का सेनानी नियुक्त किया गया है।
कई जिलों में एएसपी (ऑप्स) की नई पदस्थापना :
जगदलपुर के नगर पुलिस अधीक्षक रहे सुमीतकुमार दत्ताहारी को एएसपी (ऑप्स),कांकेर बनाया गया है। रायपुर में सहायक पुलिस आयुक्त रहे ईशु अग्रवाल को एएसपी (ऑप्स),नारायणपुर की जिम्मेदारी दी गई है। रायगढ़ के नगर पुलिस अधीक्षक मयंक मिश्रा को एएसपी (ऑप्स),सुकमा और राजनांदगांव की सीएसपी वैशाली जैन को एएसपी (ऑप्स), जगदलपुर पदस्थ किया गया है। कोरबा में नगर पुलिस अधीक्षक रहे विमल कुमार पाठक को एएसपी (ऑप्स),नारायणपुर भेजा गया है। दुर्ग के सीएसपी हर्षित मेहर को एएसपी (ऑप्स),कोंडागांव और अंबिकापुर के सीएसपी राहुल बंसल को एएसपी (ऑप्स),बीजापुर की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
प्रशिक्षु अधिकारियों को
भी मिली नई जिम्मेदारी
प्रशिक्षु आईपीएस अंशिका जैन को नगर पुलिस अधीक्षक,जगदलपुर बनाया गया है। वहीं,प्रशिक्षु अधिकारी साकोर मानसी नानाभाउ को सहायक पुलिस आयुक्त, आजाद चौक,रायपुर नगरीय की जिम्मेदारी दी गई है। राज्य पुलिस सेवा के प्रशिक्षु अधिकारी आदित्य कुमार को नगर पुलिस अधीक्षक,राजनांदगांव और प्रतीक बंसोडे को नगर पुलिस अधीक्षक, अंबिकापुर नियुक्त किया गया है।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur