मंत्री ने कहा…जो मूर्ति पूजा नहीं करते,वे गरबा से दूरी रखें…वक्फ बोर्ड अध्यक्ष के बयान का किया समर्थन
-संवाददाता-
अम्बिकापुर,07 अक्टूबर 2026 (घटती-घटना)। गरबा और डांडिया आयोजनों में मुस्लिम समुदाय के लोगों की भागीदारी को लेकर छत्तीसगढ़ के पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री राजेश अग्रवाल ने बयान दिया है। उन्होंने कहा कि गरबा मां दुर्गा की आराधना और मूर्ति पूजा से जुड़ा धार्मिक आयोजन है। ऐसे में जो लोग मूर्ति पूजा नहीं करते और इस धार्मिक परंपरा को नहीं मानते, उन्हें गरबा आयोजनों से दूरी रखनी चाहिए। मंत्री ने यह भी कहा कि कुछ लोग नाम बदलकर गरबा कार्यक्रमों में पहुंचते हैं तो उनकी पहचान होने पर एफआईआर सहित कठोर कार्रवाई होनी चाहिए। मंत्री राजेश अग्रवाल ने यह बात प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 वर्ष के सफल कार्यकाल को लेकर आयोजित कार्यक्रम के दौरान मीडिया से चर्चा में कही। उन्होंने छत्तीसगढ़ वक्फ बोर्ड के अध्यक्ष डॉ. सलीम राज के हालिया बयान का उल्लेख करते हुए कहा कि जब मुस्लिम समाज के लोग मूर्ति पूजा नहीं करते हैं तो उन्हें गरबा में नहीं जाना चाहिए। डॉ. सलीम राज ने भी गरबा को धार्मिक आयोजन बताते हुए मुस्लिम युवाओं से आयोजन समिति की अनुमति लेने और धार्मिक परंपराओं का सम्मान करने की अपील की थी। मंत्री ने कहा कि उनका उद्देश्य आपसी वैमनस्यता बढ़ाना नहीं है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक समाज में कुछ लोग ही विवाद की स्थिति पैदा करते हैं,लेकिन उसका असर पूरे समाज की छवि पर पड़ता है। उन्होंने गरबा आयोजकों से भी सुरक्षा व्यवस्था पर ध्यान देने की बात कही। राजेश अग्रवाल ने कहा कि यदि कोई व्यक्ति गलत तरीके से या नाम छिपाकर गरबा में प्रवेश करता है और वहां बदमाशी करता पाया जाता है, तो उसकी पहचान कर कानूनी कार्रवाई की जानी चाहिए। उन्होंने कहा कि ऐसे मामलों में कार्रवाई से सामाजिक विवाद की स्थिति को रोका जा सकता है। मंत्री के इस बयान के बाद गरबा आयोजनों में मुस्लिम समुदाय की भागीदारी को लेकर चर्चा फिर तेज हो गई है। इससे पहले वक्फ बोर्ड अध्यक्ष डॉ. सलीम राज ने भी मुस्लिम समाज के लोगों से गरबा आयोजनों को लेकर धार्मिक परंपराओं और आयोजक समिति के नियमों का पालन करने की अपील की थी।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur