होली क्रॉस वीमेंस कॉलेज में सेवा संकल्प अभियान के तहत प्रतियोगिता,हिमांशी ग्रुप ने हासिल किया पहला स्थान
-संवाददाता-
अम्बिकापुर,08 अक्टूबर 2026 (घटती-घटना)। सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत होली क्रॉस वीमेंस कॉलेज, अंबिकापुर में गुरुवार को नुक्कड़ नाटक प्रतियोगिता आयोजित की गई। प्राचार्य डॉ. (सि.) शांता जोसेफ के मार्गदर्शन में आयोजित प्रतियोगिता में छात्राओं ने सामाजिक सरोकारों से जुड़े विभिन्न विषयों को नाटक के माध्यम से प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया। प्रतियोगिता में छात्राओं ने स्वच्छ भारत, सपनों का भारत, डिजिटल इंडिया,नक्सल वाद का प्रभाव और महिला सशक्तिकरण जैसे विषयों को केंद्र में रखा। संवाद,अभिनय और प्रस्तुतिकरण के माध्यम से छात्राओं ने सामाजिक जागरूकता के साथ नागरिक जिम्मेदारियों का संदेश दिया। प्रस्तुतियों के दौरान छात्राओं ने समसामयिक मुद्दों को रचनात्मक तरीके से सामने रखा,जिसे उपस्थित लोगों ने सराहा। प्रतियोगिता में प्रथम सेमेस्टर की हिमांशी ग्रुप ने प्रथम, तृतीय सेमेस्टर की अनीषा ग्रुप ने द्वितीय तथा पंचम सेमेस्टर की अर्चना ग्रुप ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। प्रथम सेमेस्टर की अदिति ग्रुप ने भी प्रभावशाली प्रस्तुति देकर अपनी उपस्थिति दर्ज कराई। प्रतियोगिता के निर्णायक मंडल में महाविद्यालय की सहायक प्राध्यापक मोनिका दास, एकता गुप्ता, पूनम पैंकरा तथा अंग्रेजी विभाग की पारुल पॉल शामिल रहीं। कार्यक्रम में प्रभारी कविता एक्का और नोडल अधिकारी एस.एस. अली उपस्थित रहे।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur