Breaking News

लखनपुर@ केवरी में बाहर से शराब पीकर आए 16 लोगों पर कार्रवाई,45 हजार जुर्माना ग्राम सभा के निर्णय के बाद 1 सितंबर से पूर्ण शराबबंदी

Share


-संवाददाता-
लखनपुर,30 सितम्बर 2026 (घटती-घटना)।
सरगुजा जिले के लखनपुर विकासखंड का ग्राम केवरी इन दिनों नशामुक्ति की पहल को लेकर चर्चा में है। गांव को नशामुक्त बनाने के लिए ग्राम सभा में शराब बनाने,बेचने और सेवन पर पूर्ण प्रतिबंध लगाने का निर्णय लिया गया है। निर्णय के बाद पंचायत स्तर पर कार्रवाई भी शुरू कर दी गई है। ग्राम सभा में 20 अगस्त को नशामुक्त गांव बनाने का निर्णय लिया गया था। इसके बाद करीब पखवाड़ेभर तक ग्रामीणों के बीच जागरूकता अभियान चलाया गया। ग्रामीणों को शराब और अन्य नशे के दुष्परिणामों की जानकारी दी गई। इसके बाद 1 सितंबर से गांव में पूर्ण शराबबंदी लागू कर दी गई। शराबबंदी के बाद गांव में शराब पीकर आने वाले लोगों पर भी पंचायत ने कार्रवाई शुरू की है। अब तक बाहर से शराब पीकर गांव में आने वाले 16 लोगों पर कार्रवाई करते हुए पंचायत द्वारा कुल 45 हजार रुपए का आर्थिक जुर्माना वसूला गया है। पंचायत की इस कार्रवाई के बाद ग्रामीणों में भी नशे के खिलाफ जागरूकता बढ़ी है। ग्रामीणों के अनुसार, पूर्व में जागरूकता के अभाव में गांव की बड़ी आबादी शराब और अन्य नशे का सेवन करती थी।
गांव में अवैध शराब के कारोबार की शिकायतें भी सामने आती थीं। इसके दुष्प्रभाव से युवा और बच्चे भी नशे की ओर बढ़ रहे थे। ग्रामीणों का कहना है कि नशे के कारण गांव में आपराधिक गतिविधियों की स्थिति भी बन रही थी। इसी को देखते हुए सरपंच के नेतृत्व में ग्रामीणों ने गांव को नशामुक्त बनाने की मुहिम शुरू की है। ग्रामीणों ने सरगुजा कलेक्टर अजीत वसंत, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सहित अन्य अधिकारियों को ज्ञापन सौंपकर ग्राम केवरी को नशामुक्त गांव घोषित करने की मांग की है। ग्रामीणों का कहना है कि शराबबंदी को प्रभावी बनाए रखने के लिए पंचायत और ग्रामीण मिलकर लगातार निगरानी करेंगे।


Share

Check Also

मनेन्द्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर@ बिल में सीट कवर,गाड़ी में नहीं…जांच आई तो सीट कवर भी आ गया!

Share पहली जांच में खुली परत,दूसरी जांच में ‘कवर’ डालने की कवायद? रक्षित केंद्र में …

Leave a Reply