Breaking News

अम्बिकापुर@शराब पीकर बाइक-स्कूटी चलाना पड़ा महंगा,5 चालकों पर 50 हजार का जुर्माना

Share


ड्रंक एंड ड्राइव के मामलों में कोर्ट की कार्रवाई,चार प्रकरण यातायात पुलिस और एक बतौली थाने का

-संवाददाता-
अम्बिकापुर,29 सितम्बर 2026 (घटती-घटना)। शराब पीकर बाइक और स्कूटी चलाना पांच वाहन चालकों को महंगा पड़ गया। यातायात पुलिस और बतौली थाना पुलिस द्वारा पकड़े गए ड्रंक एंड ड्राइव के पांच मामलों में न्यायालय ने सभी वाहन चालकों पर 10-10 हजार रुपए का अर्थदंड लगाया।
पांचों मामलों में कुल 50 हजार रुपए का जुर्माना किया गया। पुलिस ने वाहन चालकों को चेकिंग के दौरान ब्रेथ एनालाइजर से जांचा था, जिसमें शराब के सेवन की पुष्टि हुई थी। सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने के लिए डीआईजी एवं एसएसपी सरगुजा राजेश अग्रवाल के निर्देश पर यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी अभियान के तहत यातायात पुलिस ने चार और बतौली पुलिस ने एक ड्रंक एंड ड्राइव का मामला पकड़ा।
चार मामले यातायात पुलिस ने पकड़े : यातायात पुलिस की चेकिंग के दौरान स्कूटी क्रमांक CG 15 CP 8361 के चालक सौरभ, उम्र 22 वर्ष,निवासी अग्रसेन वार्ड अंबिकापुर को रोका गया। ब्रेथ एनालाइजर से जांच में उसके शराब के नशे में वाहन चलाने की पुष्टि हुई। इसी तरह स्कूटी क्रमांक CG 30 F 2291 के चालक चंद्र प्रकाश गुप्ता, उम्र 42 वर्ष, निवासी बलरामपुर को पकड़ा गया। जांच में उसके भी शराब के नशे में वाहन चलाने की पुष्टि हुई। तीसरे मामले में मोटरसाइकिल क्रमांक CG 16 CR 4633 के चालक लाल अवधेश, निवासी लक्ष्मणगढ़ थाना उदयपुर को पकड़ा गया। वहीं चौथे मामले में स्कूटी क्रमांक CG15 DM 1069 के चालक राहुल दास,उम्र 25 वर्ष, निवासी बंगालीपारा अंबिकापुर को जांच के दौरान शराब के नशे में वाहन चलाते पाया गया।
बतौली में भी कार्रवाई : पांचवीं कार्रवाई बतौली थाना पुलिस ने की। चेकिंग के दौरान मोटरसाइकिल क्रमांक CG 15 CD 8060 के चालक अखिलेश्वर सिंह, उम्र 29 वर्ष, निवासी चिरगा बतौली को रोका गया। ब्रेथ एनालाइजर से जांच में शराब के सेवन की पुष्टि होने पर उसके खिलाफ भी कार्रवाई की गई। सभी पांच वाहन चालकों के खिलाफ धारा 185 मोटर व्हीकल एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर न्यायालय में पेश किया गया। न्यायालय ने प्रत्येक चालक पर 10 हजार रुपए का अर्थदंड लगाया। पुलिस ने कहा कि शराब पीकर वाहन चलाना न केवल यातायात नियमों का उल्लंघन है, बल्कि सड़क पर वाहन चालक के साथ अन्य लोगों की जान के लिए भी गंभीर खतरा पैदा करता है। दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए ऐसे मामलों में कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी। कार्रवाई में बतौली थाना प्रभारी निरीक्षक विवेक सेंगर,यातायात शाखा प्रभारी उप निरीक्षक विजय कैवर्त सहित पुलिस अधिकारी-कर्मचारियों की भूमिका रही।


Share

Check Also

रायपुर@CGPSC-घोटाला…आरोपी सोनवानी को मेकाहारा-अस्पताल में VIP ट्रीटमेंट

Share बिना हथकड़ी परिजनों से बात करते दिखे,एक प्रहरी सस्पेंड बिलासपुर-जगदलपुर के प्रहरियों पर एक्शन …

Leave a Reply