छत्तीसगढ़ की पहली फैमिली ओपन जेल का अंबिकापुर में शुभारंभ
-संवाददाता-
अम्बिकापुर,02 अक्टूबर 2026 (घटती-घटना)। अंतरराष्ट्रीय अहिंसा दिवस के अवसर पर शुक्रवार को केंद्रीय जेल अंबिकापुर में छत्तीसगढ़ की पहली परिवार खुली जेल (फैमिली ओपन करेक्शनल इंस्टीट्यूशन-ओसीआई) का शुभारंभ किया गया। डीजी जेल हिमांशु गुप्ता ने इसका उद्घाटन किया। यह पहल छत्तीसगढ़ शासन के सेवा संकल्प अभियान के तहत शुरू की गई है। जेल अधीक्षक अक्षय सिंह राजपूत सहित जेल विभाग के अधिकारी-कर्मचारी इस अवसर पर मौजूद रहे। परिवार खुली जेल की व्यवस्था का उद्देश्य बंदियों को परिवार के साथ रहते हुए रोजगार और सामाजिक जीवन से जोडऩा है।
अंबिकापुर केंद्रीय जेल में उपलब्ध अधोसंरचना का उपयोग करते हुए शुरू की गई इस सुविधा में फिलहाल दो बंदी अपने परिवार के साथ रह सकेंगे। बंदी सुबह रोजगार अथवा अन्य कार्यों के लिए जेल परिसर से बाहर जा सकेंगे और शाम को लॉकअप से पहले वापस जेल लौटेंगे। उनके परिवार के लिए आवश्यक मूलभूत सुविधाएं जेल विभाग की ओर से उपलब्ध कराई जाएंगी।
भविष्य में और होगा विस्तार : पहले महीने का राशन जेल विभाग उपलब्ध कराएगा। इसके बाद बंदियों को रोजगार के माध्यम से अपने परिवार के लिए राशन की व्यवस्था स्वयं करनी होगी। इसके लिए जेल विभाग की ओर से रोजगार के पर्याप्त अवसर उपलब्ध कराने की बात कही गई है। बंदियों को रोजगार के अन्य वैकल्पिक साधन भी उपलब्ध रहेंगे। भविष्य में इस सुविधा का विस्तार कर इसका आकार और स्वरूप बढ़ाया जाएगा।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur