एसीबी ने बलरामपुर-रामानुजगंज के जिला प्रबंधक को रंगे हाथों पकड़ा,अंबिकापुर निवासी से काम के एवज में मांगी थी रकम
-संवाददाता-
अम्बिकापुर,29 सितम्बर 2026 (घटती-घटना)। बलरामपुर-रामानुजगंज जिले के नागरिक आपूर्ति निगम के जिला प्रबंधक को एंटी करप्शन ब्यूरो (एसीबी) की टीम ने मंगलवार दोपहर ?22 हजार की रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया। आरोपी अधिकारी ने अंबिकापुर निवासी शिवराज सिंह से काम के एवज में रिश्वत की मांग की थी।
शिकायत के सत्यापन के बाद एसीबी ने नान कार्यालय बलरामपुर में ट्रैप की कार्रवाई की। जानकारी के अनुसार नागरिक आपूर्ति निगम के जिला प्रबंधक विद्यसागर गोपाल ने अंबिकापुर निवासी शिवराज सिंह से किसी काम के एवज में ?22 हजार की रिश्वत मांगी थी। रिश्वत की मांग से परेशान शिवराज सिंह ने इसकी शिकायत अंबिकापुर स्थित एसीबी कार्यालय में की। शिकायत का सत्यापन कराने के बाद एसीबी ने आरोपी को पकडऩे के लिए योजना तैयार की।
रकम लेते ही एसीबी ने दबोचा : मंगलवार दोपहर शिवराज सिंह केमिकल लगे ?22 हजार लेकर नान कार्यालय पहुंचा। एसीबी के निर्देश के अनुसार उसने रकम जिला प्रबंधक को दी। जैसे ही जिला प्रबंधक ने रिश्वत की रकम अपने हाथ में ली, कार्यालय के आसपास मौजूद एसीबी की टीम ने उसे रंगे हाथों पकड़ लिया।
एसीबी की टीम ने आरोपी अधिकारी के कब्जे से रिश्वत की रकम जब्त कर आवश्यक कार्रवाई की। मामले में एसीबी टीआई शरद सिंह ने बताया कि शिकायत का सत्यापन कराने के बाद ट्रैप कार्रवाई की गई है। आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की धाराओं के तहत कार्रवाई करते हुए उसे न्यायालय में पेश किया जा रहा है।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur