-संवाददाता-
अम्बिकापुर,08 अक्टूबर 2026 (घटती-घटना)। उप मुख्यमंत्री एवं लोक निर्माण, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी, नगरीय प्रशासन एवं विकास तथा खेल एवं युवा कल्याण मंत्री अरुण साव के सरगुजा जिला प्रवास के दौरान दिए गए निर्देशों के परिपालन में अंबिकापुर नगर निगम क्षेत्र अंतर्गत सड़कों को गड्ढामुक्त करने की दिशा में लोक निर्माण विभाग द्वारा कार्य प्रारंभ कर दिया गया है। इसके तहत लोक निर्माण विभाग संभाग अंबिकापुर द्वारा महामाया चौक से लरंग साय चौक तक सड़क पर बी.टी. पैच मरम्मत कार्य युद्धस्तर पर शुरू किया गया है। उल्लेखनीय है कि उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने अपने सरगुजा प्रवास के दौरान विभागीय कार्यों की समीक्षा करते हुए सड़कों की स्थिति सुधारने तथा आम नागरिकों को सुगम एवं सुरक्षित आवागमन की सुविधा उपलब्ध कराने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए थे। उन्होंने सड़कों पर बने गड्ढों की शीघ्र मरम्मत कर यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने तथा संधारण कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए थे।
वार्षिक संधारण मद से 3 करोड़ रुपए की स्वीकृति
लोक निर्माण विभाग संभाग अंबिकापुर के अंतर्गत विभिन्न मार्गों के संधारण एवं मरम्मत कार्यों के लिए वित्तीय वर्ष 2026-27 में वार्षिक संधारण मद से 3 करोड़ रुपए की स्वीकृति प्राप्त हुई है। स्वीकृत राशि से संभाग अंतर्गत विभिन्न मार्गों के क्षतिग्रस्त हिस्सों की मरम्मत कर सड़कों को गड्ढामुक्त किया जाएगा।
150 किलोमीटर लंबाई के विभिन्न मार्गों का होगा संधारण
लोक निर्माण विभाग द्वारा वार्षिक संधारण मद के अंतर्गत विभिन्न मार्गों की कुल 150 किलोमीटर लंबाई के क्षतिग्रस्त हिस्सों को बी.टी. पैच कार्य के माध्यम से दुरुस्त करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इन कार्यों को आगामी दिसम्बर माह तक पूर्ण करने का लक्ष्य रखा गया है। विभाग द्वारा सड़क मरम्मत कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर प्रारंभ किया गया है। महामाया चौक से लरंग साय चौक तक बी.टी. पैच कार्य इसी अभियान का हिस्सा है। मरम्मत कार्य पूर्ण होने से सड़क पर आवागमन सुगम होगा तथा वाहन चालकों एवं आम नागरिकों को गड्ढों के कारण होने वाली परेशानियों से राहत मिलेगी। उप मुख्यमंत्री साव के निर्देशानुसार लोक निर्माण विभाग द्वारा स्वीकृत संधारण कार्यों को निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण करने तथा सड़कों की स्थिति में सुधार लाने के लिए आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur