नवरात्रि के पहले दिन रंगोली प्रशिक्षण से होगी शुरुआत
-संवाददाता-
अम्बिकापुर,09 अक्टूबर 2026 (घटती-घटना)। महिलाओं और बालिकाओं की प्रतिभा निखारने तथा उन्हें हुनरमंद बनाने के उद्देश्य से सेवा किटी समूह द्वारा स्थायी जनहित अभिरुचि केंद्र शुरू किया जा रहा है। रविवार, 11 अक्टूबर को शिवाजी चौक,गुदरी बाजार के पास सुधा वर्मा के निवास पर केंद्र का शुभारंभ महापौर श्रीमती मंजुषा भगत, एमआईसी सदस्य श्रीमती श्वेता गुप्ता और सेवा किटी समूह की वरिष्ठ सदस्यों की उपस्थिति में होगा। शारदीय नवरात्र के प्रथम दिन से ही केंद्र में प्रशिक्षण की शुरुआत की जाएगी। पहले चरण में तीन दिवसीय रंगोली प्रशिक्षण आयोजित होगा, जिसमें रंगोली विशेषज्ञ श्रीमती चेतना मुंजे बालिकाओं और महिलाओं को प्रशिक्षण देंगी। इसमें 10 बालिकाओं और 10 महिलाओं सहित कुल 20 प्रतिभागियों के शामिल होने की योजना है। खास बात यह है कि बालिकाओं के लिए सभी प्रशिक्षण पूरी तरह निशुल्क रहेंगे। रंगोली प्रशिक्षण पूरा होने के बाद दशहरे के पश्चात चार दिवसीय सेल्फ मेकअप कोर्स शुरू किया जाएगा। केंद्र में प्रतिदिन दोपहर 2ः30 से शाम 5 बजे तक प्रशिक्षण दिया जाएगा। प्रशिक्षण के साथ विषय विशेषज्ञों द्वारा काउंसलिंग भी की जाएगी, ताकि प्रतिभागियों को संबंधित कौशल की जानकारी के साथ अपनी रुचि और क्षमता विकसित करने का अवसर मिल सके। सेवा किटी समूह की संस्थापक वंदना दत्ता के अनुसार, अभिरुचि केंद्र को स्थायी रूप से जनहित में संचालित करने की योजना है। इसका उद्देश्य महिलाओं और बालिकाओं को उनकी रुचि के अनुरूप प्रशिक्षण उपलब्ध कराना तथा उनकी प्रतिभा को आगे बढ़ाने के लिए एक साझा मंच प्रदान करना है।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur