Breaking News

अम्बिकापुर@48 बच्चों का कराया दाखिला,चरण प्रक्षालन कर किया स्वागत…

Share


कंडराजा में सेवा संकल्प अभियान के तहत विशेष कार्यक्रम,बच्चों को कॉपी-पेन व जूते भी बांटे

-संवाददाता-
अम्बिकापुर,03 अक्टूबर 2026 (घटती-घटना)। सेवा संकल्प अभियान के तहत मैनपाट विकासखंड में शिक्षा से वंचित बच्चों को स्कूल की मुख्यधारा से जोडऩे की पहल को विशेष अभियान का रूप दिया गया है। दूरस्थ पहाड़ी, घाटी और दुर्गम क्षेत्रों में सर्वे के दौरान 6 से 14 वर्ष आयु वर्ग के 48 अप्रवेशी बच्चों को चिन्हांकित किया गया। इनमें पहाड़ी कोरबा समुदाय के बच्चों को उनकी आयु और निवास क्षेत्र के अनुसार विद्यालयों तथा पहाड़ी कोरबा आश्रमों में दाखिला दिलाया गया। शुक्रवार को कंडराजा प्राथमिक एवं माध्यमिक विद्यालय परिसर में चिन्हांकित बच्चों के स्वागत के लिए विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। बच्चों का पारंपरिक तरीके से चरण प्रक्षालन कर तिलक लगाया गया और आत्मीय स्वागत किया गया। इसके बाद उन्हें कॉपी-पेन प्रदान कर विद्या आरंभ की प्रक्रिया को आगे बढ़ाया गया। कार्यक्रम के बाद बच्चों के लिए न्योता भोज रखा गया, जिसमें शिक्षक, समन्वयक और जनप्रतिनिधि भी शामिल हुए। बच्चों को जूते भी प्रदान किए गए।
दाखिले के साथ ठहराव पर जोर : विकासखंड शिक्षा अधिकारी योगेश शाही ने बताया कि अभियान का उद्देश्य केवल बच्चों का दाखिला कराना नहीं, बल्कि उन्हें विद्यालय और आश्रम में नियमित रूप से बनाए रखते हुए पढ़ाई पूरी कराना है। यह अभियान पिछले वर्ष से लगातार चल रहा है। पिछले वर्ष चिन्हांकित किए गए बच्चों को भी विद्यालयों और आश्रमों में प्रवेश दिलाया गया था, जहां वे वर्तमान में अध्ययनरत हैं। शाही ने बताया कि कंडराजा, चुरकिपानी, सारुजोबा, कोरबापारा और मूसाखोल सहित विभिन्न संकुलों में शिक्षकों व प्रधान पाठकों ने दुर्गम क्षेत्रों तक पहुंचकर सर्वे किया। अलग-अलग भाषाओं और भौगोलिक परिस्थितियों के बीच बच्चों की पहचान कर उनके परिवारों से संवाद स्थापित किया गया।
विरोध के बीच संवाद से जोड़ा शिक्षा से : अभियान के दौरान टीम को कई स्थानों पर कठिन परिस्थितियों का सामना भी करना पड़ा। एक स्थान पर बच्चों के पालकों की ओर से शिक्षकों पर पत्थर फेंकने का प्रयास किया गया। शिक्षकों ने संयम रखते हुए परिवारों से संवाद किया और धीरे-धीरे मित्रवत संबंध स्थापित कर बच्चों को शिक्षा के महत्व से जोड़ा।
प्रतियोगिता के विजेता भी हुए पुरस्कृत : कार्यक्रम में संकुल स्तर पर आयोजित रंगोली, चित्रकला और निबंध प्रतियोगिताओं में प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को पुरस्कृत किया गया। पारंपरिक खेलों में जलेबी दौड़ आयोजित हुई। ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत चंदन और रुद्राक्ष के पौधे भी लगाए गए। कार्यक्रम में संकुल समन्वयक कमलेश सिंह, काजेश घोष,सत्य प्रकाश गुप्ता, महेश यादव,अजीत नामदेव,ओमप्रकाश, एस. कुजूर,दिनेश कुजूर,सतीश किंडो,विजय सिंह सहित शिक्षक-कर्मचारी मौजूद रहे। हॉस्टल अधीक्षक मुजस्सम खान, सरपंच, उपसरपंच और अन्य जनप्रतिनिधियों ने भी सहभागिता की। बीईओ योगेश शाही ने बताया कि अभियान को अब माझी-माजवार समुदाय के बच्चों तक भी विस्तार दिया जाएगा। स्थानीय भाषा और परिस्थितियों को समझने के लिए पहाड़ी कोरवा शिक्षकों की मदद भी ली जा रही है।


Share

Check Also

मनेंद्रगढ़@ गांधी एवं शास्त्री जयंती पर कांग्रेस ने किया महापुरुषों को नमन,श्रमिकों का सम्मान

Share ब्लॉक कांग्रेस कमेटी मनेंद्रगढ़ शहर के आयोजन में सत्य,अहिंसा,सादगी और राष्ट्रसेवा के आदर्शों को …

Leave a Reply