सेवा संकल्प अभियान के दौरान भारतीय रेड क्रॉस सोसायटी द्वारा स्वैच्छिक रक्तदान एवं स्वास्थ्य परीक्षण शिविर का आयोजन
-संवाददाता-
अम्बिकापुर,03 अक्टूबर 2026 (घटती-घटना)। किसी जरूरतमंद के लिए समय पर उपलब्ध रक्त जीवन बचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। इसी मानवीय भावना को जनसहभागिता से जोड़ते हुए भारतीय रेड क्रॉस सोसायटी, जिला शाखा सरगुजा द्वारा पुलिस प्रशिक्षण केंद्र (पीटीएस), मैनपाट में स्वैच्छिक रक्तदान एवं स्वास्थ्य परीक्षण शिविर का आयोजन किया गया। छत्तीसगढ़ शासन द्वारा संचालित एक माह अवधि के ‘सेवा संकल्प अभियान’ के दौरान आयोजित इस शिविर में प्रशिक्षणार्थियों एवं अन्य प्रतिभागियों द्वारा स्वैच्छिक रक्तदान के लिए उत्साहपूर्वक सहभागिता की गई। शिविर में 110 लोगों ने स्वैच्छिक रक्तदान के लिए पंजीयन कराया। रक्तदान के प्रति प्रशिक्षणार्थियों की सहभागिता यह संदेश देती है कि समाज के प्रत्येक वर्ग,विशेषकर युवाओं की पहल किसी जरूरतमंद के लिए महत्वपूर्ण सहायता बन सकती है। स्वैच्छिक रक्तदान केवल रक्त देने की प्रक्रिया नहीं, बल्कि आवश्यकता के समय किसी अन्य व्यक्ति के जीवन के प्रति अपनी सामाजिक जिम्मेदारी निभाने का माध्यम भी है। कार्यक्रम को पुलिस महानिरीक्षक,सरगुजा रेंज, श्री दीपक कुमार झा का मार्गदर्शन एवं सहयोग प्राप्त हुआ। वहीं कलेक्टर एवं अध्यक्ष,भारतीय रेड क्रॉस सोसायटी,जिला शाखा सरगुजा, श्री अजित वसंत के मार्गदर्शन में जिला शाखा द्वारा शिविर के आयोजन एवं समन्वय की कार्यवाही की गई। शिविर में प्रशिक्षणार्थियों को स्वैच्छिक रक्तदान के लिए प्रेरित करने में पुलिस प्रशिक्षण केंद्र,मैनपाट के पुलिस अधीक्षक डॉ. राजेंद्र प्रसाद भैया, मुख्य ड्रिल प्रशिक्षक श्री रोशन दहल एवं श्री कन्हैया यादव की सक्रिय भूमिका रही। उनके द्वारा प्रशिक्षणार्थियों को रक्तदान के महत्व की जानकारी देते हुए स्वैच्छिक रक्तदान के लिए प्रोत्साहित किया गया। उनके मार्गदर्शन एवं प्रोत्साहन से प्रशिक्षणार्थियों में रक्तदान के प्रति सकारात्मक सहभागिता देखने को मिली। भारतीय रेड क्रॉस सोसायटी द्वारा रक्तदान, नेत्रदान,अंगदान,देहदान एवं मानवीय सेवा से संबंधित गतिविधियां निरंतर संचालित की जाती हैं। सेवा संकल्प अभियान की अवधि में आयोजित यह शिविर इसी निरंतर सेवा-कार्य का एक हिस्सा रहा,जिसके माध्यम से रक्तदान के प्रति जागरूकता एवं सामाजिक सहभागिता को बढ़ावा देने का प्रयास किया गया। इस अवसर पर ‘रक्तदान महादान दृ अंगदान जीवनदान’ का संदेश भी दिया गया।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur