Breaking News

अम्बिकापुर@पहाड़ी कोरवा बसाहटों तक पहुंच रही स्वास्थ्य सेवा

Share


सात मोबाइल मेडिकल यूनिट लगा रहीं शिविर,जांच से दवा और जरूरत पर रेफरल तक की सुविधा


-संवाददाता-
अम्बिकापुर,27 सितम्बर 2026 (घटती-घटना)। दूरस्थ पहाड़ी कोरवा बसाहटों में रहने वाले लोगों तक स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाने के लिए पीएम जनमन योजना के तहत संचालित मोबाइल मेडिकल यूनिट (एमएमयू) महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं। सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत जिले में संचालित सात एमएमयू निर्धारित क्षेत्रों में पहुंचकर स्वास्थ्य शिविर लगा रही हैं। यहां लोगों को चिकित्सकीय जांच, लैब जांच, उपचार और आवश्यक दवाइयां उपलब्ध कराई जा रही हैं।
सात एमएमयू की टीम दे रही सेवाएं : पीएम जनमन कार्यक्रम के तहत जिले में सात मोबाइल मेडिकल यूनिट संचालित हैं। प्रत्येक एमएमयू में चिकित्सक, स्टाफ नर्स, लैब तकनीशियन और ड्राइवर की टीम शामिल है। टीम दूरस्थ बसाहटों में पहुंचकर लोगों की स्वास्थ्य जांच करती है और आवश्यकता के अनुसार उपचार उपलब्ध कराती है।
जांच के साथ दवाइयां भी उपलब्ध : शिविरों में मरीजों की चिकित्सकीय जांच के साथ आवश्यक लैब जांच की सुविधा भी दी जा रही है। जांच रिपोर्ट और चिकित्सकीय परामर्श के आधार पर मरीजों को जरूरी दवाइयां उपलब्ध कराई जाती हैं। इससे दूरस्थ पहाड़ी कोरवा बसाहटों में रहने वाले लोगों को प्राथमिक स्वास्थ्य सेवाओं के लिए लंबी दूरी तय करने की जरूरत कम हो रही है। स्वास्थ्य टीम मरीजों को बीमारी से बचाव और उपचार को लेकर काउंसलिंग भी देती है। जिन मरीजों को आगे की जांच अथवा उच्च स्वास्थ्य संस्था में उपचार की आवश्यकता होती है, उनके रेफरल के लिए स्वास्थ्य विभाग द्वारा समन्वय किया जाता है।
राष्ट्रीय स्वास्थ्य कार्यक्रमों में भी सहयोग : मोबाइल मेडिकल यूनिट की टीमें स्वास्थ्य शिविरों के साथ विभिन्न राष्ट्रीय स्वास्थ्य कार्यक्रमों के क्रियान्वयन में भी सहयोग कर रही हैं। नियमित रूप से दूरस्थ क्षेत्रों में पहुंचने वाली इन टीमों के माध्यम से स्वास्थ्य जांच, उपचार, दवा वितरण, काउंसलिंग और रेफरल जैसी सुविधाएं लोगों के नजदीक उपलब्ध हो रही हैं। पीएम जनमन के तहत संचालित यह पहल विशेष रूप से उन बसाहटों के लिए उपयोगी है, जहां भौगोलिक दूरी और आवागमन की कठिनाइयों के कारण स्वास्थ्य संस्थाओं तक पहुंच आसान नहीं है।


Share

Check Also

बैकुंठपुर @ न्याय चाहिए या न्यायालय से पहले फैसला? न्याय सड़क पर मिलेगा या न्यायालय में? भीड़ का दबाव फैसला नहीं हो सकता

Share एफआईआर से हाईकोर्ट तक पहुंचा मामला,फिर अदालत के फैसले से पहले सड़क पर क्यों? …

Leave a Reply