Breaking News

अम्बिकापुर@एक ही लोनर नहीं,अलग-अलग हाथियों का आतंक,दो जिलों में 24 घंटे में दो ग्रामीणों की मौत

Share


सूरजपुर में तीन दिन से लापता युवक का धान के खेत में मिला शव,बलरामपुर में बेटी के घर जा रहे ग्रामीण को हाथी ने कुचला

-संवाददाता-
अम्बिकापुर,30 सितम्बर 2026 (घटती-घटना)। सरगुजा संभाग में लोनर हाथियों का मूवमेंट ग्रामीणों के लिए लगातार खतरा बनता जा रहा है। सूरजपुर और बलरामपुर जिले में अलग-अलग घूम रहे लोनर हाथियों ने 24 घंटे के भीतर दो ग्रामीणों की जान ले ली। सूरजपुर के प्रतापपुर क्षेत्र में तीन दिन से लापता युवक का शव धान के खेत में कीचड़ से सना मिला,जबकि बलरामपुर के राजपुर क्षेत्र में बेटी के घर जा रहे 53 वर्षीय ग्रामीण को हाथी ने कुचल दिया। दोनों घटनाओं के बाद वन विभाग ने प्रभावित गांवों में अलर्ट जारी किया है। सूरजपुर जिले के प्रतापपुर विकास खंड अंतर्गत चंदौरा थाना क्षेत्र के ग्राम दरहोरा निवासी प्रमोद राजवाड़े तीन दिन से लापता था। परिजन उसकी तलाश कर रहे थे। बुधवार को उसका शव गांव के ही धान के खेत में कीचड़ से सना मिला। सूचना पर वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और शव को बरामद कर पीएम के लिए अस्पताल भेजा। पीएम के बाद शव परिजन को सौंप दिया गया। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार क्षेत्र में लंबे समय से घूम रहे लोनर हाथी ने युवक को कुचलकर मार डाला। वन विभाग ने परिजन को तत्काल सहायता राशि दी है।
लोनर को कॉलर आईडी लगाने की तैयारी : लगातार क्षेत्र में घूम रहे लोनर हाथी को लेकर डीएफओ ने वन मंत्री केदार कश्यप को पत्र लिखकर रेस्क्यू की मांग की है। वन मंत्री की ओर से हाथी को कॉलर आईडी लगाने पर सहमति की जानकारी दी गई है। इसके जरिए हाथी की लगातार निगरानी की जाएगी। उसे अलग रखकर मॉनिटरिंग करने की तैयारी है, ताकि उसके मूवमेंट की जानकारी समय पर मिल सके और ग्रामीणों को सुरक्षित किया जा सके।
बलरामपुर में बेटी के घर जाते ग्रामीण को कुचला : दूसरी घटना बलरामपुर जिले के राजपुर वन परिक्षेत्र की है। ग्राम परसवाकला के बडख़ापारा निवासी सुटरूंग कौशिक (53) मंगलवार शाम करीब 7 बजे अपनी बेटी के ससुराल जा रहे थे। बताया गया कि महान नदी पार करने के बाद उनका सामना लोनर दंतैल हाथी से हो गया। हाथी ने उन्हें कुचलकर मार डाला। घटना के बाद हाथी ग्राम रेवतपुर के जंगल की ओर चला गया। रात होने के कारण आगे की कार्रवाई बुधवार सुबह की गई। पीएम के बाद शव परिजन को सौंप दिया गया।
परिजन को 25 हजार की तत्काल सहायता : घटना की सूचना पर राजपुर वन विभाग के एसडीओ रवि श्रीवास्तव और रेंजर अजय कुमार वर्मा मौके पर पहुंचे। मृतक की पत्नी कुलेश्वरी को 25 हजार रुपए की तत्काल सहायता राशि दी गई। वन विभाग के अनुसार मुआवजा प्रकरण तैयार होने के बाद 5 लाख 75 हजार रुपए की राशि और दी जाएगी।
ग्रामीणों को अकेले जंगल नहीं जाने की सलाह : दोनों घटनाओं के बाद वन विभाग ने आसपास के गांवों में अलर्ट जारी किया है। ग्रामीणों से कहा गया है कि वे अकेले जंगल की ओर न जाएं और हाथियों की मौजूदगी की जानकारी मिलने पर सुरक्षित स्थान पर रहें। वन अमला लोनर हाथियों की गतिविधियों पर नजर रख रहा है।


Share

Check Also

मनेन्द्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर@ बिल में सीट कवर,गाड़ी में नहीं…जांच आई तो सीट कवर भी आ गया!

Share पहली जांच में खुली परत,दूसरी जांच में ‘कवर’ डालने की कवायद? रक्षित केंद्र में …

Leave a Reply