Breaking News

अम्बिकापुर@जलवायु संरक्षण में सरगुजा की बेटियों ने लहराया परचम

Share


राष्ट्रीय स्तर के टॉप-10 विद्यालयों में कस्तूरबा गांधी विद्यालय रजपुरीकला को दूसरा स्थान, दिल्ली में मिला सम्मान


-संवाददाता-
अम्बिकापुर,28 सितम्बर 2026 (घटती-घटना)। पर्यावरण और जलवायु संरक्षण के क्षेत्र में सरगुजा की बेटियों ने राष्ट्रीय स्तर पर जिले और छत्तीसगढ़ का नाम रोशन किया है। सेंटर फॉर एनवायरमेंट एजुकेशन एवं एचसीएल फाउंडेशन के संयुक्त तत्वावधान में संचालित जनरेशन फॉर क्लाइमेट एक्शन (जेनकैन) कार्यक्रम में कस्तूरबा गांधी बालिका आवासीय विद्यालय रजपुरीकला, लखनपुर ने राष्ट्रीय स्तर के टॉप-10 विद्यालयों में दूसरा स्थान हासिल किया है। राष्ट्रीय स्तर की जेनकैन टीम के निरीक्षण के बाद विद्यालय का चयन इस उपलब्धि के लिए किया गया। इसके बाद 26 से 28 सितंबर तक नई दिल्ली में आयोजित तीन दिवसीय राष्ट्रीय कैंप सह सम्मान समारोह में सरगुजा की टीम को सम्मानित किया गया। समारोह में जिला मिशन समन्वयक सर्वजीत पाठक, विद्यालय की अधीक्षिका अनुराधा सिंह, मेंटर शिक्षकों और छात्र लीडर्स को राष्ट्रीय पुरस्कार प्रदान किया गया। यूनेस्को क्षेत्रीय कार्यालय भारत की गायत्री तथा एचसीएल फाउंडेशन के प्रमुख डॉ. शांतनु बसु की मौजूदगी में विजेता टीम को प्रशस्ति पत्र और स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया।
जलवायु से लेकर खाद्य सुरक्षा पर किया काम
विद्यालय की छात्राओं और शिक्षकों ने जेनकैन कार्यक्रम के तहत जलवायु संरक्षण, पर्यावरण संरक्षण, विद्युत संरक्षण, परिवहन और खाद्य सुरक्षा जैसे विषयों पर विभिन्न गतिविधियां संचालित कीं। विद्यालय स्तर पर किए गए इन प्रयासों की राष्ट्रीय स्तर पर सराहना हुई, जिसके आधार पर विद्यालय को टॉप-10 में दूसरा स्थान मिला।
दीप्ति वर्मा बेस्ट शिक्षिका, वंदना बेस्ट स्टूडेंट
समारोह में देशभर से पर्यावरण विशेषज्ञों और 100 से अधिक प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया। सरगुजा की मेंटर शिक्षिका दीप्ति वर्मा को बेस्ट शिक्षिका और छात्र लीडर वंदना एक्का को बेस्ट स्टूडेंट का विशेष राष्ट्रीय पुरस्कार मिला। इसके अलावा मेंटर शिक्षिका अनुराधा सिंह तथा छात्र लीडर्स वंदना एक्का, प्रिया लकड़ा, दीपिका लकड़ा, स्वाति सिंह, अस्मिता एक्का और रागिनी सिंह कुरुम को भी उत्कृष्ट कार्य के लिए राष्ट्रीय स्तर पर सम्मानित किया गया। उपलब्धि पर शिक्षा विभाग के अधिकारियों ने छात्राओं, शिक्षकों और पूरी टीम को बधाई दी है।


Share

Check Also

रायपुर@ भूपेश बघेल की पाटन चुनाव याचिका सुप्रीम कोर्ट में स्वीकार

Share हाईकोर्ट को प्रारंभिक स्तर पर सुनवाई करने के निर्देश,पहले खारिज हुआ था आवेदनरायपुर,28 सितम्बर …

Leave a Reply