-संवाददाता-
अम्बिकापुर,27 सितम्बर 2026 (घटती-घटना)। मधुमक्खियों के झुंड ने खेत में उड़द तोड़ रही महिला पर अचानक हमला कर दिया। पास खड़ा उसका 10 वर्षीय बेटा मां को बचाने के लिए दौड़ा, लेकिन मां ने उसे पास आने से रोक दिया और वहां से भाग जाने को कहा। बेटा भागकर घर पहुंचा और पिता को घटना की जानकारी दी। पत्नी को बचाने पहुंचे पति पर भी मधुमक्खियों ने हमला कर दिया। वह भी पास नहीं जा सका। बाद में ग्रामीण कंबल लेकर पहुंचे और महिला को मधुमक्खियों से बचाकर घर लाए। गंभीर हालत में उसे मेडिकल कॉलेज अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना शनिवार शाम करीब 4 बजे गांधीनगर थाना क्षेत्र के ग्राम घंघरी आसदांड़ की है। यहां रहने वाली 30 वर्षीय बिफाईया पति जयप्रसाद अपने 10 वर्षीय बेटे के साथ घर से कुछ दूरी पर खेत में उड़द तोड़ रही थी। बेटा कुछ दूरी पर खड़ा था। खेत के पास एक पेड़ पर मधुमक्खियों का छत्ता था। बताया जा रहा है कि एक बाज के छत्ते से टकराने के बाद मधुमक्खियां अचानक आक्रोशित हो गईं और खेत में काम कर रही बिफाईया पर टूट पड़ीं।
मां ने बेटे को बचाया,खुद झेलती रही हमला
मधुमक्खियों के हमले के दौरान बेटा मां को बचाने के लिए उसकी ओर बढ़ा, लेकिन बिफाईया ने उसे पास आने से रोक दिया और भागकर घर जाने को कहा। मां की बात मानकर बेटा घर पहुंचा और पिता को घटना की जानकारी दी। जयप्रसाद तत्काल खेत की ओर दौड़ा, लेकिन मधुमक्खियों ने उस पर भी हमला कर दिया। इसके बाद वह पत्नी के पास नहीं जा सका।
कंबल ओढ़ाकर ग्रामीणों ने निकाला
मधुमक्खियों के हमले की जानकारी मिलने पर ग्रामीण कंबल लेकर मौके पर पहुंचे। उन्होंने महिला को कंबल से ढंककर मधुमक्खियों से बचाया और किसी तरह उसे घर तक लाए। हमले में महिला के पूरे शरीर पर मधुमक्खियों के डंक से सूजन आ गई थी और उसकी हालत गंभीर थी। परिजन उसे तत्काल मेडिकल कॉलेज अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन जांच के बाद डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद परिवार में मातम पसरा है।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur