Breaking News

अम्बिकापुर@गांव में विवाद,नशा या जमीन झगड़े की भनक लगे तो तुरंत पुलिस को बताएं

Share


धौरपुर थाने में कोटवार सम्मेलन,साइबर ठगी से बचाने ग्रामीणों को जागरूक करने के निर्देश


-संवाददाता-
अम्बिकापुर,29 सितम्बर 2026 (घटती-घटना)। गांव में कोई बड़ा विवाद, झगड़ा, जमीन संबंधी मामला, नशे का कारोबार या संदिग्ध गतिविधि नजर आए तो पुलिस को सूचना देने में देरी न करें। गांव की सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने और आपराधिक गतिविधियों पर प्रभावी निगरानी के लिए धौरपुर थाना परिसर में ग्राम कोटवारों का सम्मेलन आयोजित किया गया। बैठक में पुलिस ने कोटवारों को गांव में होने वाली गतिविधियों की जानकारी पुलिस तक पहुंचाने और ग्रामीणों को साइबर अपराधों के प्रति जागरूक करने की जिम्मेदारी भी सौंपी। डीआईजी एवं एसएसपी सरगुजा राजेश अग्रवाल के निर्देश पर आयोजित सम्मेलन का उद्देश्य पुलिस और ग्राम कोटवारों के बीच बेहतर समन्वय कायम करना और गांवों में पुलिस का सूचना तंत्र मजबूत करना था। सरगुजा पुलिस द्वारा थाना स्तर पर नियमित रूप से कोटवार सम्मेलन आयोजित किए जा रहे हैं।
गांव की हर गतिविधि पर नजर रखने की समझाइश : बैठक में थाना प्रभारी ने कोटवारों से उनके-अपने गांव की स्थिति की जानकारी ली। गांव में आपराधिक गतिविधियों में शामिल लोगों, गुंडा-बदमाशों और निगरानी बदमाशों की मौजूदगी तथा उनकी गतिविधियों के संबंध में जानकारी जुटाई गई। पुलिस ने कोटवारों से कहा कि वे गांव में लगातार संपर्क बनाए रखें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस तक पहुंचाएं। पुलिस ने विशेष रूप से बड़े विवाद,मारपीट,दुर्घटना, जमीन विवाद और नशे से संबंधित गतिविधियों की सूचना समय पर देने को कहा। पुलिस का मानना है कि गांव में होने वाली घटनाओं की शुरुआती जानकारी मिलने से विवाद को गंभीर रूप लेने से पहले ही नियंत्रित किया जा सकता है।
साइबर ठगी को लेकर भी गांवों में जागरूकता की जिम्मेदारी : बैठक में बढ़ते साइबर अपराधों को लेकर भी कोटवारों को जानकारी दी गई। पुलिस ने ऑनलाइन ठगी,फर्जी फोन कॉल,बैंकिंग धोखाधड़ी और अन्य साइबर अपराधों के तरीकों से ग्रामीणों को सतर्क करने कहा। कोटवारों को ‘साइबर जागृति अभियान’ की जानकारी देते हुए कहा गया कि वे अपने-अपने गांव में लोगों को अनजान फोन कॉल, लिंक और ऑनलाइन लेनदेन के दौरान सावधानी बरतने के लिए जागरूक करें। पुलिस अधिकारियों ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में साइबर अपराध के प्रति जागरूकता बढ़ाने में कोटवार महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं। गांव में किसी व्यक्ति के साथ ऑनलाइन ठगी होने पर तत्काल पुलिस को सूचना देने की अपील भी की गई। सम्मेलन में थाना प्रभारी धौरपुर निरीक्षक सीआर चंद्रा, आरक्षक अभिषेक भगत, अनिल बड़ा, सुशील मिंज सहित थाना पुलिस के अधिकारी-कर्मचारी और धौरपुर थाना क्षेत्र के ग्राम कोटवार उपस्थित रहे।


Share

Check Also

रायपुर@CGPSC-घोटाला…आरोपी सोनवानी को मेकाहारा-अस्पताल में VIP ट्रीटमेंट

Share बिना हथकड़ी परिजनों से बात करते दिखे,एक प्रहरी सस्पेंड बिलासपुर-जगदलपुर के प्रहरियों पर एक्शन …

Leave a Reply