Breaking News

अम्बिकापुर@ कृषि विज्ञान केंद्र सरगुजा को मिला ‘बेस्ट केवीके अवार्ड’,राष्ट्रीय स्तर पर बढ़ा सरगुजा का मान

Share


भोपाल में आयोजित ‘फार्म एन फूड कृषि सम्मान अवार्ड’ में कृषि विज्ञान केंद्र सरगुजा सम्मानित
सरगुजा की मशरूम उत्पादक कृषक श्रीमती सुरबिल दास को ‘बेस्ट फीमेल फार्मर’ और श्री अम्बिकेश्वर राजवाड़े को ‘बेस्ट मधुमक्खी पालक कृषक’ का सम्मान
-संवाददाता-
अम्बिकापुर,01 अक्टूबर 2026 (घटती-घटना)।
कृषि के क्षेत्र में नवाचार,उन्नत तकनीकों के प्रसार और किसानों को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में किए जा रहे प्रयासों के लिए कृषि विज्ञान केंद्र सरगुजा को ‘बेस्ट केवीके अवार्ड’ से सम्मानित किया गया है। मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल स्थित आईसीएआर-सीआईएई संस्थान में 30 सितम्बर को दिल्ली प्रेस की कृषि पत्रिका ‘फार्म एन फूड’ द्वारा आयोजित ‘राज्य स्तरीय फार्म एन फूड कृषि सम्मान अवार्ड’ समारोह में कृषि विज्ञान केंद्र सरगुजा को यह सम्मान प्रदान किया गया। केंद्र की ओर से वैज्ञानिक श्री सूर्य प्रकाश गुप्ता ने पुरस्कार ग्रहण किया। कार्यक्रम में मध्य प्रदेश एवं छत्तीसगढ़ के 300 से अधिक किसान और कृषि वैज्ञानिक शामिल हुए। कृषि में नवाचार, तकनीक के उपयोग और विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय कार्य करने वाले लगभग 40 किसानों,कृषि वैज्ञानिकों,फार्मर प्रोड्यूसर ऑर्गेनाइजेशन तथा कृषि विज्ञान केंद्रों को अलग-अलग श्रेणियों में सम्मानित किया गया।
100 से अधिक नामांकनों में चयन, चार सदस्यीय जूरी ने किया मूल्यांकन : विभिन्न पुरस्कार श्रेणियों के लिए मध्य प्रदेश एवं छत्तीसगढ़ के कृषि विज्ञान केंद्रों और कृषि संस्थानों की अनुशंसा सहित 100 से अधिक नामांकन प्राप्त हुए थे। प्राप्त नामांकनों का चार सदस्यीय जूरी द्वारा मूल्यांकन किया गया, जिसके बाद विभिन्न श्रेणियों में उत्कृष्ट कार्यों के आधार पर पुरस्कार के लिए चयन किया गया। इसी क्रम में कृषि विज्ञान केंद्र सरगुजा को ‘बेस्ट केवीके अवार्ड’ से सम्मानित किया गया।
सरगुजा के किसानों ने भी बढ़ाया मान : सम्मान समारोह में सरगुजा जिले के किसानों की उपलब्धियों को भी विशेष पहचान मिली। जिले की मशरूम उत्पादक कृषक श्रीमती सुरबिल दास को ‘बेस्ट फीमेल फार्मर’ अवार्ड तथा श्री अम्बिकेश्वर राजवाड़े को ‘बेस्ट मधुमक्खी पालक कृषक’ अवार्ड से सम्मानित किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि मध्य प्रदेश शासन के उद्यान विज्ञान एवं खाद्य प्रसंस्करण मंत्री श्री नारायण सिंह कुशवाहा एवं विशिष्ट अतिथि कौशल विकास एवं रोजगार राज्यमंत्री श्री गौतम टेटवाल ने पुरस्कार प्रदान किए। कृषि विज्ञान केंद्र के साथ जिले के दो कृषकों को अलग-अलग श्रेणियों में मिले सम्मान से कृषि क्षेत्र में सरगुजा में किए जा रहे नवाचारों और किसानों की सक्रिय भागीदारी को पहचान मिली है।
किसानों की आय बढ़ाने और कृषि को लाभकारी बनाने की दिशा में निरंतर प्रयास : डॉ. संदीप शर्मा
कृषि विज्ञान केंद्र सरगुजा के वरिष्ठ वैज्ञानिक एवं प्रमुख डॉ. संदीप शर्मा ने सम्मान मिलने पर कहा कि केंद्र किसानों की आय में वृद्धि, उन्नत कृषि तकनीकों के प्रसार, प्राकृतिक एवं टिकाऊ खेती, फसल विविधीकरण, मूल्य संवर्धन तथा कृषि उद्यमिता को बढ़ावा देने के लिए निरंतर कार्य कर रहा है। किसानों तक नवीन कृषि तकनीकों और वैज्ञानिक जानकारी को पहुंचाकर खेती को अधिक लाभकारी बनाने की दिशा में लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि यह पुरस्कार केवल कृषि विज्ञान केंद्र का सम्मान नहीं, बल्कि केंद्र के वैज्ञानिकों, कर्मचारियों, कृषक मित्रों और उन सभी किसानों के परिश्रम का सम्मान है, जिन्होंने वैज्ञानिक तकनीकों को अपनाकर कृषि एवं ग्रामीण विकास में महत्वपूर्ण योगदान दिया है।
सम्मान के साथ बढ़ी जिम्मेदारी,किसानों तक और प्रभावी ढंग से पहुंचाएंगे नवीन तकनीक
डॉ. शर्मा ने कहा कि यह सम्मान कृषि विज्ञान केंद्र के लिए नई प्रेरणा के साथ जिम्मेदारी भी लेकर आया है। केंद्र का प्रयास रहेगा कि नवीनतम कृषि तकनीकों और वैज्ञानिक जानकारियों को किसानों तक और अधिक प्रभावी ढंग से पहुंचाया जाए तथा खेती को लाभकारी और आत्मनिर्भर बनाने में किसानों को निरंतर तकनीकी सहयोग दिया जाए। उन्होंने ‘बेस्ट केवीके अवार्ड’ की उपलब्धि का श्रेय इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय रायपुर के कुलपति डॉ. गिरीश चंदेल एवं निदेशक विस्तार डॉ. एस.एस. टुटेजा के निर्देशन एवं मार्गदर्शन के साथ कृषि विज्ञान केंद्र की पूरी टीम और सरगुजा जिले के कृषकों को दिया।


Share

Check Also

सूरजपुर/शिवप्रसादनगर@ शिवप्रसादनगर में भ्रष्टाचार का ‘कॉन्फिडेंस’ हाई! ‘खबर छापो, शिकायत करो…कुछ नहीं होगा’ का भरोसा आखिर किसके दम पर?

Share खबर छापो, शिकायत करो…हम देख लेंगे! शिवप्रसादनगर में कथित ‘कॉन्फिडेंस’ ने सहकारिता पर ही …

Leave a Reply