विश्व अंडा दिवस आज,इस वर्ष की थीम ‘ऊर्जा देने और स्वास्थ्य की रक्षा करने वाला प्रोटीन’
-संवाददाता-
अम्बिकापुर,08 अक्टूबर 2026 (घटती-घटना)। विश्व अंडा दिवस शुक्रवार को मनाया जाएगा। हर वर्ष अक्टूबर के दूसरे शुक्रवार को यह दिवस मनाया जाता है। वर्ष 2026 में विश्व अंडा दिवस की 30वीं वर्षगांठ है। इसकी शुरुआत वर्ष 1996 में हुई थी। इस वर्ष विश्व अंडा दिवस की थीम प्रोटीन दैट पावर्स एंड प्रोटेक्ट्स’ यानी‘ऊर्जा देने और स्वास्थ्य की रक्षा करने वाला प्रोटीन’ रखी गई है। इसका उद्देश्य अंडे में मौजूद उच्च गुणवत्ता वाले प्रोटीन और अन्य पोषक तत्वों के प्रति लोगों को जागरूक करना है। पशु चिकित्सक डॉ. सीके मिश्रा ने बताया कि अंडा उच्च गुणवत्ता वाले प्रोटीन का सुलभ स्रोत है। इसमें शरीर के लिए आवश्यक सभी 9 अमीनो एसिड पाए जाते हैं। प्रोटीन मांसपेशियों के विकास, मरम्मत और रखरखाव में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। अंडे में विटामिन डी,विटामिन बी-12, कोलीन और सेलेनियम जैसे पोषक तत्व भी होते हैं, जो हड्डियों, मस्तिष्क,तंत्रिका तंत्र और प्रतिरक्षा प्रणाली के सामान्य कामकाज में योगदान करते हैं। उन्होंने बताया कि बच्चों और किशोरों के शारीरिक विकास, युवाओं में मांसपेशियों के रखरखाव तथा बुजुर्गों में स्वस्थ उम्र बढऩे के लिए संतुलित आहार में पर्याप्त प्रोटीन जरूरी है। अंडा आसानी से उपलब्ध होने वाला और बहुउपयोगी खाद्य पदार्थ है, जिसे संतुलित आहार का हिस्सा बनाया जा सकता है। विश्व अंडा दिवस अंडे के पोषण महत्व के साथ पोल्ट्री और अंडा उत्पादन से जुड़े किसानों तथा ग्रामीण अर्थव्यवस्था में उनके योगदान को रेखांकित करने का भी अवसर है। विशेषज्ञों ने लोगों से अपनी आवश्यकता और स्वास्थ्य संबंधी सलाह के अनुसार अंडे समेत विभिन्न पौष्टिक खाद्य पदार्थों को संतुलित आहार में शामिल करने की अपील की है।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur