Breaking News

नई दिल्ली@मुंबई में कॉकरोच जनता पार्टी का प्रदर्शन

Share


टीशर्ट पर गांधी की फोटो,कॉकरोच पार्टी बोली…मुंबई सिर्फ ट्रेलर,फाइनल दिल्ली में होगा


नई दिल्ली,02 अक्टूबर 2026। कॉकरोच जनता पार्टी ने शुक्रवार को मुंबई के शिवाजी पार्क में मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे के लिए प्रदर्शन किया। इस दौरान स्टेज पर मौजूद सभी लोग गांधी जी की फोटो वाली टी-शर्ट पहनकर पहुंचे। इससे पहले कॉकरोच जनता पार्टी ने 19 जून से 25 जुलाई तक दिल्ली के जंतर-मंतर पर धर्मेंद्र प्रधान (पूर्व शिक्षा मंत्री) के इस्तीफे की मांग को लेकर प्रदर्शन किया था। 36 दिन के विरोध के बाद प्रधान ने इस्तीफा दे दिया था। कॉकरोच जनता पार्टी के फाउंडर अभिजीत दीपके ने कहा- जब भारत के प्रधानमंत्री अमेरिका जाते हैं, तब भी वहां कहा जाता है कि ये गांधी के देश से आए हैं। गांधी देश की आत्मा हैं, आंबेडकर रीढ़ की हड्डी और नेहरू दिमाग हैं। कॉकरोच जनता पार्टी ने यह भी कहा कि मुंबई पुलिस ने हमारा प्रदर्शन शांतिपूर्ण होने दिया। मुंबई तो सिर्फ ट्रेलर है, जो करना है कर लो, फाइनल तो हम जंतर-मंतर पर ही खेलेंगे।
सौरव की दिल्ली पुलिस को चेतावनी- सुधर जाओ : मुंबई में विरोध प्रदर्शन के दौरान कॉकरोच जनता पार्टी नेता सौरव दास ने कहा कि दिल्ली पुलिस ने फिर से बर्बरता की है, सुधर जाओ वरना हम तुम्हें सुधार देंगे।
शबाना आजमी बोलीं- हमारा वोट हमारी आवाज है : कॉकरोच जनता पार्टी के विरोध प्रदर्शन में अभिनेत्री शबाना आजमी ने कहा, ‘आप सभी का हार्दिक स्वागत है। चूंकि मैं मुंबई से हूं, इसलिए आप सभी को इतनी बड़ी संख्या में यहां देखकर मुझे अपार खुशी हो रही है। हमारा वोट हमारा अधिकार है, हमारी आवाज है। जब मतदाता सूची से हमारे नाम हटा दिए जाएं, तो हम क्या करेंगे?’’
प्रदर्शनकारी बोला- ज्ञानेश कुमार को पद पर रहने का अधिकार नहीं : एक प्रदर्शनकारी ने कहा कि देश भर में हर कोई इसके बारे में जानता है। ज्ञानेश कुमार को इस्तीफा दे देना चाहिए। वह इतना बड़ा गद्दार, इतना अक्षम और इतना बेईमान है कि उसे इस पद पर बने रहने का कोई अधिकार नहीं है।
कॉकरोच जनता पार्टी ने कहा…दिल्ली पुलिस भूल गई कि वो जनता की पुलिस
प्रदर्शन के दौरान कॉकरोच जनता पार्टी ने कहा कि मुंबई पुलिस ने हमारा प्रदर्शन शांतिपूर्ण होने दिया। लेकिन दिल्ली पुलिस भूल गई है कि वो जनता की पुलिस है, भाजपा की पुलिस नहीं। तो उन्हें हम कहना चाहेंगे कि मुंबई तो सिर्फ ट्रेलर है, जो करना है कर लो, फाइनल तो हम जंतर-मंतर पर ही खेलेंगे।
कॉकरोच जनता पार्टी बोली…13 करोड़ लोगों का नाम वोटर लिस्ट से कटा
कॉकरोच जनता पार्टी के प्रवक्ता आशुतोष रांका ने कहा…पीएम की दुकान जो पिछले इतने सालों से चल रही है, वह दुकान चलाने वाला मास्टरमाइंड है ज्ञानेश कुमार। पिछले कुछ दिनों में इन्होंने 13 करोड़ लोगों को वोटर लिस्ट से हटा दिया है। जब हम कुछ नहीं थे तब इस देश में हर आदमी को वोटिंग का अधिकार मिला था। अमेरिका जैसे देश को भी 200 साल लगे थे हर नागरिक को वोटिंग का अधिकार देने में।
विशाल भारद्वाज बोले…मैं समर्थन देने आया हूं
सीजेपी विरोध प्रदर्शन में,अभिनेता विशाल भारद्वाज ने कहा,‘मुझे नहीं पता कि किसी के साथ कुछ हुआ है या नहीं। मैं यहां केवल अपना समर्थन देने आया हूं। क्या बॉलीवुड को भी इस मुद्दे का समर्थन करना चाहिए, यह एक व्यक्तिगत मामला है। मैं बॉलीवुड का हिस्सा हूं।
प्रदर्शनकारियों का शिवसेना भवन से शिवाजी पार्क तक मार्च
सीजेपी विरोध प्रदर्शन के लिए बड़ी संख्या में प्रदर्शनकारियों ने शिवसेना भवन से शिवाजी पार्क तक मार्च किया।
नौजवान वोट चोरी के खिलाफ सड़कों पर हैं : राहुल गांधी
राहुल गांधी ने एक्स पर पोस्ट कर कहा कि हजारों नौजवान वोट चोरी के खिलाफ अपने संवैधानिक अधिकार के साथ शांतिपूर्वक सड़कों पर हैं। उनकी मांग साफ है कि ज्ञानेश कुमार इस्तीफा दें और लोकतंत्र बचे।
बीजेपी ‘एक देश,एक पार्टी’ चाहती है : दीपके
मुंबई में चल रहे प्रदर्शन के बीच अभिजीत ने आरोप लगाया कि ‘एक देश, एक चुनाव’ सिर्फ एक नारा है। दरअसल,बीजेपी ‘एक देश, एक पार्टी’ चाहती है। मुंबई के शिवाजी पार्क में प्रदर्शन के दौरान अभिजीत दीपके ने कहा कि गांधी कभी खत्म नहीं होंगे, कोई महामानव आएगा कहेगा कि हम नॉन-बायोलॉजिकल हैं। वो लोग आएंगे और कहेंगे कि हम विश्वगुरु हैं। पर जब भारत के प्रधानमंत्री अमेरिका जाते हैं, तब भी वहां कहा जाता है कि ये गांधी के देश से आए हैं। गांधी देश की आत्मा हैं, अंबेडकर रीढ़ की हड्डी और नेहरू दिमाग हैं।

जंतर-मंतर पर ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर विपक्षी दलों का प्रदर्शन,1100 लोग हिरासत में


दिल्ली स्थित जंतर-मंतर पर शुक्रवार को मुख्य चुनाव आयुक्त (सीईसी) ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे और विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) की प्रक्रिया रोकने को लेकर विरोध प्रदर्शन जारी है। इस प्रदर्शन में वामपंथी दलों,कांग्रेस,आम आदमी पार्टी (आआप)सहित कई संगठन के लोग यहां धरने पर बैठे हैं। पुलिस ने कई लोगों को हिरासत में लिया। इनमें आम आदमी पार्टी (आआपा) के कई नेता शामिल हैं। छात्र संगठनों ने आज (दो अक्टूबर) गांधी जयंती के दिन दिल्ली के जंतर-मंतर पर प्रदर्शन का ऐलान किया था। यह मांग चुनाव आयोग के कामकाज और मतदाता सूचियों से जुड़े मामलों को संभालने के तरीके को लेकर की जा रही है। पुलिस का कहना है कि प्रदर्शन के लिए अनुमति नहीं दी गई थी। इसके बावजूद सामाजिक कार्यकर्ताओं और छात्र संगठनों ऑल इंडिया स्टूडेंट्स एसोसिएशन (आइसा), स्टूडेंट्स फेडरेशन ऑफ इंडिया (एसएफ़आई),एनएसयूआई और डेमोक्रेटिक यूथ फेडरेशन ऑफ इंडिया (डीवाईएफ़आई) ने इस प्रदर्शन का आह्वान किया है। इसलिए इस इलाके में निषेधाज्ञा लागू होने के कारण बिना अनुमति भीड़ जुटने से रोकने के लिए यह कार्रवाई की गई। प्रदर्शन के आह्वान के चलते जंतर-मंतर और आसपास के इलाकों में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया था। आज सुबह से ही दिल्ली भर में करीब 11 मेट्रो स्टेशनों को बंद किया गया है। ये वे मेट्रो स्टेशन हैं जहां से जंतर मंतर तक जाना आसान होता है। वहीं कई जगहों पर पुलिस ने बैरिकेट भी लगा रखे हैं ताकि किसी अप्रिय घटना होने से रोका जा सके। इस प्रदर्शन के मद्देनजर इलाके में इंटरनेट भी बंद रखा गया है।


Share

Check Also

अमरावती@महाराष्ट्र के अमरावती में ट्रक-पिकअप वैन की टक्कर,7 मौतें

Share अमरावती,02 अक्टूबर 2026। महाराष्ट्र के अमरावती जिले में समृद्धि हाईवे पर शुक्रवार को भीषण …

Leave a Reply