-संवाददाता-
लखनपुर,01 अक्टूबर 2026 (घटती-घटना)। आम नागरिकों को सरकारी योजनाओं और सेवाओं का लाभ आसानी से उपलब्ध कराने के उद्देश्य से गुरुवार को नगर पंचायत लखनपुर परिसर में ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत संकल्प शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में विभिन्न विभागों ने स्टॉल लगाकर लोगों को योजनाओं की जानकारी देने के साथ पात्र हितग्राहियों को मौके पर ही लाभ पहुंचाया। कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ शासन के मंत्री राजेश अग्रवाल मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। कार्यक्रम की अध्यक्षता नगर पंचायत अध्यक्ष श्रीमती सावित्री दिनेश साहू ने की। शिविर में प्रधानमंत्री आवास योजना,राशन कार्ड,पेंशन, परिवार सहायता,राजस्व,स्वास्थ्य विभाग, आयुष्मान कार्ड,विद्युत विभाग, कृषि विभाग,आधार सेवा केंद्र और उज्ज्वला योजना सहित विभिन्न विभागों के स्टॉल लगाए गए। इसका उद्देश्य आम लोगों को अलग-अलग कार्यालयों के चक्कर लगाने के बजाय एक ही स्थान पर आवश्यक सेवाएं और योजनाओं की जानकारी उपलब्ध कराना रहा।
हितग्राहियों को मिला योजनाओं का लाभ : शिविर के दौरान प्रधानमंत्री आवास योजना-2.0 के पात्र हितग्राहियों को स्वीकृति प्रमाण पत्र प्रदान किए गए। इसके साथ ही पात्र लोगों को आयुष्मान कार्ड भी वितरित किए गए। स्वच्छता के क्षेत्र में कार्य करने वाली 16 स्वच्छता दीदियों को सुरक्षा उपकरण प्रदान कर शॉल-श्रीफल से सम्मानित किया गया। वहीं नगर पंचायत क्षेत्र की 15 मितानिन बहनों तथा नगर पंचायत के 17 सफाई कर्मचारियों को भी शॉल-श्रीफल देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में भाजपा जिला अध्यक्ष भारत सिंह सिसोदिया, जिला महामंत्री विनोद हर्ष, अन्य जनप्रतिनिधि,नगर पंचायत पार्षद, तहसीलदार,मुख्य नगर पालिका अधिकारी,अधिकारी-कर्मचारी, स्वच्छता दीदियां, मितानिन बहनें, सफाई कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में नागरिक मौजूद रहे। संकल्प शिविर का मुख्य संदेश यही रहा कि सरकारी योजनाओं का लाभ पात्र व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए प्रशासन और विभागों को नागरिकों के करीब लाया जाए।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur