Breaking News

अम्बिकापुर@गौरव पथ पर खड़ी बसों पर पुलिस की कार्रवाई,हटाए गए अव्यवस्थित वाहन

Share

-संवाददाता-
अम्बिकापुर,30 सितम्बर 2026 (घटती-घटना)। शहर की बिगड़ती यातायात व्यवस्था और गौरव पथ पर सड़क किनारे अनाधिकृत रूप से खड़े वाहनों के कारण लगने वाले जाम को लेकर सरगुजा पुलिस ने बुधवार को बड़ी कार्रवाई की। डीआईजी एवं एसएसपी सरगुजा राजेश अग्रवाल के निर्देशन में यातायात पुलिस, परिवहन विभाग और बस स्टैंड सहायता केंद्र की संयुक्त टीम ने गौरव पथ का औचक निरीक्षण कर सड़क पर खड़ी बसों व अन्य वाहनों को हटवाया। अंबिकापुर बस स्टैंड के समीप गौरव पथ पर कई बसें और अन्य चारपहिया वाहन सड़क किनारे तथा नो-पार्किंग क्षेत्र में खड़े पाए गए थे। इन वाहनों के कारण मार्ग पर आवागमन प्रभावित हो रहा था। स्थिति को देखते हुए संयुक्त टीम ने मौके पर पहुंचकर तत्काल कार्रवाई की और सड़क पर खड़े वाहनों को हटवाकर मार्ग को आवागमन के लिए सुगम कराया। कार्रवाई के दौरान वाहन चालकों और बस संचालकों को स्पष्ट चेतावनी दी गई कि मुख्य मार्ग अथवा गौरव पथ पर वाहन खड़ा कर यातायात बाधित करने की स्थिति में आगामी दिनों में वैधानिक एवं चालानी कार्रवाई की जाएगी। बस चालकों को बसों को निर्धारित बस स्टैंड परिसर में ही खड़ा करने के निर्देश भी दिए गए। पुलिस के अनुसार शहर के व्यस्त इलाकों में यातायात बाधित करने वाले अव्यवस्थित वाहनों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा। पुलिस एवं प्रशासन का उद्देश्य मुख्य मार्गों पर यातायात को सुगम बनाने के साथ आम नागरिकों को जाम और अव्यवस्था से राहत दिलाना है। संयुक्त कार्रवाई में यातायात शाखा प्रभारी उप निरीक्षक विजय कैवर्त्य, परिवहन विभाग के उप निरीक्षक ए.टी. द्विवेदी, बस स्टैंड सहायता केंद्र प्रभारी सहायक उप निरीक्षक संदीप सिंह सहित अन्य अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।
सरगुजा पुलिस ने वाहन चालकों और बस संचालकों से अपील की है कि यातायात व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करें और अपने वाहनों को निर्धारित पार्किंग स्थल पर ही खड़ा करें।


Share

Check Also

मनेन्द्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर@ बिल में सीट कवर,गाड़ी में नहीं…जांच आई तो सीट कवर भी आ गया!

Share पहली जांच में खुली परत,दूसरी जांच में ‘कवर’ डालने की कवायद? रक्षित केंद्र में …

Leave a Reply