भोपाल,25 सितम्बर 2026। केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने कहा कि पब्लिक ट्रांसपोर्ट को बेहतर बनाना सरकार का विजन है। देश में ट्रांसपोर्ट व्यवस्था सुधारने के लिए 5 एजेंडा तैयार किए गए हैं, जिसमें पहला क्लीन ट्रांसपोर्ट है। उन्होंने कहा कि देश के एयर पॉल्यूशन में करीब 40 प्रतिशत हिस्सेदारी ट्रांसपोर्ट सेक्टर की है, जिसकी जिम्मेदारी वे लेते हैं। उन्होंने कहा कि मध्य प्रदेश में प्रदूषण की जिम्मेदारी मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की है और प्रदूषण कम करना सरकार का लक्ष्य है। केंद्रीय मंत्री गडकरी शुक्रवार को मध्य प्रदेश में 21 साल बाद लोक परिवहन व्यवस्था के शुभारंभ अवसर पर संबोधित कर रहे थे। राजधानी भोपाल के भेल दशहरा मैदान से प्रदेश के केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने 7 शहरों के लिए 351 इंटरसिटी और इंट्रासिटी बसों को हरी झंडी दिखाई। उन्होंने कहा कि गरीबों को एसी बस में अच्छी सुविधाएं मिलनी चाहिए। डीजल बसों की तुलना में टिकट किराया 30 प्रतिशत कम होना चाहिए। उन्होंने कहा कि यह उनका सपना है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि पहले साल प्रदेश में 1,500 बसें चलाने का लक्ष्य है। बस सेवा के विस्तार के जरिए शहरों के साथ गांवों को भी जोड़ा जाएगा और 75 प्रतिशत ग्राम पंचायतों तक बस कनेक्टिविटी पहुंचाने का लक्ष्य रखा गया है। सरकार ने आगे चलकर 2031 तक 15 हजार बसों के संचालन का लक्ष्य भी तय किया है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में 5 लाख किलोमीटर से ज्यादा सड़कें बन चुकी हैं। इससे छोटे गांवों और कस्बों से आवागमन आसान हुआ है और स्कूल-कॉलेज तथा शहरों तक पहुंच भी सुगम हुई है।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur