- सूरजपुर पुलिस का शिकंजा : लूट का आरोपी पकड़ा, नाबालिग बरामद,गांजा कांड का फरार आरोपी गिरफ्तार
- सीसीटीवी से लेकर इंटरस्टेट ऑपरेशन तक,सूरजपुर पुलिस की तीन बड़ी सफलताएं
- 5 हजार की लूट,नाबालिग का अपहरण और 4.24 करोड़ का गांजा कांड—तीनों मामलों में पुलिस की कार्रवाई
- ओड़गी से जयनगर तक पुलिस का एक्शन,तीन मामलों में आरोपियों पर कसा शिकंजा
- लूट का आरोपी गिरफ्तार,अपहृत नाबालिग बरामद,गांजा कांड में फरार आरोपी कटनी से गिरफ्तार
- सूरजपुर पुलिस की ताबड़तोड़ कार्रवाई : जंगल की लूट से गांजा तस्करी तक आरोपियों पर शिकंजा
-संवाददाता-
सूरजपुर,03 अक्टूबर 2026 (घटती-घटना)। जिले में अपराध और मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई के बीच तीन अलग-अलग मामलों में पुलिस को सफलता मिली है,ओड़गी थाना पुलिस ने 5 हजार रुपये की लूट के मामले में आरोपी को गिरफ्तार किया, वहीं नाबालिग के अपहरण के मामले में पुलिस टीम ने बिहार से लेकर हैदराबाद, बैंगलोर और नागपुर तक आरोपी का पीछा कर नाबालिग को बरामद किया,दूसरी ओर जयनगर पुलिस ने 4 करोड़ 24 लाख रुपये कीमत के 848 किलो 650 ग्राम गांजा जब्ती मामले में फरार एक अन्य आरोपी को मध्यप्रदेश के कटनी से गिरफ्तार किया है, तीनों मामलों में पुलिस ने आरोपी तक पहुंचने के लिए सीसीटीवी फुटेज,शिनाख्ती,तकनीकी संसाधनों, मुखबिर सूचना और लगातार दबिश का सहारा लिया। पुलिस के अनुसार तीनों मामलों में आगे की विवेचना जारी है।
बिना नंबर के मोपेड में बैठाकर जंगल ले गया,5 हजार रुपये लूटे-ओड़गी थाना क्षेत्र में ग्राम भवरखोह निवासी जेठू सिंह ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 20 अगस्त 2026 को वह ओड़गी लोक सेवा केंद्र से पैसे निकालने गया था,रकम निकालने के बाद बस स्टैंड ओड़गी में बारिश के कारण वह रुका हुआ था, इसी दौरान एक अज्ञात व्यक्ति बिना नंबर की मोपेड लेकर पहुंचा और उसे गांव तक छोड़ने की बात कही,जेठू सिंह उसके साथ मोपेड में बैठकर जाने लगा। आरोप है कि रास्ते में पालदनौली जंगल के पास उक्त व्यक्ति ने जबरन उससे 5 हजार रुपये लूट लिए और मौके से फरार हो गया,प्रार्थी की रिपोर्ट पर थाना ओड़गी में अपराध क्रमांक 60/2026, धारा 309(4) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया।
साप्ताहिक बाजार में मिला संदिग्ध, पुलिस ने घेराबंदी कर पकड़ा-पुलिस अधीक्षक सूरजपुर योगेश कुमार पटेल (भापुसे) ने आरोपी की पतासाजी कर शीघ्र गिरफ्तारी के निर्देश दिए, विवेचना के दौरान पुलिस को सूचना मिली कि मामले में बताए गए हुलिए से मिलता-जुलता व्यक्ति ओड़गी साप्ताहिक बाजार में कुछ लोगों को अपने साथ सहायता करने के नाम पर बैठा रहा है,सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घेराबंदी कर एक व्यक्ति को पकड़ा। पूछताछ में उसने अपना नाम श्रीराम गुप्ता उर्फ लम्बू उर्फ सुजीत उर्फ करण,पिता छोटेलाल,निवासी दर्रीपारा थाना भैयाथान,वर्तमान निवासी ग्राम मनियारी थाना बैढ़न,जिला सिंगरौली मध्यप्रदेश बताया,पुलिस के अनुसार सीसीटीवी फुटेज और शिनाख्ती कार्रवाई में उक्त व्यक्ति की पहचान लूट की घटना से जुड़ी पाई गई, पूछताछ में भी आरोपी द्वारा घटना को अंजाम देना स्वीकार करने की बात पुलिस ने कही है, इसके बाद उसे गिरफ्तार किया गया, पुलिस के मुताबिक आरोपी के विरुद्ध मध्यप्रदेश के कई थानों में अपराध दर्ज हैं तथा थाना बसंतपुर में वह स्थायी वारंटी भी है। संबंधित थानों को इसकी सूचना दी गई है,इस कार्रवाई में थाना प्रभारी ओड़गी अलरिक लकड़ा,प्रधान आरक्षक रामाधीन श्यामले,मनोज वर्मा,आरक्षक निर्मल राजवाड़े और जगदीश सक्रिय रहे।
4.24 करोड़ के गांजा मामले में एक और आरोपी कटनी से गिरफ्तार- जयनगर थाना पुलिस ने 4 करोड़ 24 लाख रुपये से अधिक कीमत के गांजा जब्ती मामले में फरार एक और आरोपी को मध्यप्रदेश के कटनी से गिरफ्तार किया है,पुलिस के अनुसार इस मामले में पहले भी आरोपियों की गिरफ्तारी और गांजा सहित परिवहन में प्रयुक्त बस की जब्ती की जा चुकी है,घटना 4 जून 2026 की है, जयनगर पुलिस को सूचना मिली थी कि अंबिकापुर से मनेंद्रगढ़ की ओर जा रही नीलम बस क्रमांक ष्टत्र 15 श्व॥ 4301 में कुछ लोग बोरियों और कपड़े में बंधी गठरियों में गांजा लेकर जा रहे हैं।
गठरियों के ऊपर पहचान छिपाने के लिए झाड़ू बांधे जाने की भी सूचना थी, पुलिस टीम ने सिलफिली पहुंचकर बस को रोका। तलाशी के दौरान बस में चालक के अलावा छह महिलाएं मिलीं। पुलिस के अनुसार बस की लोअर सीट और ऊपर स्लीपर सीट में रखी 53 बोरियों तथा कपड़े में बंधी गठरियों से कुल 848 किलो 650 ग्राम गांजा बरामद हुआ, पुलिस ने इसकी कीमत करीब 4 करोड़ 24 लाख रुपये बताई, इसके अलावा 478 नग झाड़ू, परिवहन में प्रयुक्त बस और एक मोबाइल फोन भी जब्त किया गया,मामले में अपराध क्रमांक 140/2026, धारा 20(बी), 20(ढ्ढढ्ढ)(सी) और 29 एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई की गई थी।
नाबालिग के अपहरण में पुलिस का पीछा बिहार से नागपुर तक…
ओड़गी थाना क्षेत्र में एक व्यक्ति ने अपनी नाबालिग बेटी को अज्ञात व्यक्ति द्वारा बहला-फुसलाकर भगाकर ले जाने की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। रिपोर्ट पर आरोपी के विरुद्ध धारा 137(2) के तहत मामला दर्ज किया गया,मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक योगेश कुमार पटेल के निर्देश पर अपहृता की पतासाजी और आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की दो टीमें गठित की गईं,एक टीम कटनी मध्यप्रदेश और दूसरी टीम पश्चिम चंपारण बिहार के लिए रवाना की गई। पुलिस के अनुसार दोनों स्थानों पर अलग-अलग ठिकानों पर दबिश दी गई,लेकिन आरोपी लगातार अपना ठिकाना बदल रहा था।
बिहार से हैदराबाद,बैंगलोर होते हुए नागपुर तक पीछा
बिहार पहुंची पुलिस टीम ने तकनीकी संसाधनों की मदद से आरोपी की लगातार पतासाजी शुरू की, आरोपी के ठिकाने बदलने के बावजूद पुलिस उसका पीछा करती रही,पुलिस के अनुसार आरोपी बिहार से हैदराबाद और बैंगलोर होते हुए महाराष्ट्र के नागपुर तक पहुंचा,जहां पाडूरंगा क्षेत्र में पुलिस टीम ने दबिश देकर उसे पकड़ा, आरोपी की पहचान राजू कुमार उम्र 24 वर्ष, निवासी पश्चिम चंपारण बिहार के रूप में बताई गई है। पुलिस ने उसके कब्जे से अपहृत नाबालिग बालिका को बरामद किया,नाबालिग को आवश्यक प्रक्रिया के तहत बाल कल्याण समिति के समक्ष पेश किया गया,जिसके बाद उसे परिजनों को सौंप दिया गया,वहीं मामले के आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है,कार्रवाई अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक योगेश देवांगन एवं एसडीओपी ओड़गी राजेंद्र मंडावी के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी अलरिक लकड़ा,एएसआई ज्ञानचंद सिंह, प्रधान आरक्षक उदय सिंह,आरक्षक हेमंत सिंह,अनिल एक्का,सतीश गुप्ता,निर्मल राजवाड़े और महिला आरक्षक सुकन्या सिंह द्वारा की गई।
कटनी जेल से निकलते ही पुलिस ने दबोचा
पुलिस अधीक्षक योगेश कुमार पटेल ने मामले में इण्ड-टू-इण्ड विवेचना करते हुए फरार आरोपियों की पतासाजी के निर्देश दिए थे, विवेचना के दौरान पुलिस को जानकारी मिली कि अरसेन धुर्वे पवार (पारधी),पिता स्व. बाबिर पवार,उम्र 35 वर्ष,निवासी ग्राम सिनगौड़ी फुटहा टोला खिरवा, थाना विजयराघवगढ़,जिला कटनी,मध्यप्रदेश, जिला जेल कटनी से रिहा होकर बाहर आया है,मुखबिर की सूचना पर जयनगर पुलिस ने जिला जेल कटनी के पास दबिश देकर उसे पकड़ लिया।
पुलिस के अनुसार मुख्य सरगना ने बताई तस्करी की कहानी
पुलिस के अनुसार पूछताछ में आरोपी अरसेन धुर्वे ने गांजा तस्करी के नेटवर्क से जुड़े कई तथ्यों का खुलासा किया,पुलिस का कहना है कि आरोपी ने बताया कि मई-जून में वह ग्राम खिरहनी की पारधी बस्ती में गया और लोगों को ओडिशा चलने तथा वहां झाड़ू फैक्टरी से झाड़ू लाने के बदले प्रत्येक व्यक्ति को 5 से 10 हजार रुपये देने की बात कही,इसके बाद लोगों को पिकअप वाहन से कटनी ले जाया गया और वहां से ट्रेन के माध्यम से बिलासपुर तथा फिर राउरकेला,ओडिशा पहुंचने की बात सामने आई,पुलिस के अनुसार वहां से पिकअप वाहन में झाड़ू और गांजा की गठरियां लेकर अंबिकापुर रेलवे स्टेशन के आगे कालीघाट के पास पहुंचे। गठरियों को उतारने के बाद अंबिकापुर बस स्टैंड से एजेंट के माध्यम से नीलम बस को मध्यप्रदेश के विजयराघवगढ़ तक जाने के लिए बुक किया गया,बताया गया कि बस कालीघाट के पास पहुंची,जहां सभी लोग झाड़ू और गांजा से भरी गठरियां लेकर बस में सवार हुए,सिलफिली के पास पुलिस ने बस को रोककर कार्रवाई की और बड़ी मात्रा में गांजा बरामद किया।
इण्ड-टू-इण्ड विवेचना जारी…
जयनगर पुलिस के अनुसार मामले में पहले कई आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है और अब फरार आरोपियों की पतासाजी लगातार की जा रही है,पुलिस का कहना है कि पूरे नेटवर्क की कडि़यों को जोड़ने के लिए इण्ड-टू-इण्ड विवेचना जारी है,इस कार्रवाई में थाना प्रभारी जयनगर अमित गुप्ता,एसआई सोहन सिंह,प्रधान आरक्षक रजिन्दर एक्का,आरक्षक जितेन्द्र साहू और हरि सिंह सक्रिय रहे।
तीन मामलों में अलग-अलग तरीके,पुलिस की लगातार कार्रवाई
सूरजपुर जिले में सामने आए इन तीन मामलों में अपराध का तरीका अलग-अलग रहा,एक मामले में बिना नंबर की मोपेड में बैठाकर जंगल ले जाकर कथित तौर पर 5 हजार रुपये की लूट की गई, दूसरे में नाबालिग को बहला-फुसलाकर ले जाने के बाद आरोपी लगातार ठिकाने बदलता रहा और तीसरे मामले में झाड़ू की गठरियों के बीच बड़ी मात्रा में गांजा परिवहन किए जाने का पुलिस ने खुलासा किया, इन मामलों में पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज, शिनाख्ती,मुखबिर सूचना,तकनीकी संसाधनों और लगातार अंतरराज्यीय दबिश के जरिए आरोपियों तक पहुंचने की कार्रवाई की है,पुलिस के अनुसार तीनों प्रकरणों में आगे की विवेचना जारी है और जहां अन्य आरोपी फरार हैं, उनकी तलाश भी की जा रही है।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur