नई दिल्ली,03 अक्टूबर 2026। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने शनिवार को ‘सत्याग्रह’ नाम का डिजिटल प्लेटफॉर्म लॉन्च किया। इस प्लेटफॉर्म का उद्देश्य देशभर में चल रहे अलग-अलग विरोध प्रदर्शनों और आंदोलनों की जानकारी को एक जगह जुटाना और समान मुद्दों पर संघर्ष कर रहे लोगों को जोड़ना है। राहुल गांधी ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर वीडियो पोस्ट कर लोगों से अन्याय के खिलाफ अपने संघर्ष की कहानी साझा करने की अपील की। उन्होंने बताया कि प्रदर्शनकारी अपने मुद्दे की जानकारी प्लेटफॉर्म पर दर्ज कर सकते हैं। इसके अलावा इंटरैक्टिव मैप के जरिए देश के अलग-अलग हिस्सों में समान मुद्दों पर चल रहे आंदोलनों को भी देखा जा सकता है।
आपकी कहानी
नक्शे पर दिखाई देगी…
राहुल गांधी ने कहा कि देशभर में कई लोग अपने अधिकारों के लिए संघर्ष कर रहे हैं और कई बार उन्हें अकेले अपनी आवाज उठानी पड़ती है। उन्होंने छात्रों, किसानों, आदिवासियों,दलितों और महिलाओं से जुड़े आंदोलनों का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि अकेले उठने वाली आवाज दब सकती है। ऐसे में ‘सत्याग्रह’ पहल के जरिए इन आवाजों को एक नक्शे पर लाने की कोशिश की गई है। उन्होंने लोगों से अपील की कि अगर वे किसी अन्याय के खिलाफ संघर्ष कर रहे हैं तो अपनी कहानी साझा करें। राहुल गांधी के मुताबिक,कहानी साझा करने में करीब दो मिनट लगेंगे। इसके बाद वह कहानी प्लेटफॉर्म के मैप पर दिखाई देगी और लोग यह भी देख सकेंगे कि देश के दूसरे हिस्सों में कौन लोग इसी तरह के मुद्दों को लेकर संघर्ष कर रहे हैं।
संसद और सड़क पर साथ देने की बात
राहुल गांधी ने कहा कि नेता प्रतिपक्ष के तौर पर वह जरूरत के मुताबिक इन मुद्दों को संसद में उठाने, सड़कों पर लोगों के साथ खड़े होने और पत्र लिखने की कोशिश करेंगे। उन्होंने कहा कि जहां भी उनकी जरूरत होगी, वह लोगों के साथ खड़े होने का प्रयास करेंगे। राहुल गांधी ने इसे नेता प्रतिपक्ष के तौर पर अपनी जिम्मेदारी बताया।
महंगाई,किसानों और महिला सुरक्षा का जिक्र
एक वीडियो संदेश में राहुल गांधी ने कहा कि देश के अलग-अलग हिस्सों में कई मुद्दों को लेकर विरोध प्रदर्शन हो रहे हैं। इनमें छात्रों,महिलाओं,किसानों और महंगाई से जुड़े मुद्दे शामिल हैं। उन्होंने कहा कि अलग-अलग जगहों पर चल रहे इन प्रदर्शनों की जानकारी को एक जगह लाने के उद्देश्य से ‘सत्याग्रह’ वेबसाइट शुरू की गई है। राहुल गांधी ने लोगों से कहा कि उनका प्रदर्शन बड़ा हो या छोटा,वे वेबसाइट पर उसकी जानकारी दर्ज कर सकते हैं। इसके लिए अपना नाम, समूह का नाम और प्रदर्शन किस मुद्दे को लेकर है,इसकी जानकारी देने को कहा गया है। उन्होंने कहा कि यदि किसी आंदोलन या प्रदर्शन को उनकी मदद की जरूरत होगी या लोग उनसे समर्थन मांगेंगे, तो वह सहयोग करने की कोशिश करेंगे।
महात्मा गांधी की विचारधारा का किया जिक्र
राहुल गांधी ने ‘सत्याग्रह’ पहल का जिक्र करते हुए महात्मा गांधी की विचारधारा को भी सामने रखा। उन्होंने कहा कि सत्य एक बड़ी ताकत है और सत्य के साथ एकजुट होकर खड़ा होना उससे भी बड़ी ताकत हो सकती है।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur