Breaking News

अम्बिकापुर@कैलाश मिश्रा की पहल से गांधी चौक-भारत माता चौक सड़क चौड़ीकरण की बाधा दूर करने की कवायद

Share


बिजली लाइन और ट्रांसफार्मर शिफ्टिंग के लिए 61.79 लाख रुपए का प्राक्कलन, डिमांड नोट जल्द जारी कराने की मांग

-संवाददाता-
अम्बिकापुर,07 अक्टूबर 2026 (घटती-घटना)। गांधी चौक से भारत माता चौक तक प्रस्तावित सड़क चौड़ीकरण के काम में बिजली की लाइन और ट्रांसफार्मर शिफ्टिंग की बाधा सामने आने के बाद भाजपा नेता एवं पूर्व जिला संयोजक कैलाश मिश्रा ने मामले को लेकर पहल की है। उन्होंने विद्युत विभाग के अधिकारियों को पत्र देकर शिफ्टिंग कार्य के लिए आवश्यक डिमांड नोट तत्काल जारी करने और प्रक्रिया जल्द पूरी कराने की मांग की है। करीब 0.98 किलोमीटर लंबे इस मार्ग पर सड़क चौड़ीकरण के लिए प्रभावित विद्युत अधोसंरचना को दूसरी जगह शिफ्ट किया जाना है। इसके लिए तैयार प्राक्कलन में कुल 61 लाख 78 हजार 932 रुपए की राशि निर्धारित की गई है। इसमें 11 केवी लाइन शिफ्टिंग के लिए 22.65 लाख, एलटी लाइन शिफ्टिंग के लिए 13.75 लाख और 11 केवी ट्रांसफार्मर डीपी शिफ्टिंग के लिए 25.38 लाख रुपए का खर्च शामिल है।
सड़क चौड़ीकरण में देरी न हो, इसलिए उठाया मुद्दा : कैलाश मिश्रा ने अपने पत्र में सड़क चौड़ीकरण को शहर के लिए महत्वपूर्ण कार्य बताते हुए विद्युत शिफ्टिंग की प्रक्रिया में तेजी लाने की मांग की है। उनका कहना है कि बिजली की लाइन और अन्य विद्युत अधोसंरचना सड़क चौड़ीकरण की जद में आ रही है, इसलिए इन्हें समय रहते शिफ्ट करना जरूरी है। इसके लिए संबंधित विभाग से डिमांड नोट जारी करने तथा आवश्यक राशि जमा कराने की कार्रवाई शीघ्र पूरी करने का आग्रह किया गया है। इधर राष्ट्रीय राजमार्ग संभाग, लोक निर्माण विभाग अंबिकापुर ने भी 5 अक्टूबर को विद्युत विभाग को पत्र भेजकर सड़क चौड़ीकरण के लिए आवश्यक विद्युत शिफ्टिंग का काम जल्द शुरू कराने के लिए राशि जमा कराने की प्रक्रिया पूरी करने का अनुरोध किया है।
61.79 लाख की शिफ्टिंग, उसके बाद सड़क चौड़ीकरण
गांधी चौक से भारत माता चौक तक सड़क चौड़ीकरण का काम ओटीआई परियोजना के तहत प्रस्तावित है। सड़क निर्माण में विद्युत अधोसंरचना बाधक न बने, इसके लिए पहले बिजली की लाइन और ट्रांसफार्मर शिफ्ट किए जाने हैं। कैलाश मिश्रा द्वारा इस मुद्दे को अधिकारियों के समक्ष उठाए जाने के बाद अब डिमांड नोट जारी होने और राशि जमा होने की प्रक्रिया पर नजर है। शहर के इस महत्वपूर्ण मार्ग के चौड़ीकरण से यातायात व्यवस्था में सुधार की उम्मीद है। ऐसे में विद्युत शिफ्टिंग की प्रक्रिया समय पर पूरी होना जरूरी है, ताकि सड़क चौड़ीकरण का काम अनावश्यक रूप से लंबित न हो।


Share

Check Also

सूरजपुर@वॉलीबॉल चैंपियंस लीग में छत्तीसगढ़ के मोहम्मद गौस बेग को मिला आमंत्रण

Share वॉलीबॉल चैंपियंस लीग सीजन-1 में रेफरी की भूमिका निभाएंगे सरगुजा के अंतर्राष्ट्रीय रेफरी,प्रदेश के …

Leave a Reply