नई दिल्ली,25 सितम्बर 2026। केंद्र सरकार ने पूर्वोत्तर के तीन राज्यों मणिपुर,नागालैंड और अरुणाचल प्रदेश के कुछ हिस्सों में सशस्त्र बल अधिनियम यानी अफस्पा को छह महीने के लिए बढ़ा दिया है। गृह मंत्रालय की ओर से शुक्रवार को जारी गजट अधिसूचनाओं के मुताबिक, इन इलाकों में अफस्पा 1 अक्टूबर 2026 से अगले छह महीने तक लागू रहेगा। हालांकि, सरकार इसे इससे पहले वापस ले सकती है। यह फैसला तीनों राज्यों में कानून-व्यवस्था की स्थिति की समीक्षा के बाद लिया गया है। अधिसूचनाओं में अफस्पा की धारा 3 के तहत संबंधित क्षेत्रों को ‘अशांत क्षेत्र’ घोषित किया गया है। मणिपुर में गृह मंत्रालय ने पूरे राज्य को ‘अशांत क्षेत्र’ घोषित किया है, लेकिन पांच जिलों के 13 पुलिस थाना क्षेत्रों को इसके दायरे से बाहर रखा गया है। इंफाल पश्चिम जिले में इंफाल, लांफेल, सिटी, सिंगजामेई, पटसोई और वांगोई थाना क्षेत्र को बाहर रखा गया है। वहीं, इंफाल पूर्व में पोरोमपत, हेइंगांग और इरिलबुंग थाना क्षेत्र शामिल नहीं हैं। इसके अलावा थौबल जिले में थौबल थाना, बिष्णुपुर जिले में बिष्णुपुर और नंबोल थाना तथा काकचिंग जिले में काकचिंग थाना क्षेत्र को भी अफस्पा की अधिसूचना से बाहर रखा गया है। नागालैंड में अफस्पा को नौ जिलों में अगले छह महीने के लिए बढ़ाया गया है। इनमें दीमापुर, निउलैंड, चुमौकेदिमा, मोन, किफिरे, नोकलाक, फेक, पेरेन और मेलुरी शामिल हैं। इन जिलों को अफस्पा की धारा 3 के तहत ‘अशांत क्षेत्र’ घोषित किया गया है। इसके अलावा कोहिमा,मोकोकचुंग,लोंगलेंग,वोखा और जुन्हेबोटो जिलों के 21 पुलिस थाना क्षेत्रों को भी अधिसूचना में शामिल किया गया है। अरुणाचल प्रदेश में तिरप,चांगलांग और लोंगडिंग जिलों में अफस्पा की अवधि बढ़ाई गई है।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur