-संवाददाता-
अम्बिकापुर,26 सितम्बर 2026 (घटती-घटना)। साइबर अपराधों के बढ़ते खतरे के बीच लोगों को डिजिटल ठगी से बचाने के लिए चलाए जा रहे साइबर जागृति अभियान में सरगुजा पुलिस ने व्यापक स्तर पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए हैं। पुलिस के अनुसार 15 अगस्त से 26 सितंबर तक 43 दिनों में जिले में कुल 7,067 जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए, जिनमें 2 लाख 36 हजार 100 नागरिकों एवं विद्यार्थियों ने भाग लिया। पुलिस ने इसे सरगुजा रेंज में सर्वाधिक कार्यक्रम आयोजित करने की उपलब्धि बताया है।
पुलिस मुख्यालय रायपुर के निर्देश पर प्रदेशभर में 15 अगस्त से 2 अक्टूबर तक साइबर जागृति अभियान चलाया जा रहा है। सरगुजा में डीआईजी एवं एसएसपी राजेश अग्रवाल के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक एवं अभियान के नोडल अधिकारी रितेश चौधरी के नेतृत्व में सभी थाना-चौकी, साइबर सेल और कंट्रोल रूम की टीमों को अभियान से जोड़ा गया है।
स्कूल से हाट-बाजार तक पहुंच रही पुलिस : अभियान के तहत पुलिस की टीमें केवल थानों तक सीमित न रहकर सीधे लोगों के बीच पहुंच रही हैं। स्कूल, कॉलेज,कोचिंग संस्थान, हाट-बाजार,ग्राम पंचायत,बस स्टैंड, व्यावसायिक प्रतिष्ठान, शासकीय कार्यालयों के साथ ही नौकरी की तलाश कर रहे युवाओं और वरिष्ठ नागरिकों के बीच भी जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इन कार्यक्रमों में पुलिस अधिकारी और साइबर सेल की टीम लोगों को ऑनलाइन ठगी के बदलते तरीकों की जानकारी दे रही है। ऑनलाइन जॉब फ्रॉड, शेयर मार्केट निवेश के नाम पर ठगी,फर्जी ्रक्क्य के जरिए मोबाइल में सेंध,क्रेडिट-डेबिट कार्ड फ्रॉड,फर्जी सोशल मीडिया प्रोफाइल और अन्य डिजिटल धोखाधड़ी के तरीकों के बारे में उदाहरण और डेमो के जरिए समझाया जा रहा है।
नवाबिहान की टीम भी अभियान में सक्रिय : सरगुजा पुलिस के अनुसार जागरूकता अभियान में नवाबिहान की टीम का भी सक्रिय सहयोग मिल रहा है। पुलिस और सहयोगी टीमों द्वारा प्रतिदिन बड़ी संख्या में छोटे-बड़े कार्यक्रम आयोजित कर लोगों को साइबर अपराधों से बचाव के उपाय बताए जा रहे हैं। दूरस्थ ग्रामीण क्षेत्रों तक पहुंच बनाकर ऐसे लोगों को भी अभियान से जोड़ा जा रहा है, जो डिजिटल लेन-देन तो कर रहे हैं,लेकिन साइबर सुरक्षा के प्रति पर्याप्त जागरूक नहीं हैं।
ठगी होते ही 1930 पर करें कॉल : पुलिस ने साइबर ठगी का शिकार होने पर तत्काल कार्रवाई करने की अपील की है। किसी संदिग्ध वित्तीय लेन-देन या ऑनलाइन ठगी की स्थिति में राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर तत्काल संपर्क करने तथाcyber crime.gov.in पर शिकायत दर्ज कराने की सलाह दी गई है। पुलिस का कहना है कि समय पर शिकायत मिलने से ठगी की रकम को रोकने या वापस कराने की कार्रवाई में मदद मिल सकती है।
2 अक्टूबर तक जारी रहेगा अभियानः सरगुजा पुलिस के अनुसार साइबर जागृति अभियान 2 अक्टूबर 2026 तक लगातार जारी रहेगा। अभियान के तहत प्रत्येक सप्ताह के लिए जागरूकता कार्यक्रमों की रूपरेखा तैयार की गई है और थाना-चौकी स्तर पर अलग-अलग क्षेत्रों में कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। पुलिस का लक्ष्य अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचकर डिजिटल लेन-देन के साथ साइबर सुरक्षा को लेकर भी आमजन को जागरूक करना है।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur