Breaking News

रायपुर@छत्तीसगढ़ में बढ़ेगी मतदाताओं की संख्या

Share


प्री-एसआईआर सूची से मौजूदा वोटर लिस्ट का होगा मिलान,छूटे-नए मतदाताओं के नाम जोड़ने चलेगा विशेष अभियान

रायपुर,03 अक्टूबर 2026। छत्तीसगढ़ में मतदाता सूची में छूटे पात्र लोगों और पहली बार वोट देने वाले युवाओं के नाम जोड़ने के लिए विशेष अभियान चलाया जाएगा। भारत निर्वाचन आयोग ने विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के बाद पात्र मतदाताओं को सूची में शामिल करने के लिए राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के मुख्य निर्वाचन अधिकारियों को निर्देश जारी किए हैं। अभियान के तहत बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) मौजूदा मतदाता सूची का प्री-एसआईआर सूची से मिलान करेंगे। इसमें उन मतदाताओं की पहचान की जाएगी, जिनके नाम पहले की सूची में दर्ज थे, लेकिन वर्तमान सूची में नहीं हैं। इसके बाद बीएलओ घर-घर पहुंचकर संबंधित मतदाताओं की स्थिति का सत्यापन करेंगे। पात्र पाए जाने पर फॉर्म-6 के जरिए नाम दोबारा मतदाता सूची में शामिल कराया जाएगा। आयोग ने बीएलओ को हर सप्ताह कम से कम 20 से 25 ऐसे मतदाताओं तक पहुंचने और करीब एक महीने में यह प्रक्रिया पूरी करने का लक्ष्य दिया है।
18 साल पूरे कर चुके युवाओं पर भी फोकस
घर-घर सत्यापन के दौरान ऐसे लोगों की भी पहचान की जाएगी, जो मतदाता बनने की पात्रता पूरी कर चुके हैं, लेकिन अब तक उनका नाम सूची में नहीं जुड़ा है। 18 वर्ष की आयु पूरी कर चुके युवाओं और पहली बार मतदान करने वालों से फॉर्म-6 भरवाया जाएगा। आयोग ने स्पष्ट किया है कि मतदाता पंजीकरण सतत प्रक्रिया है और पात्र व्यक्ति नाम जुड़वाने के लिए आवेदन कर सकते हैं।
राजनीतिक दलों को भी दी जाएगी जानकारी
बीएलओ की ओर से तैयार बूथवार सूची मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के बूथ लेवल एजेंट के साथ साझा की जाएगी। फॉर्म-6 और सत्यापन रिपोर्ट संबंधित निर्वाचक पंजीकरण अधिकारी को भेजी जाएगी। इसके आधार पर नियमानुसार आगे की कार्रवाई होगी। इसके साथ ही बूथ स्तर पर विशेष कैंप लगाए जाएंगे। रैन बसेरों,मजदूर कॉलोनियों,बेघर और वंचित लोगों के नाम जोड़ने पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। अभियान का प्रचार स्वीप गतिविधियों के जरिए होगा। सीईओ,डीईओ और ईआरओ इसकी नियमित समीक्षा करेंगे।


Share

Check Also

मनेंद्रगढ़@ गांधी एवं शास्त्री जयंती पर कांग्रेस ने किया महापुरुषों को नमन,श्रमिकों का सम्मान

Share ब्लॉक कांग्रेस कमेटी मनेंद्रगढ़ शहर के आयोजन में सत्य,अहिंसा,सादगी और राष्ट्रसेवा के आदर्शों को …

Leave a Reply