ट्राइबल टाइगर ने 4-0 से जीता उद्घाटन मुकाबला
-संवाददाता-
अम्बिकापुर,02 अक्टूबर 202 (घटती-घटना)। गांधी स्टेडियम में शुक्रवार को संभाग स्तरीय नॉकआउट-कम-लीग फुटबॉल प्रतियोगिता 2026 का शुभारंभ हुआ। महात्मा गांधी एवं लाल बहादुर शास्त्री जयंती के अवसर पर खेले गए उद्घाटन मुकाबले में ट्राइबल टाइगर बी ने डॉन बॉस्को क्लब कुनकुरी को 4-0 से हराया। मुकाबले के पहले हाफ में ट्राइबल टाइगर बी ने दो गोल कर 2-0 की बढ़त बना ली। दूसरे हाफ में टीम ने दो और गोल दागे और मुकाबला 4-0 से अपने नाम किया। प्रतियोगिता में सरगुजा संभाग के अंबिकापुर, सूरजपुर, बलरामपुर, जशपुर और कोरिया जिलों की कुल 42 टीमें हिस्सा ले रही हैं। प्रतियोगिता 2 अक्टूबर से शुरू होकर करीब एक महीने तक चलेगी। आयोजन समिति के अनुसार खिलाडिय़ों को लगातार प्रतिस्पर्धी मुकाबले खेलने का अवसर मिलेगा। उद्घाटन कार्यक्रम में पर्यटन मंत्री राजेश अग्रवाल, छत्तीसगढ़ हाउसिंग बोर्ड अध्यक्ष अनुराग सिंहदेव, छत्तीसगढ़ राज्य आयोग अध्यक्ष विश्व विजय सिंह तोमर, महापौर मंजूषा भगत, सीतापुर विधायक रामकुमार टोप्पो, नगर निगम सभापति हरमिंदर सिंह टिन्नी सहित आयोजन समिति के अध्यक्ष व लुंड्रा विधायक प्रबोध मिंज, भाजपा जिलाध्यक्ष भारत सिंह सिसोदिया और आयोजन समिति के पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे।
आज होंगे दो मुकाबले
प्रतियोगिता में शनिवार को दो मैच खेले जाएंगे। पहला मुकाबला एफसी कांतिप्रकाशपुर और एफसी धरमपुर के बीच तथा दूसरा मैच जमदरा लखनपुर और न्यू एकेडमी सोहगा के मध्य होगा।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur