Breaking News

अम्बिकापुर@जमशेदपुर में रेस्टोरेंट में फायरिंग कर भागे चार आरोपी अंबिकापुर में पकड़े

Share


मणिपुर थाने के सामने नाकेबंदी में अर्टिगा रोककर पुलिस ने दबोचा,झारखंड पुलिस को सौंपा…वाहन जब्त

-संवाददाता-
अम्बिकापुर,28 सितम्बर 2026 (घटती-घटना)। जमशेदपुर में रेस्टोरेंट में अंधा-धुंध फायरिंग कर चार लोगों को गंभीर रूप से घायल करने के बाद फरार हुए चार आरोपियों को सरगुजा पुलिस ने अंबिकापुर में दबोच लिया। आरोपी अर्टिगा वाहन से बिलासपुर की ओर से अंबिकापुर आ रहे थे। सूचना मिलने के बाद सरगुजा पुलिस ने बिलासपुर-अंबिकापुर मार्ग पर नाकेबंदी कर वाहन की तलाश शुरू की। मणिपुर थाना पुलिस ने संदिग्ध अर्टिगा को रोककर उसमें सवार चार लोगों को हिरासत में लिया। वाहन भी जब्त कर लिया गया है। पुलिस के अनुसार 26 सितंबर को झारखंड के पूर्वी सिंहभूम जिले के सोनारी थाना क्षेत्र में मरीन ड्राइव स्थित उदिपी रेस्टोरेंट में अपराधियों ने फायरिंग की थी। अचानक हुई गोलीबारी में चार लोग गंभीर रूप से घायल हुए थे। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। मामले में सोनारी थाने में अपराध क्रमांक 80/26 के तहत बीएनएस की धाराओं 109, 111(2)(बी), 3(5), 61(2) तथा आर्म्स एक्ट की धारा 27 के तहत अपराध दर्ज किया गया था। घटना के बाद आरोपियों की तलाश के दौरान 27 सितंबर की रात सीतापुर पुलिस को सूचना मिली कि संदिग्ध अर्टिगा वाहन क्रमांक छ्व॥ 05 श्व्र 7928 से बिलासपुर की ओर से अंबिकापुर की तरफ आ रहे हैं। सूचना वरिष्ठ अधिकारियों तक पहुंचाई गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए डीआईजी एवं एसएसपी सरगुजा राजेश अग्रवाल ने तत्काल जिले के सभी थाना-चौकी प्रभारियों को अलर्ट किया और विशेष रूप से बिलासपुर-अंबिकापुर मार्ग पर कड़ी नाकेबंदी कर संदिग्ध वाहन की तलाश के निर्देश दिए। निर्देश मिलते ही मणिपुर थाना पुलिस ने थाने के सामने नाकेबंदी कर वाहनों की सघन जांच शुरू की।
इसी दौरान बताए गए नंबर का अर्टिगा वाहन वहां पहुंचा। पुलिस ने वाहन को रोककर तलाशी ली तो उसमें चार संदिग्ध व्यक्ति मिले। पूछताछ और पहचान के बाद उनकी सूचना झारखंड पुलिस के साथ साझा की गई। पुलिस के मुताबिक पकड़े गए आरोपियों की पहचान रमेश कुमार शर्मा उर्फ टीटू (50), निवासी राउरकेला, सुंदरगढ़, ओडिशा; मनोज उर्फ भन्दू सरकार (53), निवासी परसुडीह, जमशेदपुर; दीपू ओझा (35), निवासी बिरसानगर, जमशेदपुर; और शंकर मुंडा (42), निवासी सीतारामडेरा, जमशेदपुर के रूप में हुई है। पुलिस का कहना है कि पूछताछ में जमशेदपुर की फायरिंग की घटना में उनकी संलिप्तता की पुष्टि हुई। इसके बाद झारखंड पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ आगे की वैधानिक कार्रवाई की। चारों को न्यायालय में पेश कर ट्रांजिट रिमांड प्राप्त किया गया है। अब जमशेदपुर पुलिस आरोपियों से फायरिंग की घटना, वारदात के कारण और इसमें शामिल अन्य लोगों के संबंध में पूछताछ करेगी। कार्रवाई में मणिपुर थाना प्रभारी उप निरीक्षक सीपी तिवारी, सहायक उप निरीक्षक अनिल पाण्डेय,प्रधान आरक्षक छात्रपाल सिंह,रजनीकांत मिश्रा, नरेंद्र जांगड़े,आरक्षक निरंजन बड़ा,नरेश सिंह, अनिल सिंह, रामशंकर यादव एवं सैनिक ओमप्रकाश दुबे की भूमिका रही।


Share

Check Also

रायपुर@ भूपेश बघेल की पाटन चुनाव याचिका सुप्रीम कोर्ट में स्वीकार

Share हाईकोर्ट को प्रारंभिक स्तर पर सुनवाई करने के निर्देश,पहले खारिज हुआ था आवेदनरायपुर,28 सितम्बर …

Leave a Reply