Breaking News

अम्बिकापुर@पेंशन बंद होने से बुजुर्ग पूर्व प्राध्यापकों के सामने बढ़ी परेशानी

Share


अनुदानित महाविद्यालयों के पेंशनभोगियों ने किया धरना-प्रदर्शन

-संवाददाता-
अम्बिकापुर,30 सितम्बर 2026 (घटती-घटना)। विद्यार्थियों का भविष्य संवारने में जीवन के 30 से 40 वर्ष बिताने वाले अनुदानित अशासकीय महाविद्यालयों के सेवानिवृत्त प्राध्यापक और कर्मचारी अब पेंशन के लिए आंदोलन कर रहे हैं। पेंशन बंद किए जाने के विरोध में बुधवार को पेंशनभोगियों ने होली क्रॉस कॉलेज परिसर में एकदिवसीय धरना-प्रदर्शन किया। इसके बाद कलेक्टर के माध्यम से राज्यपाल और प्रधानमंत्री के नाम ज्ञापन भेजकर पेंशन बहाल करने सहित अन्य मांगें रखीं। छत्तीसगढ़ अनुदान प्राप्त शिक्षक संघ के अनुसार प्रदेश के अनुदानित अशासकीय महाविद्यालयों के 400 से अधिक सेवानिवृत्त प्राध्यापक और कर्मचारी पेंशन बंद होने से प्रभावित हैं। जुलाई और अगस्त की पेंशन नहीं मिलने से कई बुजुर्ग पेंशनभोगियों के सामने दवा,इलाज और रोजमर्रा के खर्च की व्यवस्था करना मुश्किल हो गया है। संघ का कहना है कि राज्य सरकार के 1 सितंबर 2026 के आदेश के बाद सेवानिवृत्त प्राध्यापकों और कर्मचारियों की पेंशन प्रभावित हुई है। वहीं 11 सितंबर के आदेश से कार्यरत प्राध्यापकों और कर्मचारियों की पेंशन व ग्रेच्युटी की पात्रता समाप्त किए जाने का दावा भी संघ ने किया है।
37 साल से मिल रहा था लाभ : आंदोलनकारियों के अनुसार अनुदानित महाविद्यालयों के कर्मचारियों को करीब 37 वर्षों से पेंशन और ग्रेच्युटी का लाभ मिलता रहा है। वर्ष 2010 में भी तत्कालीन सरकार ने इसके भुगतान को लेकर आदेश जारी किया था। ऐसे में वर्षों से चली आ रही व्यवस्था को समाप्त किए जाने से सेवानिवृत्त कर्मचारियों के सामने आर्थिक संकट खड़ा हो गया है। संघ ने बताया कि 80 से अधिक प्राध्यापकों ने वेतनमान के अनुरूप पेंशन की मांग को लेकर उच्च न्यायालय में याचिकाएं दायर की थीं। न्यायालय से राहत मिलने के बाद भी भुगतान नहीं होने पर 50 से अधिक प्राध्यापकों ने अवमानना प्रकरण दायर किए हैं।
आदेश वापस लेने और बकाया भुगतान की मांग :
धरना-प्रदर्शन के बाद पेंशनभोगियों ने ज्ञापन के माध्यम से संबंधित आदेश वापस लेने, पेंशन तत्काल बहाल करने,जुलाई-अगस्त की बकाया राशि का भुगतान करने तथा न्यायालय के आदेश के अनुरूप पेंशन एवं ग्रेच्युटी का लाभ देने की मांग की। प्रदर्शन में डॉ. कल्पना गुहा,सविता राय,डॉ. उषा शुक्ला,डॉ. तृप्ति पांडे,डॉ. ममता अवस्थी,ममता लकड़ा सहित शिक्षकेतर कर्मचारी शहजादी,मरियम लियोनी खेस,विजय लकड़ा और अन्य पेंशनभोगी शामिल रहे।


Share

Check Also

मनेन्द्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर@ बिल में सीट कवर,गाड़ी में नहीं…जांच आई तो सीट कवर भी आ गया!

Share पहली जांच में खुली परत,दूसरी जांच में ‘कवर’ डालने की कवायद? रक्षित केंद्र में …

Leave a Reply