Breaking News

सूरजपुर@ट्रक पलटा तो गड्ढे में छिपा दिया 238 किलो गांजा,चालक गिरफ्तार

Share


घाट पेंडारी में पुलिस ने 1.19 करोड़ का गांजा किया जब्त,प्लास्टिक दाने की बोरियों के बीच ओडिशा से यूपी ले जा रहा था खेप


-संवाददाता-
सूरजपुर,01 अक्टूबर 2026 (घटती-घटना)। नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ चल रही कार्रवाई के बीच चंदौरा पुलिस ने घाट पेंडारी में 238 किलो 290 ग्राम गांजा बरामद किया है। जब्त गांजे की कीमत करीब 1 करोड़ 19 लाख रुपए बताई जा रही है। पुलिस ने मामले में ट्रक चालक सुनील कुमार सिंह (32) को गिरफ्तार किया है। उसके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(बी) के तहत अपराध दर्ज किया गया है। पुलिस को 30 सितंबर को मुखबिर से सूचना मिली कि घाट पेंडारी में ट्रक क्रमांक यूपी 13 टी-5497 पलट गया है। ट्रक को क्रेन से उठवाने के बाद चालक द्वारा मौके पर बिखरे प्लास्टिक दाने की बोरियों को समेटा जा रहा है। सूचना में यह भी बताया गया कि कुछ सामान को सडक से कुछ दूरी पर गड्ढे में रखकर तिरपाल से ढंका गया है और वहां किसी को जाने नहीं दिया जा रहा है। सूचना पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची। वहां क्षतिग्रस्त ट्रक और आसपास प्लास्टिक दाने की बोरियां मिलीं। ट्रक चालक और अन्य लोग मौके पर नहीं थे। संदेह के आधार पर पुलिस ने आसपास तलाशी ली तो गड्ढे में तिरपाल से ढंककर रखी 9 बोरियां मिलीं। जांच करने पर इनमें गांजा भरा मिला।
प्लास्टिक दाने की 19 बोरियां भी जब्त : पुलिस ने गांजे के साथ ट्रक और उसमें लदी प्लास्टिक दाने की 19 बड़ी बोरियां भी जब्त की हैं। पूछताछ में गिरफ्तार चालक सुनील कुमार सिंह ने पुलिस को बताया कि वह ओडिशा से प्लास्टिक दाने के साथ गांजा लेकर उत्तर प्रदेश जा रहा था।
ट्रक पलटा तो खेप छिपा दी : पुलिस के अनुसार आरोपी ट्रक को अलीगढ़ निवासी अपने साथी के नाम पर पंजीकृत बताता है और साझेदारी में चलाता था। उसने बताया कि हाथरस निवासी एक चालक के माध्यम से ट्रक में गांजा लोड कराया गया था और वह खेप लेकर लखनऊ जा रहा था। 29 सितंबर को घाट पेंडारी में ट्रक पलटने के बाद गांजे की बोरियों को निकालकर गड्ढे में छिपाया गया था। कार्रवाई में थाना प्रभारी लक्ष्मण सिंह धुर्वे, प्रधान आरक्षक शैलेष सिंह, भगवत दयाल पैकरा सहित पुलिस टीम शामिल रही। मामले में पुलिस आगे की विवेचना कर रही है।


Share

Check Also

सूरजपुर/शिवप्रसादनगर@ शिवप्रसादनगर में भ्रष्टाचार का ‘कॉन्फिडेंस’ हाई! ‘खबर छापो, शिकायत करो…कुछ नहीं होगा’ का भरोसा आखिर किसके दम पर?

Share खबर छापो, शिकायत करो…हम देख लेंगे! शिवप्रसादनगर में कथित ‘कॉन्फिडेंस’ ने सहकारिता पर ही …

Leave a Reply