Breaking News

अम्बिकापुर@ब्रेकडाउन ट्रैक्टर से टकराई बाइक,दो युवकों की मौत

Share


बतौली के झरगवां के पास हादसा; तीसरा युवक गंभीर, मेडिकल कॉलेज अस्पताल रेफर

-संवाददाता-
अम्बिकापुर,06 अक्टूबर 2026 (घटती-घटना)। अंबिकापुर-रायगढ़ एनएच-43 पर सोमवार रात ग्राम झरगवां के पास सडक पर खड़े ब्रेकडाउन ट्रैक्टर से बाइक टकरा गई। हादसे में बाइक सवार दो युवकों की मौत हो गई, जबकि तीसरा गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल को प्राथमिक उपचार के बाद अंबिकापुर मेडिकल कॉलेज अस्पताल रेफर किया गया है। जानकारी के अनुसार ग्राम भटको निवासी अजय प्रधान (24), ग्राम कुनकुरी कला निवासी मुन्ना राम पैंकरा (23) और ग्राम पथरई निवासी राजमोहन (23) सिलसिला एल्यूमिना प्लांट में काम करते थे। सोमवार को तीनों ड्यूटी पर गए थे। काम खत्म होने के बाद रात करीब 8 बजे एक ही बाइक से अपने घर लौट रहे थे। तीनों अंबिकापुर-रायगढ़ राष्ट्रीय राजमार्ग-43 पर झरगवां के पास पहुंचे थे। इसी दौरान सडक पर ब्रेकडाउन हालत में खड़े ट्रैक्टर से उनकी बाइक जा टकराई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि तीनों को सिर समेत शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोटें आईं। हादसे के बाद तीनों सडक पर घायल अवस्था में पड़े रहे। वहां से गुजर रहे राहगीरों ने बतौली पुलिस और एंबुलेंस को सूचना दी।
अस्पताल पहुंचने पर दो को मृत घोषित किया : पुलिस और एंबुलेंस की मदद से तीनों घायलों को बतौली के शांतिपारा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। जांच के बाद डॉक्टरों ने अजय प्रधान और मुन्ना राम पैंकरा को मृत घोषित कर दिया।
वहीं राजमोहन की हालत गंभीर होने पर प्राथमिक उपचार के बाद उसे अंबिकापुर मेडिकल कॉलेज अस्पताल रेफर कर दिया गया, जहां उसका उपचार जारी है। पुलिस ने मंगलवार को दोनों मृतकों के शव का पोस्टमार्टम कराने के बाद परिजनों को सौंप दिया। हादसे की जानकारी मिलने के बाद दोनों परिवारों में मातम पसरा हुआ है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।


Share

Check Also

अम्बिकापुर@शेड निर्माण टेंडर पर शिकायत, विश्वविद्यालय प्रबंधन ने आरोपों को बताया गलत

Share एल-1 फर्म को काम नहीं देने का आरोप,कुलपति बोले…संबंधित टेंडर निरस्त हो चुका,कुलसचिव ने …

Leave a Reply