Breaking News

अम्बिकापुर@ स्वच्छ पाठशाला-युवा फॉर स्वच्छता के तहत विद्यार्थियों ने किया ठोस अपशिष्ट प्रबंधन केंद्र का भ्रमण

Share


अपशिष्ट प्रबंधन,कम्पोस्टिंग और घरों में चार श्रेणियों में कचरा पृथक्करण की दी गई जानकारी…
-संवाददाता-
अम्बिकापुर,29 सितम्बर 2026 (घटती-घटना)।
सेवा संकल्प एवं स्वच्छता ही सेवा अभियान के अंतर्गत मंगलवार को ‘स्वच्छ पाठशाला-युवा फॉर स्वच्छता’ गतिविधि के तहत विद्यालयीन छात्र-छात्राओं को ठोस अपशिष्ट प्रबंधन केंद्र का शैक्षणिक भ्रमण कराया गया। इस दौरान विद्यार्थियों को स्वच्छता, कचरा पृथक्करण, अपशिष्ट प्रबंधन तथा कम्पोस्टिंग की प्रक्रिया के संबंध में विस्तार से जानकारी प्रदान की गई। भ्रमण के दौरान विद्यार्थियों को बताया गया कि स्वच्छ एवं स्वस्थ शहर के निर्माण में प्रत्येक नागरिक की महत्वपूर्ण भूमिका होती है। घरों से निकलने वाले कचरे का उचित पृथक्करण और उसका वैज्ञानिक तरीके से प्रबंधन पर्यावरण संरक्षण एवं स्वच्छता के लिए आवश्यक है। विद्यार्थियों को अपने घर,विद्यालय तथा आसपास के क्षेत्रों में नियमित रूप से स्वच्छता बनाए रखने के लिए प्रेरित किया गया।
’चार श्रेणियों में कचरा पृथक्करण की दी जानकारी’ : विद्यार्थियों को घरों में उत्पन्न होने वाले कचरे को चार अलग-अलग गीला,सूखा,घरेलू हानिकारक एवं सैनिटरी कचरे को अलग-अलग श्रेणियों में पृथक कर रखने तथा निर्धारित व्यवस्था के अनुसार उसका निपटान करने के संबंध में जानकारी दी गई। साथ ही उन्हें बताया गया कि कचरे का स्रोत स्तर पर सही पृथक्करण करने से उसके पुनर्चक्रण एवं उचित प्रबंधन में आसानी होती है। इस अवसर पर विद्यार्थियों को कम्पोस्टिंग की प्रक्रिया से भी अवगत कराया गया तथा जैविक कचरे से खाद तैयार करने के महत्व की जानकारी दी गई। विद्यार्थियों से स्वच्छता के संदेश को अपने परिवार और आसपास के नागरिकों तक पहुंचाने तथा स्वच्छ शहर के निर्माण में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया गया।
कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों में कम उम्र से ही स्वच्छता के प्रति जिम्मेदारी की भावना विकसित करना तथा उन्हें स्वच्छता अभियान के सक्रिय सहभागी के रूप में प्रेरित करना रहा।


Share

Check Also

रायपुर@CGPSC-घोटाला…आरोपी सोनवानी को मेकाहारा-अस्पताल में VIP ट्रीटमेंट

Share बिना हथकड़ी परिजनों से बात करते दिखे,एक प्रहरी सस्पेंड बिलासपुर-जगदलपुर के प्रहरियों पर एक्शन …

Leave a Reply