इंफाल,30 सितम्बर 2026। मणिपुर के बिष्णुपुर पुलिस और सुरक्षा बलों ने खुफिया जानकारी के आधार पर बुधवार को भारी मात्रा में हथियार एवं गोला-बारूद बरामद करने के साथ ही एक वाहन को गिरफ्तार किया है। जबकि, एक महिला के खिलाफ अश्लील एवं अपमानजनक टिप्पणी करने वाले को भी गिरफ्तार किया है। मणिपुर पुलिस मुख्यालय द्वारा दी गयी जानकारी के अनुसार,खोरदक इलाके और उसके आस-पास हथियार और अन्य सामान छिपाकर रखे जाने की जानकारी मिलने पर, बिष्णुपुर जिला पुलिस और सुरक्षा बलों की एक संयुक्त टीम ने आज घेराबंदी और तलाशी अभियान चलाया। अभियान के दौरान केइबुल लमजाओ पुलिस स्टेशन के तहत फॉरेस्ट बीट ऑफिस के पास खोरदक पैटन से भारी मात्रा में हथियार एवं गोला-बारूद बरामद किया गया। बरामद सामानों में मुख्य रूप से एक एमपी-5 हथियार मैगज़ीन के साथ (देसी),दो लाथोड गन (देसी),चार 36 हैंड ग्रेनेड,एक ड्रोन बम (देसी),छह आईईडी,अलग-अलग हथियारों की पांच मैगज़ीन एवं अलग-अलग कैलिबर के कारतूस/राउंड और अन्य विविध सामान बरामद हुए। हालांकि,इस संबंध में किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है। पुलिस आगे की जांच जारी रखे हुए है। वहीं एक अन्य अभियान में आज लिलोंग पुलिस स्टेशन की एक टीम ने लिलोंग चाओबाक मैरेनखुन के निवासी मोहम्मद मुस्तकीम (21) नामक एक वाहन चोर को उसके घर से गिरफ़्तार किया। उसके पास से चोरी की गई एक एक्टिवा डीएलएक्स (नीले मैटेलिक रंग की, रजिस्ट्रेशन नंबर एमएन-01एएन-9328) भी बरामद की गई। यह गाड़ी नॉर्थ एओसी, इंफाल से चोरी हुई थी। इस बीच साइबर क्राइम पुलिस स्टेशन,मणिपुर ने फेसबुक पर एक महिला के खिलाफ अश्लील और अपमानजनक टिप्पणी करने के मामले में प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू की। जांच के दौरान,आरोपी पाओनम धनेश्वर (58, इंफाल ईस्ट) को गिरफ़्तार कर लिया गया है। मामले की जांच चल रही है। पुलिस ने नागरिकों को सलाह दी है कि वे सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर ऐसा कोई भी अश्लील या आपत्तिजनक कंटेंट पोस्ट या शेयर न करें जिससे किसी व्यक्ति को परेशानी हो,अपमानित होना पड़े या उनकी गरिमा और प्रतिष्ठा को नुकसान पहुंचे।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur